मनोरंजन

सिनेजीवन: सनी देओल ने मां प्रकाश कौर को समर्पित की 'बटवारा 1947' और फराह खान ने 'लॉक अप' को बताया अपना ड्रीम जॉब

सनी देओल ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ''मेरी मां ही मेरा रब हैं। मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत। फराह खान ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, ''हर कोई जानता है कि मुझे रियलिटी टीवी का कितना शौक है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'बिना कट के मिला सेंसर बोर्ड से ए सर्टिफिकेट', सनी देओल ने मां प्रकाश कौर को समर्पित की 'बटवारा 1947'

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आने वाली फिल्म 'बटवारा 1947' को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता है। अब फिल्म से जुड़ा एक अपडेट सामने आया है, जिसने फैंस का ध्यान खींचा है। दरअसल, सनी देओल ने फिल्म को सेंसर बोर्ड से मिली मंजूरी की जानकारी साझा की। साथ ही अपनी मां प्रकाश कौर के लिए एक खास पोस्ट भी लिखा। अभिनेता ने फिल्म को अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित किया।

सनी देओल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म 'बटवारा 1947' को लेकर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने फिल्म को बिना किसी कट के पास कर दिया है। उन्होंने लिखा, ''हमें खुशी है कि 'बटवारा 1947' को सेंसर बोर्ड ने बिना एक भी कट के पास कर दिया है और ए सर्टिफिकेट दिया है। यह फिल्म मानवता और प्रेम के बारे में है। फिल्म को इस पार्टीशन डे (विभाजन विभीषिका स्‍मृति दिवस, 14 अगस्त) से थिएटर में देखें।''

 इसके अलावा, सनी देओल ने अपनी मां प्रकाश कौर के साथ एक खूबसूरत तस्वीर भी इंस्टाग्राम पर शेयर की। तस्वीर में सनी अपनी मां के साथ बैठे नजर आ रहे हैं और दोनों कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्ट में उन्होंने फिल्म के ट्रेलर रिलीज की डेट के बारे में खुलासा किया।

सनी देओल ने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ''मेरी मां ही मेरा रब हैं। मेरा प्यार, मेरा हौसला, मेरी ताकत। 'बटवारा 1947' मैं अपनी मां और दुनिया की हर मां को समर्पित करता हूं। फिल्म का ट्रेलर कल (28 जुलाई) आएगा।''

अब मुझे परवाह नहीं लोग क्या सोचते हैं, सही के लिए बोलना जरूरी: सानवी तलवार

अभिनेत्री सानवी तलवार इन दिनों अपनी हॉरर थ्रिलर फिल्म 'खामोश आहटें' को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। अभिनेत्री ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि पहले के मुकाबले वे आज अपनी बात को रखने में सहज महसूस करती हैं।

 अभिनेत्री से आईएएनएस ने पूछा, "आपके करियर में एक समय ऐसा भी आया था, जब आप एक निजी विवाद के कारण सुर्खियों में रहीं। उस अनुभव से आपने क्या सीखा?"

अभिनेत्री सानवी तलवार ने कहा, "मैंने अपने जीवन के अनुभवों से सीखा है कि जब आपको सही समय लगे, तभी अपनी राय रखनी चाहिए। पहले मैं सिर्फ सीमित लोगों से बातें किया करती थी, लेकिन अब समझ आता है कि जब कोई बात एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचती है, तो उसका मतलब बदल जाता है। आज मैं खुलकर अपनी बात रखने में सहज महसूस करती हूं, क्योंकि यह मेरा अपना फैसला है। अब मैं इस बात की चिंता नहीं करती कि लोग मेरे बारे में क्या सोचेंगे। अगर मुझे लगता है कि कोई बात सही है, तो मुझे उसके बारे में बोलना चाहिए।"

दरअसल, अभिनेत्री सानवी तलवार ने एक इंटरव्यू के दौरान करण कुंद्रा पर आरोप लगाते हुए बताया था कि 2015 के टीवी शो 'ये कहां आ गए हम' के सेट पर एक सीन के दौरान करण ने डायरेक्टर के एक्शन बोलने से पहले उन्हें जबरन किस किया, जिसके जवाब में सानवी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था, जिसके बाद करण ने उन्हें जोरदार थप्पड़ मारा और गाली गलौज की थी।

 कई लोगों ने सवाल उठाया कि आपने इस मुद्दे पर इतनी देर बाद क्यों बात की। उन महिलाओं के लिए आप क्या कहना चाहेंगी, जो अपनी बात कहने से झिझकती हैं?"

