
जम्मू-कश्मीर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने ब्लॉक विकास परिषद (बीडीसी) चुनाव पर कहा कि दोपहर 1 बजे तक के रिपोर्ट के अनुसार हमें कुल मतदान प्रतिशत 98.3% था। श्रीनगर में सबसे अधिक मतदान 100%, सबसे कम पुलवामा और शोपियां में- क्रमशः 86% और 85% में हुआ था।
बिहार में विधानसभा उपचुनाव के नतीजें आने के बाद सीएम नीतीश कुमार को बड़ा झटका लगा है। यहां जेडीयू-बीजेपी गठबंधन को सिर्फ एक सीट पर जीत मिली है। पांच सीटों पर हुए उपचुनाव में आरजेडी समेत अन्य दलों को चार सीटों पर जीत हासिल हुई है। आरजेडी को 2, एआईएमआईएम को 1 और निर्दलीय को 1 सीट पर जीत मिली है।
जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने शुक्रवार को कहा कि बिहार विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की करारी हार 'जनता की बददुआ' के कारण हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनता की बददुआ ने हराया है। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि देश की जनता ने चुनावों के नतीजों से बता दिया कि हर मर्ज की एक दवा नहीं होती। पप्पू यादव ने कहा, “लव जिहाद, 370, फर्जी राष्ट्रवाद और धार्मिक उन्माद देश की आम जनता का मुद्दा नहीं है।”
महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते पीएम मोदी ने कहा कि दिवाली से पहले ही महाराष्ट्र और हरियाणा की जनता ने बीजेपी के प्रति जो विश्वास जताया है, उसका मै उनका अभिनंदन करता हूं।
बिहार विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। 5 में से आरजेडी को 2, जेडीयू को 1, AIMEM को 1 और एक पर निर्दलीय को जीत मिली है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के गंगोह विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव के काउंटिंग में धांधली का आरोप लगाया है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि, “BJP इतने अहंकार में है कि गंगोह में हमारे जीतते हुए प्रत्याशी को काउंटिंग सेंटर से निकालकर उनका मंत्री जनता का निर्णय बदलने के प्रयास में है। DM को पांच-पांच बार फोन पर लीड कम करवाने के आदेश आ रहे थे। यह लोकतंत्र का सरासर अपमान है।” प्रियंका ने निर्वाचन आयोग से इस मामले की निष्पक्षता से जांच कराने की मांग की है।
पंजाब की चार सीटों पर उपचुनाव के लिए परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। कांग्रेस पार्टी ने 3 और शिरोमणि अकाली दल ने 1 सीट पर जीत दर्ज की है।
बिहार उपचुनाव में एनडीए का बुरा हाल है। आलम यह है कि पांच विधानसभा सीटों में से एनडीए का खात भी नहीं खुला है। वहीं आरजेडी के लिए अच्छी खबर है। आरजेडी ने दो सीटों पर कब्जा कर चुकी है और एक सीट पर आगे चल रही है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कहा, “मैंने ताजा रुझानों को नहीं देखा है, दोनों (हरियाणा और महाराष्ट्र) के नतीजों से वास्तव में खुश हूं। हम इस बात से भी खुश हैं कि यहां यूपी में हमारा वोट प्रतिशत बढ़ा है।”
ओडिशा की 3 सीटों में से 1-1 पर बीजेपी, बीजेडी और कांग्रेस आगे चल रही है। राजस्थान की मंडावा सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। उतर प्रदेश की लखनऊ कैंट सीट पर बीजेपी के सुरेश तिवारी ने जीत गए हैं। अलीगढ़ की इगलास सीट पर बीजेपी आगे चल रही है।
छत्तीसगढ़ की चित्रकोट सीट पर उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी ने यहां से चुनाव जीत लिया है।
बिहार विधानसभा उपचुनाव में मतगणना जारी है। आरजेडी के लिए अच्छी खबर है। पांच सीटों में से 2 सीटों पर आरजेडी आगे चल रही है। वहीं एक सीट पर जेडीयू, एक पर निर्दलीय और एक सीट पर एआईएमआईएम पर आगे है।
पुडुचेरी उपचुनाव में कामराज नगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी ए जॉन कुमार ने जीत हासिल की है। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें जीत की बधाई दी है।
केरल उपचुनाव कोनी विधानसभा सीट का नतीजा आ गया है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के प्रत्याशी के.यू. जेनिश 9953 वोटों से जीत हासिल की है। मंजेश्वर, एरनाकुलम, अरूर और वट्ट्योरकोवु सीटों पर मतगणना जारी है।
उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। ताजा रुझान के मुताबिक, बीजेपी 6, समाजवादी पार्टी 2, कांग्रेस 1, बीएसपी 1, अपना दल 1 सीटे पर आगे है।
बिहार विधानसभा उपचुनाव में मतगणना जारी है। अब तक के रुझानों के मुताबिक, एआईएमआईएम एक, जेडीयू एक, आरजेडी दो और अन्य एक सीट पर आगे हैं।
तमिलनाडु विधानसभा उपचुनाव में चेन्नई में एआईएडीएम के मुख्यालय में कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। एआईएडीएम वाला गठबंधन दो विधानसभा सीटों पर आगे चल रहा है।
बिहार विधानसभा उपचुनाव में जेडीयू 2 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रही है, आरजेडी 1 निर्वाचन क्षेत्र में और एआईएमआईएम 1 निर्वाचन क्षेत्र में आगे चल रही है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में धर्मशाला सीट पर बीजेपी उम्मीदवार विशाल नेहेरिया ने 6758 वोटों से जीत दर्ज की है।
