
लोकसभा की तीन और 13 राज्यों में विधानसभा की 29 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया है। असम में करीब 69 फीसदी से ज्यादा मतदान हुआ है। पोलिंग बूथों पर दिन भर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस और बीजेपी के बीच टक्कर है।
मध्य प्रदेश में शनिवार को तीन विधानसभा क्षेत्रों और लोकसभा की एक सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में मतदान जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 26,50,004 पात्र मतदाताओं में से अनुमानित 45 प्रतिशत का मतदान दर्ज किया गया।
भारी सुरक्षा उपायों और कोविड प्रोटोकॉल के बीच, असम में पांच विधानसभा सीटों पर चल रहे उपचुनाव में दोपहर 3 बजे तक 64.3 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में दोपहर 1 बजे तक का मतदान, दिनहाटा- 47.83%, शांतिपुर- 48.02%, खरदाहा- 36.70% और गोसाबा (एससी) में 52.19 फीसदी हुआ।
देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतदान जारी है। देश भर में विधान सभा की 29 सीटों के साथ-साथ लोकसभा की 3 सीटों के लिए मतदान चल रहा है। चुनाव आयोग द्वारा जारी अनुमानित आंकड़ो के मुताबिक, विधान सभा उपचुनाव की बात करें तो देश में 1 बजे तक सबसे ज्यादा मतदान असम में दर्ज किया गया है जहां 51.65 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं।
वहीं सबसे कम मतदान महाराष्ट्र में दर्ज किया गया है जहां 1 बजे तक सिर्फ 31.41 प्रतिशत मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। अन्य राज्यों की बात करें तो चुनाव आयोग द्वारा जारी अनुमानित आंकड़ो के मुताबिक 1 बजे तक पश्चिम बंगाल की 4 विधानसभा सीटों पर 45.37 प्रतिशत , हिमाचल प्रदेश की 3 विधानसभा सीटों पर 35.74 प्रतिशत , मध्य प्रदेश की 3 विधानसभा सीटों पर 45.67 प्रतिशत और मेघालय की 3 विधानसभा सीटों पर 47.94 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
चुनाव आयोग के मुताबिक , 1 बजे तक कर्नाटक की 2 सीटों पर 38.13 प्रतिशत , राजस्थान की 2 सीटों पर 40.64 प्रतिशत प्रतिशत मतदान हो चुका है। इसके अलावा आन्ध्र प्रदेश में 35.47 प्रतिशत , हरियाणा में 43.01 प्रतिशत, मिजोरम में 50.18 प्रतिशत और तेलंगाना में 45.63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। लोकसभा उपचुनाव की बात करें तो 1 बजे तक मध्य प्रदेश की खण्डवा लोकसभा सीट पर 39.08 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके हैं।
जबकि हिमाचल प्रदेश की मण्डी लोकसभा सीट पर 1 बजे तक 28.76 प्रतिशत और दादरा और नागर हवेली एवं दमन और दीव संघ राज्य क्षेत्र के दादरा और नागर हवेली लोकसभा सीट पर 39.27 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।
मध्य प्रदेश में हो रहे उपचुनाव के तहत खंडवा लोकसभा क्षेत्र में दोपहर 12 बजे तक 25.23 प्रतिशत मतदान हुआ है। प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर 31.83 प्रतिशत मतदान हुआ है। निर्वाचन विभाग ने यह जानकारी दी।
बिहार विधानसभा की दो सीटों तारापुर और कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। पहले दो घंटों में करीब पांच प्रतिशत मतदाता ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। चुनाव को लेकर लोगों में उत्साह है और मतदान केंद्रों के सामने मतदाताओं की लंबी कतार देखी जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी के मुताबिक सुबह 9 बजे तक 5.08 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है। उन्होंने बताया कि सुबह 9 बजे तक कुशेश्वरस्थान में 6.45 प्रतिशत मतदान हो चुका है जबकि तारापुर में 4 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयेाग कर चुके हैं।
मतदाता शाम के चार बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। तारापुर के नौ जबकि कुशेश्वरस्थान विधानसभा के आठ उम्मीदवारों की किस्मत आज ईवीएम में बंद हो जाएगी। प्रशासन ने चुनाव को लेकर पूरी तैयारी की हुई है। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना दो नवंबर को होगी।
कुशेश्वरस्थान के मतदाताओं के लिए जहां 310 मतदान केंद्र बनाए गए हैं वहीं तारापुर सीट के मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कुल 406 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
उपचुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जनता दल (युनाइटेड) के बीच माना जा रहा है। इस चुनाव में सत्ताधारी गठबंधन जदयू के पक्ष में एकजुट है, वहीं विपक्षी दलों के महागठबंधन में फूट पड़ गई हैे। कांग्रेस और राजद दोनों पार्टियों ने दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं।
