देश

आंध्र प्रदेश के सीएम जगन मोहन रेड्डी के मंत्रिमंडल में होंगे पांच उप मुख्यमंत्री, सब अलग-अलग समुदायों के 

वाईएसआरसीपी प्रमुख ने विधायक दल की बैठक में कहा कि वह 25 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि इसमें से आधे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के होंगे।

फोटो: आईएएनएस
फोटो: आईएएनएस 

आंध्र प्रदेश के वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी सरकार में पांच उप मुख्यमंत्री होंगे। मुख्यमंत्री जगन मोहन ने शुक्रवार को ऐलान किया कि उनके मंत्रिमंडल में पांच उप मुख्यमंत्री होंगे। आंध्र प्रदेश के सीएम ने अपने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों को संबोधित करने के दौरान इसकी घोषणा की। रेड्डी ने यह घोषणा मंत्रिमंडल विस्तार से एक दिन पहले की है। शनिवार को मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।

जगन रेड्डी ने 30 मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके उप मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और कापू समुदायों से होंगे। पार्टी सूत्रों ने कहा कि इस कदम का मकसद प्रमुख सामाजिक समूहों को उचित प्रतिनिधित्व देना है।

यह राज्य में अब तक सबसे ज्यादा उप मुख्यमंत्रियों की संख्या होगी। जगन रेड्डी के पूर्ववर्ती एन.चंद्रबाबू नायडू के मंत्रिमंडल में दो उप मुख्यमंत्री थे।

वाईएसआरसीपी प्रमुख ने विधायक दल की बैठक में कहा कि वह 25 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे। उन्होंने घोषणा की कि इसमें से आधे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नए मंत्रियों को मौका देने के लिए ढाई साल बाद कैबिनेट में फेरबदल होगा।

मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह वेलागपुडी राज्य सचिवालय के निकट शनिवार को सुबह 11.49 बजे होगा। राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन मंत्रियों को पद की शपथ दिलाएंगे।

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 07 Jun 2019, 4:00 PM IST