राजस्थान की दो विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। एक सीट पर कांग्रेस और एक पर बीजेपी गठबंधन आगे है।
पंजाब की चार सीटों विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। तीन पर कांग्रेस और एक पर आकाली दल आगे चल रही है।
मध्य प्रदेश की झाबुआ विधानसभा सीट पर मतगणना जारी है। यहां से कांग्रेस आगे चल रही है।
बिहार की 5 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। जेडीयू दो, आरजेडी एक, निर्दलीय एक और एआईएमआईएम एक सीट पर आगे चल रही है।
गुजरात की राधनपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी अल्पेश ठाकोर पीछे चल रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस का साथ छोड़ बीजेपी का दामन थामा था। उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट से बीजेपी को झटका लगा है, जहां आजम खान की पत्नी 12363 वोटों से आगे चल रही हैं। अलीगढ़ की इगलास विधनासभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी राजकुमार सहयोगी 828 वोटों से आगे चल रहे हैं। गुजरात में तीन पर बीजेपी और 3 सीट पर कांग्रेस आगे चल रही है।
यूपी के प्रतापगढ़ सदर सीट से बीजेपी-अपना दल प्रत्याशी राजकुमार पाल आगे, वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दूसरे और कांग्रेस तीसरे स्थान पर चल रही है। बाराबंकी की जैदपुर सीट से समाजवादी पार्टी आगे चल रही है। सहारनपुर की गंगोह विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के इंद्रसेन, कांग्रेस के नोमान मसूद से से आगे चल रहे हैं। अलीगढ़ की इगलास विधनासभा से बीएसपी उम्मीदवार अभय कुमार बंटी पहले राउंड में बजेपी उम्मीदवार राजकुमार सहयोगी से आगे चल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश उपचुनाव में रामपुर से बीजेपी शुरुआती रुझान में बड़ा झटका लगता दिखाई दे रहा है।यहां से एसपी प्रत्याशी तंजीन फातिमा 6364 वोटों से आगे चल रही हैं। बीजेपी प्रत्याशी यहां से पीछे चल रहे हैं।
पुडुचेरी विधानसभा उपचुनाव में वोटों की गिनती जारी है। चुनाव आयोग के आधिकारिक रुझानों के अनुसार, कामराज नगर निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस आगे चल रही है।
असम के उपचुनाव में शुरुआती रुझान आ गए हैं। राज्य की 4 में 3 सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है। वहीं एक सीट पर यूआईयूडीएफ को बढ़त मिली है।
उत्तर प्रदेश उपचुनाव में मतगणना जारी है। रामपुर से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार तंजीन फातिमा आगे चल रही हैं। वहीं बीजेपी प्रत्याशी भारत भूषण गुप्ता पीछे चल रहे हैं। बाकी अन्य सीटों पर समाजवादी पार्टी और बीएसपी को बढ़त मिली है।
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर भी आप नतीजों की जानकारी ले सकते हैं। ईसीआई की आधिकारिक वेबसाइट eciresults.nic.in और eci.gov.in पर चुनाव नतीजों से जुड़ी हर अपडेट्स मिलती रहेगी।
महाराष्ट्र और हरियाणा में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के साथ आज 17 राज्यों की 51 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे। मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
उत्तर प्रदेश उपचुनाव:
उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर 21 अक्टूबर को उपचुनाव हुए थे। इनमें लखनऊ कैंट, गंगोह, रामपुर, मानिकपुर, प्रतापगढ, इगलास(सुरक्षित), गोविन्दनगर, जैदपुर(सु), जलालपुर, बलहा (एससी) और घोसी सीट शामिल हैं।
गुजरात उपचुनाव:
गुजरात की 6 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। इनमें थराद, लुणावाडा, बयाड, अमराईवाड़ी, खेरालू, और राधनपुर विधानसभा सीट शामिल हैं।
बिहार उपचुनाव:
बिहार की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। इनमें बख्तियारपुर, दरौंदा, किशनगंज, सिमरी नाथनगर और बेलहर विधानसभा सीट शामिल हैं।
असम उपचुनाव:
असम की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। इसमें सोनारी, रतबारी रंगपारा और जनिया विधानसभा सीट शामिल हैं।
इन राज्यों में भी हुए थे विधानसभा उपचुनाव:
हिमाचल प्रदेश की दो (धर्मशाला और पच्छाद), तमिलनाडु की दो (विक्रवंदी और नानगुनेरी), पंजाब की चार सीटों (फगवाड़ा, जलालाबाद, मुकेरियां और दाखा), केरल की पांच (तिरुवनंतपुरम, अरूर, कोन्नी, एर्नाकुलम और मंजेश्वरम), सिक्किम की तीन (पोकलोक कामरंग, गंगटोक और मरताम-रुमटेक), राजस्थान की दो (झुंझुनूं की मंडावा और नागौर की खींवसर) , अरूणाचल प्रदेश की खोंसा पश्चिम, मध्य प्रदेश की झाबुआ, ओडिशा में बारगढ़ जिले की बीजेपुर, छत्तीसगढ़ की चित्रकूट, पुडुचेरी की कामराजनगर, मेघालय की शेल्ला और तेलंगाना की हुजूरनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुए थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 24 Oct 2019, 6:13 AM IST