जमुई से सांसद चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी अपने प्रत्याशी उतारे है, जिससे उपचुनाव काफी रोचक बना हुआ है। वैसे, कहा जा रहा है कि इस चुनाव परिणाम का फिलहाल सरकार पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है।
कर्नाटक के हनागल विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में लोगों मतदान किया। कर्नाटक में आज हनागल और सिंदगी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान हो रहे हैं।
मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर सुबह सात बजे से मतदान जारी है। इसमें 26 लाख से अधिक मतदाता चुनाव मैदान में 48 उम्मीदवारों के लिए वोट डालेंगे, जिनमें से 32 रैगांव, जोबट, पृथ्वीपुर विधानसभा सीटों के लिए और 16 उम्मीदवार खंडवा लोकसभा सीट के लिए लड़ रहे हैं।
जोबट (अलीराजपुर जिला) और पृथ्वीपुर (निवारी जिला) में उपचुनाव क्रमश: कांग्रेस विधायकों कलावती भूरिया और बृजेंद्र सिंह राठौर की निधन के बाद खाली हुई सीटों के लिए हो रहे हैं।
बीजेपी विधायक जुगल किशोर नागरी की आयु संबंधी जटिलताओं के कारण निधन के बाद रैगांव (सतना जिला) में उपचुनाव कराना पड़ा, जबकि खंडवा सीट भाजपा सांसद नंदकुमार चौहान की कोविड संबंधी जटिलताओं के कारण निधन के बाद खाली हुई थी।
दिलचस्प बात यह है कि तीन विधानसभा क्षेत्र राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित हैं और इसलिए बीजेपी और कांग्रेस दोनों को चुनाव प्रचार के दौरान अलग-अलग रणनीति का इस्तेमाल करना पड़ा। पृथ्वीपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अंतर्गत आता है, रैगांव बघेलखंड में और जोबट सीट मध्य प्रदेश-गुजरात सीमा क्षेत्र में है।
इस बीच, खंडवा निमाड क्षेत्र में स्थित है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 9 बजे तक दिनहाटा-11.12%, शांतिपुर-15.40%, खरदाहा-11.40% और गोसाबा (एससी) सीट पर 10.37% मतदान हुआ है।
आंध्र प्रदेश की बडवेल विधानसभा सीट पर कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान अधिकारियों के अनुसार, 281 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए सुबह 7 बजे मतदान करना शुरू किया।
कडप्पा के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र बलों सहित 2,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। मतदाताओं में कुल 2,16,139 लोग शामिल हैं जिनमें से 1,07,340 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर हैं, जो वोट डालने के पात्र हैं। सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के मौजूदा विधायक जी वेंकटसुब्बैया के निधन के कारण उपचुनाव में कुल 16 उम्मीदवार मैदान में हैं।
असम की पांच सीटों पर वोटिंग जारी है। गोसाईगांव, भवानीपुर, तमुलपुर, मरियानी और थौरा पर मतदान हो रहा है। इन पांच सीटों में से तीन पर बीजेपी ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि दो सीटों पर सहयोगी पार्टी यूपीपीएल मैदान में है। कांग्रेस ने सभी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
राजस्थान के धरियावद विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में लोगों ने मतदान किया। राजस्थान में आज धरियावद और वल्लभनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान चल रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के फतेहपुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में लोग मतदान करने पहुंचे। हिमाचल प्रदेश में आज अर्की, फतेहपुर और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में मतदान हो रहे हैं।
लोकसभा की तीन और 13 राज्यों में विधानसभा की 29 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। वहीं, पोलिंग बूथ पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस और के बीच टक्कर है।
दादरा और नगर हवेली, हिमाचल प्रदेश के मंडी और मध्य प्रदेश के खंडवा में लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है। वहीं, जिन 29 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहा है, उनमें असम में पांच, पश्चिम बंगाल में चार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश तथा मेघालय में 3-3, बिहार, राजस्थान और कर्नाटक में दो-दो जबकि आंध्र प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, मिजोरम तथा तेलंगाना की एक-एक सीट शामिल है। दो नवंबर को मतगणना होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 30 Oct 2021, 8:37 AM IST