देश

प्लास्टिक पर भाषण दे रहे डीएम को टोक आशा बहू ने दिखाया आईना, शर्मिंदा कलेक्टर ने मंच पर बुलाकर सराहा

अचानक एक आशा बहू द्वारा बीच भाषण में टोके जाने से असहज जिलाधिकारी कुछ देर तक तो बेजुबान बने रहे, लेकिन उसके बाद उन्होंने महिला को मंच पर बुलाया और कहा कि वह इस महिला की हिम्मत को दाद देते हैं। कम से कम इसने एक जिलाधिकारी को टोकने की हिम्मत दिखाई।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

उत्तर प्रदेश में बांदा के जिलाधिकारी को उस समय शर्मसार होना पड़ा, जब आशा बहुओं के सम्मेलन में एक आशा बहू ने खचाखच भरे सभागार में प्लास्टिक के थैले बांटे जाने पर सवाल खड़ा कर दिया। यह घटना मंगलवार को बांदा के राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में घटी। यहां स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशा बहुओं का सम्मेलन आयोजित किया गया था।

सम्मेलन में बांदा के जिलाधिकारी हीरालाल अपने संबोधन में महिलाओं से प्लास्टिक की थैली या उससे बनी अन्य वस्तुओं का उपयोग नहीं करने की अपील कर रहे थे। इसी बीच अमारा गांव की आशा बहू शकुंतला ने सम्मेलन में ही विभाग की तरफ से बांटे गए प्लास्टिक के थैले को लहराते हुए उनसे सवाल दाग दिया कि जब प्लास्टिक से परहेज करना है तो फिर आपने यहां प्लास्टिक के थैले क्यों बंटवाए हैं?

अचानक एक आशा बहू की ओर से किए गए इस सवाल से असहज जिलाधिकारी कुछ देर तक बेजुबान बने रहे। लेकिन उसके बाद उन्होंने महिला को मंच पर बुलाया और कहा, "मैं इस महिला की हिम्मत को दाद देता हूं। कम से कम इसने एक जिलाधिकारी को टोकने की हिम्मत दिखाई।" जिलाधिकारी ने वहां मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को दोबारा से जूट के थैले बंटवाने के निर्देश दिए। बाद में जिलाधिकारी हीरालाल ने मीडिया से कहा कि कम से कम महिलाएं अब इतना तो सशक्त हो ही गई हैं कि जिलाधिकारी से भी सवाल कर सकती हैं और उन्हें टोंक सकती हैं।

कार्यक्रम समापन के बाद डीएम को खचाखच भरे सभागार में शर्मसार करने वाली आशा बहू शकुंतला भी मीडिया से मुखातिब हुईं और एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जब जिलाधिकारी प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतया बंद करने की बात कह रहे थे, तब अपने हाथ में प्लास्टिक का थैला देख अचानक उनको जिलाधिकारी को टोकने की हिम्मत आ गई थी।

हालांकि, आशा बहू शकुंतला ने ये भी कहा कि अब उन्हें डर लग रहा है कि कहीं उनके इस तरह से टोकने से खिसिया कर जिलाधिकारी उन्हें बर्खास्त न करवा दें।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बंगाल उपचुनावः चुनाव आयोग से ममता और ऋतब्रत गुट को झटका, TMC के नाम और चुनाव चिह्न के इस्तेमाल पर रोक, मांगा विकल्प

  • ,
  • इंडिगो ने घरेलू उड़ान में कई सेवाओं के शुल्क बढ़ाए, शिशु यात्रा से लेकर अतिरिक्त सामान तक जेब पर बढ़ेगा बोझ

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: 30 गेंद में 100 रन... अभिषेक शर्मा ने सबसे तेज शतक जड़कर रचा नया इतिहास, एक साथ टूटे कई रिकॉर्ड

  • ,
  • अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 30 गेंदों में शतक ठोक रचा इतिहास, बने भारत के सबसे तेज शतकवीर, कई रिकॉर्ड ध्वस्त!

  • ,
  • टाटा संस ने चंद्रशेखरन को तीसरी बार चेयरमैन बनाने को मंजूरी दी, टाटा ट्रस्ट ने किया विरोध, बताया अवैध