
पाटन के हरिज में रैली करने के बाद राहुल गांधी गुजरात के वडनगर में सभा कर रहे हैं। वडनगर पीएम मोदी का गृह स्थान है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, 4 बजे तक सभी विधानसभाओं के मतदान प्रतिशत को मिलाकर औसतन 60 फीसदी मतदान हुए हैं। मतदान प्रतिशत को लेकर अंतिम आंकड़े 7 बजे तक आएंगे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात के पाटन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर जवाबी हमला किया है। राहुल गांधी ने पाटन के हरीज में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी से पूछा कि क्या मोदी जी उन दलितों और पाटीदारों के घर गए जिनके लड़कों को मारा पीटा गया था। पीएम मोदी ने इस साल आई बाढ़ के समय राज्य के कांग्रेस नेताओं पर जनता की अनदेखी करते हुए राज्य से बाहर जाकर मौज मस्ती करने का आरोप लगाया था।
गुजरात चुनाव के पहले चरण में कई जगहों पर ईवीएम में खराबी को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है। इसपर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस गुजरात में हार से पहले ईवीएम का बहाना कर रही है।
गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों में गड़बड़ी की शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने कई स्थानों पर मशीनें बदल दिया है। इसकी जानकारी देते हुए आयोग की ओर से बताया गया कि चुनाव कार्य में लगाई गईं 24,689 वीवीपैट मशीनों में से करीब 470 वीवीपैच मशीनें बदल दी गई हैं। वहीं शिकायत मिलने पर 26,865 ईवीएम मशीनों में से करीब 100 मशीनों को बदला गया है। आयोग ने बताया कि 24,689 कंट्रोल यूनिट में से भी लगभग 94 को शिकायत मिलने के बाद बदल दिया गया है।
गुजरात विधानसभा के लिए प्रथम चरण का मतदान जारी है। कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि राज्य में पार्टी की सरकार आने पर बदहाल किसानों की अनदेखी नहीं की जाएगी। कांग्रेस ने कहा कि किसान के हित में नीतियां लागू की जाएंगी, जिसकी शुरुआत कर्जी माफी से होगी।
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में दोपहर 3 बजे तक 55 प्रतिशत वोटिंग की खबर है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। उम्मीद की जा रही है कि मतदान प्रतिशत काफी ऊपर जाएगा।
गुजराचत विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए बुजुर्गों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई बूथों पर बुजुर्ग अपना वोट डालने बड़ी संख्या में नजर आए।
गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बीच कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर अपना 11वां सवाल दागा है। राहुल ने ट्वीट कर मोदी से गुजरात में शिक्षा व्यवस्था की हालत पर सवाल पूछा। उन्होंने पूछा, “राज्य के 80% इंजीनियर बेकार बैठे हैं। टाटा नैनो जुमला साबित हुआ, नौकरी मांगने वालों को मिलती है गोली। युवा के भविष्य की लगा दी आपने बोली।” राहुल ने शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर पूछा, “बेची शिक्षा, बेची परीक्षा, स्कूल-कॉलेज बन गए दुकान शिक्षा केंद्रों का मोदीजी क्यों बेच दिया ईमान।”
पोरबंदर में ईवीएम के ब्लूटूथ से जुड़े होने की शिकायत पर चुनाव आयोग के इंजीनियर एस आनंद ने कहा कि आप अपने डिवाइस का जो भी नाम रखेंगे आपके मोबाइल की स्क्रीन पर वही दिखेगा।
पहले चरण के लिए जारी वोटिंग में 12 बजे तक 31% मतदान होने की खबर है। वहीं जामनगर में 12 बजे तक 27.56% मतदान हुआ है। सभी सीटों पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोग सुबह से ही लाइन में लगे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 09 Dec 2017, 2:56 PM IST