मनोरंजन

सिनेजीवन: 'स्लमडॉग 33 टेंपल रोड' में डिप्टी कमिश्नर बनीं तब्बू और शिल्पा शेट्टी ने शेयर किया योग का वीडियो

वीडियो की शुरुआत तब्बू के किरदार को 'पावरफुल ऑफिसर' के तौर पर पेश करने से होती है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट की। इसमें वे बद्ध मलासना करती नजर आ रही हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

'स्लमडॉग 33 टेंपल रोड' में डिप्टी कमिश्नर बनीं तब्बू, विजय सेतुपति से बोलीं- 'पहले गोली चलाते हैं, फिर बात'

साउथ सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल 'स्लमडॉग 33 टेंपल रोड' को लेकर फैंस के बीच काफी समय से उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म में विजय सेतुपति मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं और इसका निर्देशन पुरी जगन्नाथ कर रहे हैं। फिल्म को लेकर पहले ही विजय सेतुपति के लुक ने खूब ध्यान खींचा था। अब मेकर्स ने अभिनेत्री तब्बू के किरदार की झलक जारी कर दी है।

सोमवार को फिल्ममेकर्स ने सोशल मीडिया पर तब्बू के किरदार का एक खास वीडियो जारी किया, जिसे निर्देशक पुरी जगन्नाथ ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। उन्होंने तब्बू को भारतीय सिनेमा का अनमोल रत्न बताते हुए फिल्म में उनके किरदार की जानकारी दी।

वीडियो में तब्बू 'गौरी हेगड़े' के रूप में नजर आ रही हैं। उन्हें एक ऐसी महिला के तौर पर पेश किया गया है, जो निडर है, ताकतवर है और किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हटती।

वीडियो की शुरुआत तब्बू के किरदार को 'पावरफुल ऑफिसर' के तौर पर पेश करने से होती है। इसके बाद वीडियो में उनके कई एक्शन से भरपूर सीन दिखाई देते हैं। तब्बू का किरदार लोगों को धमकाता और थप्पड़ मारता नजर आता है। उनके चेहरे के हाव-भाव और बातचीत का अंदाज भी काफी सख्त है।

'चक दे! इंडिया' के 19 साल पूरे, सागरिका घाटगे ने खास पोस्ट के साथ फिल्म को किया याद

हिंदी सिनेमा में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जो रिलीज के कई साल बाद भी दर्शकों के दिल में अपनी जगह बनाए रखती हैं। इन फिल्मों में शामिल है शाहरुख खान की फिल्म 'चक दे! इंडिया' भी। महिला हॉकी टीम के संघर्ष और जीत की कहानी दिखाने वाली इस फिल्म ने दर्शकों को खेल के साथ-साथ टीम भावना, मेहनत और अपने लक्ष्य के लिए लड़ने का संदेश दिया। अब इस फिल्म को हिंदी सिनेमा में रिलीज हुए 19 साल पूरे हो गए हैं।

सोमवार को 'चक दे! इंडिया' ने अपनी रिलीज के 19 साल पूरे किए। इस खास मौके पर फिल्म में प्रीति सबरवाल का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री सागरिका घाटगे ने फिल्म को याद किया। सागरिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया, जिसमें शाहरुख खान के साथ फिल्म के दूसरे कलाकार भी नजर आ रहे हैं। पोस्टर पर लिखा, 'चक दे! इंडिया के 19 साल पूरे होने का जश्न।'

 इस पोस्ट के जरिए अभिनेत्री ने फिल्म से जुड़ी अपनी यादों को एक बार फिर दर्शकों के साथ साझा किया।

सागरिका घाटगे के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि 'चक दे! इंडिया' से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म में उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी प्रीति सबरवाल की भूमिका निभाई थी। इस किरदार के जरिए उन्हें दर्शकों के बीच काफी पहचान मिली। फिल्म की रिलीज के बाद उनकी एक्टिंग और किरदार की भी काफी चर्चा हुई थी।

शिल्पा शेट्टी ने शेयर किया योग का वीडियो, कहा-आसान लगे तो करके दिखाइए

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी हेल्दी लाइफस्टाइल को काफी जोर देती है और सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को भी इसे अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती रहती हैं। सोमवार को अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए अपने एक बार फिर योगा के प्रति मोटिवेट करने की कोशिश की।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट की। इसमें वे बद्ध मलासना करती नजर आ रही हैं। वीडियो अभिनेत्री शांति से फोकस करते हुए बद्ध मलासना कर रही हैं।

वीडियो पोस्ट कर शिल्पा ने लिखा, "अगर ये करने में मुश्किल लग रहा है तो समझो आपका शरीर आपसे कुछ कहना चाह रहा है और अगर आसान लग रहा है तो करके देखो, क्योंकि ये आसान नहीं है।

उन्होंने आगे लिखा, "अब बारी है अपनी सैक्रोइलियक जोड़, पैल्विक की मांसपेशियों, घुटनों और टखनों की फ्लैक्सिबिलिटी बढ़ाने की। चलो देखते हैं कि कितने लोग ये चैलेंज कर पाते हैं।"

सोशल मीडिया से परेशान कुणाल कपूर बोले-'हर बार इससे दूर होने पर ज्यादा गुस्सा और नकारात्मकता महसूस होती है'

आज के दौर में सोशल मीडिया ने लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और खबरों से अपडेट रखने का काम आसान किया है लेकिन इसके कुछ दूसरे पहलू भी हैं। लगातार एक जैसी नकारात्मक खबरें, बहस और विवाद देखने से लोगों के मूड और सोच पर असर पड़ने की बात अक्सर सामने आती रही है। अब बॉलीवुड अभिनेता कुणाल कपूर ने भी सोशल मीडिया को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं और बताया है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर समय बिताने के बाद वह खुद को किस तरह महसूस करते हैं। 

कुणाल कपूर ने सोशल मीडिया को लेकर खुलकर अपनी बात रखी है। अभिनेता ने कहा कि जब भी वह सोशल मीडिया इस्तेमाल करने के बाद उससे बाहर निकलते हैं, तो उन्हें लगता है कि वह पहले से ज्यादा गुस्से में, विचलित और नकारात्मक हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के एल्गोरिदम को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि यह लोगों के दुनिया को देखने के नजरिए को धीरे-धीरे प्रभावित कर सकता है।

कुणाल कपूर ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ''जब भी मैं सोशल मीडिया से दूर होता हूं, तो खुद को ज्यादा गुस्से में, विचलित और निंदक महसूस करता हूं। यह जानना जरूरी है कि आप सोशल मीडिया पर किन लोगों को फॉलो कर रहे हैं। यह आपके दिमाग के 'एडिटोरियल बोर्ड' की तरह काम करता है। अगर आप सावधान नहीं हैं, तो एल्गोरिदम सबसे खराब और निराशाजनक चीजों को सामने लाकर आपके दुनिया को देखने के नजरिए को उसी हिसाब से बना सकता है।''

पर्सनल लाइफ पर अफवाह फैलाने वालों पर अमृता खानविलकर हुईं सख्त, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

सोशल मीडिया पर पिछले कुछ समय से एक्ट्रेस अमृता खानविलकर और उनके पति व एक्टर हिमांशु मल्होत्रा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई खबरें सामने आ रही थीं, जिसमें दावा किया जा रहा था कि दोनों काफी समय से अलग रह रहे हैं। अब अमृता ने इन खबरों पर सख्त कदम उठाने का फैसला किया है।

 अमृता की ओर से उनकी लीगल टीम ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया, ''कुछ ऑनलाइन, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर एक्ट्रेस की निजी जिंदगी को लेकर ऐसी खबरें और बातें शेयर की जा रही हैं, जो बेबुनियाद, मानहानि वाली और उनकी निजता का उल्लंघन करने वाली हैं। हर व्यक्ति को अपनी बात रखने की आजादी है, लेकिन इस आजादी का गलत इस्तेमाल करके अमृता के बारे में अफवाह, बिना पुष्टि की गई जानकारी, गलत आरोप या भ्रामक बातें फैलाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।''

 अमृता और हिमांशु की पहली मुलाकात साल 2004 में टीवी शो 'इंडियाज बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज' के सेट पर हुई थी। मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती हुई और धीरे-धीरे उनका रिश्ता प्यार में बदल गया। कई साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने जनवरी 2015 में शादी कर ली थी।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • 'विपक्षी एकता तोड़ने में सफल नहीं होगी सरकार, हमारी दोनों मांगों पर समझौता नहीं होगा', कांग्रेस का BJP पर हमला

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: संसद में जोरदार हंगामा, गृहमंत्री सदन में आओ के लगे नारे, रिजिजू बोले- शाह जवाब देने को तैयार, लोकसभा स्थगित

  • ,
  • आरजी कर रेप-मर्डर केस: CBI ने महिला कर्मचारी का मोबाइल किया जब्त, पीड़िता के परिवार को दी थी घटना की जानकारी

  • ,
  • वेणुगोपाल ने लोकसभा स्पीकर को लिखा पत्र, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर अमित शाह से सदन में जवाब देने की मांग

  • ,
  • राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टली, अगले हफ्ते होगी सुनवाई