फराह खान ने 'लॉक अप' को बताया अपना ड्रीम जॉब, बोलीं-अब तक का सबसे बेहतरीन रियलिटी शो

फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सजा' में को-होस्ट के तौर पर नजर आ रही हैं। उन्होंने इस शो के सफर को यादगार बताया। फराह ने कहा कि इस शो को होस्ट करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। इस शो को होस्ट करना एक ड्रीम जॉब जैसा है।

फराह खान ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, ''हर कोई जानता है कि मुझे रियलिटी टीवी का कितना शौक है। इसलिए जब मैं कहती हूं कि 'लॉक अप' अब तक देखा गया सबसे बेहतरीन रियलिटी शो है, तो मैं सच में ऐसा महसूस करती हूं। यह सिर्फ मेरे होस्ट करने की वजह से नहीं है, बल्कि एक दर्शक के तौर पर भी मुझे यह शो काफी पसंद है।''

 उन्होंने कहा, ''शो को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैं जहां भी जाती हैं, लोग मुझसे 'लॉक अप' के बारे में बात करते हैं। चाहे वह इंडस्ट्री के दोस्त हों, एयरपोर्ट पर मिलने वाले लोग हों, शूटिंग के दौरान मिलने वाले लोग हों या फिर फैंस, हर कोई इस शो से जुड़ा हुआ महसूस कर रहा है। यह शो अब सिर्फ एक रियलिटी शो नहीं रह गया है, बल्कि एक बड़ा पॉप कल्चर फेनोमेनन बन चुका है।''

आयशा जुल्का: 'पहला नशा' से मिला स्टारडम फिर 'दलाल' विवाद ने बदल दी अभिनेत्री की राह

आमिर खान के साथ 'जो जीता वही सिकंदर' की अंजली हो या अक्षय कुमार के साथ 'खिलाड़ी' की नेहा, अभिनेत्री आयशा जुल्का ने अपने किरदारों से बॉलीवुड में अलग पहचान बनाई। अपने करियर के पीक में वह ऐसे विवाद से भी गुजरीं, जिसने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की सहमति और अधिकारों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। यह मामला उनकी फिल्म 'दलाल' से जुड़ा था, जिसमें आयशा ने एक फैसले पर आपत्ति जताई थी।

 आयशा ने एक के बाद एक कई सफल फिल्मों में काम किया। 'खिलाड़ी', 'बलमा', 'वक्त हमारा है', 'रंग', 'संग्राम', 'दलाल', 'चाची 420', 'मसूम' और 'होते होते प्यार हो गया' जैसी फिल्मों में उनके काम को पसंद किया गया। फिल्म 'खिलाड़ी' और 'जो जीता वही सिकंदर' के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू अवॉर्ड के लिए नामांकन भी मिला था।

साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म 'दलाल' उनके करियर की चर्चित फिल्मों में से एक रही। इस फिल्म में वह मिथुन चक्रवर्ती के साथ नजर आई थीं। हालांकि, फिल्म की रिलीज के बाद एक विवाद खड़ा हो गया। आयशा जुल्का ने आरोप लगाया था कि फिल्म में एक इंटीमेट सीन के लिए उन्हें बताए बिना बॉडी डबल का इस्तेमाल किया गया, जबकि उन्होंने पहले ही ऐसे सीन करने से मना किया था। इस मामले को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई और यह विवाद काफी चर्चा में रहा।

करण जौहर फिर लौटेंगे 'द ट्रेटर्स' के साथ, दूसरे सीजन में 21 सेलिब्रिटीज के बीच होगा दिमागी खेल का मुकाबला

रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' के पहले सीजन की सफलता के बाद अब इसका दूसरा सीजन आने वाला है, जिसे फिल्ममेकर करण जौहर दोबारा होस्ट करने वाले है। शो में इस बार भी मनोरंजन के साथ-साथ रणनीति, चाल, भरोसे और धोखे का खेल देखने को मिलेगा। मेकर्स ने ऐलान कर दिया है कि शो का दूसरा सीजन 13 अगस्त से स्ट्रीम होगा और इसमें 21 सेलिब्रिटीज ग्रैंड प्राइज और 'द ट्रेटर्स' के खिताब के लिए एक-दूसरे से मुकाबला करेंगे।

करण जौहर की होस्टिंग इस शो की सबसे खास बातों में से एक रही है। उनका अंदाज, खिलाड़ियों से बातचीत करने का तरीका और गेम को आगे बढ़ाने की शैली दर्शकों को काफी पसंद आई थी। अब दूसरे सीजन में उनकी वापसी को लेकर फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है।

'द ट्रेटर्स' के दूसरे सीजन का निर्माण धर्माटिक एंटरटेनमेंट कर रहा है। यह शो स्वतंत्र वितरक 'ऑल3मीडिया इंटरनेशनल' के साथ मिलकर तैयार किया जा रहा है। यह सीरीज आईडीटीवी के बाफ्टा और एमी अवॉर्ड जीत चुके ग्लोबल फॉर्मेट का भारतीय रूपांतरण है।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए