महर्षि वेद व्यास की तपोस्थली बिलासपुर से सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने भारतीय जनता पार्टी के षडयंत्रों का एक-एक कर जवाब दिया। राज्य में सरकार गठन के बाद से ही हर रोज सत्ता में कब्जा करने के लिए साजिश बुन रही बीजेपी को चुनौती दी गई कि लड़ना है तो खुलकर मैदान में आओ। सत्ता पर कब्जा करने के लिए हर रोज सपने देख रहे जयराम ठाकुर की मंशा कभी पूरी नहीं होगी। ये सरकार पूरे 5 साल चलेगी। सरकार गिराने के लिए बाजुओं में दम होना चाहिए, जो भारतीय जनता पार्टी में नहीं है।
Published: undefined
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर जश्न के बहाने बीजेपी को जवाब देने के लिए बिलासपुर के लुहड़ू मैदान का चयन भी शायद सोच समझ कर किया गया था। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के गढ़ से राज्य सरकार के दिग्गजों ने चुन-चुन कर बीजेपी को जवाब दिया। सबसे बड़ा और तगड़ा हमला उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरे 2 साल से सरकार गिराने की कोशिश हो रही है। बीजेपी को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए बाजुओं में दम की जरूरत होती है। बीजेपी उल्टी लटक जाए, लेकिन हिमाचल की कांग्रेस सरकार गिरने वाली नहीं है। पूर्व सीएम जयराम ठाकुर को झूठों के सरदार की संज्ञा देते हुए उन्होंने चुनौती दी कि सरकार गिरा कर दिखा दो। हमारे पहले भी 40 विधायक थे और आज भी 40 विधायक हैं। विधानसभा से लेकर सुप्रीमकोर्ट तक फटकार लग चुकी है। राज्य सरकार के अधिकारियों को भी मुकेश अग्निहोत्री ने ताकीद की। चीफ सेक्रेट्री का नाम लेते हुए उन्होंने कहा कि बंद कमरों में सरकार गिरने की बात करने वाले अधिकारी समझ लें कि सरकार नहीं गिरेगी। ये सरकार ऐसे नहीं आ गई है। हिमाचल प्रदेश की जनता ने हमें समर्थन दिया है। बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि ये राहुल गांधी का घर छीन लेते हैं। आज वह लोस में नेता विरोधी दल बने बैठे हैं। थोड़ा शर्म करो। 9 विस के उप-चुनावों में भी 6 सीटें हमने जीतीं, लेकिन आज कल फिर सरकार गिराने की आवाजें सुनाई पड़ रही हैं। हिमाचल के लोगों से कहा कि इन्हें पहचानो, जिन लोगों को आपने सत्ता से बेदखल किया था। अब ये सरकार को बदनाम कर रहे हैं। मीडिया को भी चश्मा बदलने के लिए कहा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार कांग्रेस की है। ये रोज दिल्ली फैसले बदलवाने के लिए जाते हैं। हिमाचल को मिलने वाले पैसे रुकवाने के लिए जाते हैं। ये हिमाचल विरोधी लोग हैं। डिप्टी सीएम ने बीजेपी के आरोपों का एक-एक कर जवाब देना शुरू किया। उन्होंने बीजेपी को चैलेंज देते हुए कहा कि प्रदेश का एक भी कर्मचारी बता दो, जिसे वेतन या पेंशन न मिला हो। रोज-रोज की ठक-ठक लगा रखी है। यदि हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला होगा तो मैं इस्तीफा दे दूंगा नहीं जयराम ठाकुर इस्तीफा दें। ये एचआरटीसी को बदनाम कर रहे हैं। हम 1 साल में 1000 बसें खरीदने जा रहे हैं। कुछ भी हो जाए आपको हिमाचल की सत्ता नहीं मिलने वाली। हमने राज्य के कर्मचारियों को ओपीएस दी, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 2003 में बंद कर दिया था। मोदी जी कह रहे थे कि किसी भी हालत में ओपीएस नहीं दे सकते। जयराम ठाकुर कह रहे थे कि ओपीएस लेना चाहते हो चुनाव लड़ो। बीजेपी से सवाल करते हुए कहा कि हिमाचल में भर्ती परीक्षाओं के पेपर किसके समय में बिकते थे। साथ ही ऐलान किया कि एक महीने में सभी रुके हुए भर्ती परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। मुकेश ने कहा कि पूरी बीजेपी नाच रही है कि दिल्ली में हिमाचल भवन 64 करोड़ में बिक गया। चुनौती दी कि कोई हिमाचल भवन में हाथ लगाकर तो दिखाए। सरकार को बदनाम करने के लिए कभी समोसा तो कभी टायलेट टैक्स की बात करते हैं। सीएम सुक्खू तो कभी समोसा खाते नहीं न हमें खाने देते हैं। जयराम ठाकुर 24 घंटे टॉयलेट में बैठें फिर देंखें कितना बिल आता है। ये हिमाचल के होटल बिकने की बात करते हैं। आखिर ये हालत हुई किसके समय। गुटबाजी के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। इस प्रदेश को कांग्रेस के वाईएस परमार ने बनाया था। हम 2000 करोड़ से शिमला में रोप-वे बनाने जा रहे हैं, जो भारत का पहला व दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रोप-वे होगा। अगले एक से डेढ़ साल में सभी बसें इलेक्ट्रिक होंगी। बल्क ड्रग पार्क जल्द बनेगा। 300 करोड़ से हम चिंतपूर्णी मंदिर बना रहे हैं। हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने भी हिमाचल सरकार को लेकर बीजेपी के मंसूबों पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी को पता नहीं कौन सी बीमारी है कि रावण की तरह सारा राज चाहते हैं। कभी पैसे के दम पर, कभी एजेसियों के दम पर तो कभी सत्ता के दम पर हर वक्त सरकार गिराने में लगे रहते हैं। जयराम ठाकुर सुबह से शाम तक सत्ता में कब्जा करने की योजना बनाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि गलत आरोप लगाने में तो बीजेपी की पीएचडी है। विपक्ष की सरकारों को तो उनका हक भी नहीं दे रहे हैं। युक्रेन का युद्ध रुकवाने का दावा करने वाले बांग्लादेश में हिंदूओं की रक्षा नहीं कर पा रहे हैं।
Published: undefined
सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़े सधे अंदाज में बीजेपी को निशाने पर लिया। सुक्खू ने कहा कि ये जश्न नहीं है। हमने 11 दिसंबर 2022 को शपथ ली थी। 2027 में जब हिमाचल आत्मनिर्भर बनेगा जश्न तब मनाया जाएगा। जब हम प्रदेश की सत्ता पर आए थे तो हमें खजाना खाली मिला था। हालत ऐसी थी कि महीने भर का खर्च चलाने के लिए नाम मात्र का धन बचा था। खजाना खाली था और केंद्र ने हमारी खर्च की लिमिट भी सीमित कर दी। हमने फिर भी ओपीएस दी, जिससे राज्य के 1.36 लाख कर्मचारियों को फायदा मिला। हमने इतिहास की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा का सामना किया। उस वक्त के हालात बताते हुए उन्होंने कहा कि 8 अगस्त 2023 को हम कुल्लू पहुंचे। कुल्लू उस वक्त पूरी तरह कट चुका था। 48 घंटे के अंदर हमने कुल्लू को बिजली-पानी-सड़क से जोड़ा। 75000 पर्यटक फंसे हुए थे। इनमें 295 विदेशी पर्यटक चंद्रताल में फंसे थे। हालात ऐस थे कि एयरफोर्स ने भी मदद से मना कर दिया था। एक दिन की भी देरी घातक हो सकती थी। हमने एक भी पर्यटक को आंच नहीं आने दी। सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। आपदा में 22-23 हजार घर नष्ट हो गए थे। हमने अपने संशाधनों से 4500 करोड़ का आपदा पैकेज घोषित कर पीड़ितों को मदद पहुंचाई। केंद्र से रिलीफ के नाम पर आज तक एक पैसा नहीं मिला। बेसहारा बच्चों को चिल्ड्रेन ऑफ द स्टेट का दर्जा दिया। सुक्खू ने कहा कि राजनीतिक चुनौती का हमने सामना किया। राज्यसभा चुनाव में हमारे 6 विधायक बागी हो गए। जयराम ठाकुर राज्यपाल से मिलने पहुंच गए। वह हमारी सरकार गिरने का इंतजार कर रहे थे। सीएम की शपथ लेने के लिए दर्जी को कोट-पैंट का आर्डर भी दे दिया था। लेकिन हिमाचल प्रदेश की जनता और देवी-देवताओं ने हमारी सरकार को बचाया। हम व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल की ओर बढ़ रहे हैं। हम गाय का दूध 45 रुपये और भैंस का दूध 55 रुपये में खरीद कर ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को सुदृण कर रहे हैं। ऐसा करने वाला हिमाचल देश में अकेला राज्य है। हमने मनरेगा की मजदूरी 60 रुपये बढ़ाई है। किसान को सामर्थ्यवान बनाने के लिए हम प्राकृतिक तरीके से पैदा की गई मक्की 30 रुपये और गेहूं 40 रुपये प्रति किलो खरीद रहे हैं। यह करने वाला भी हिमाचल प्रदेश अकेला राज्य है। अब सेब और गेहूं का रेट हमारे यहां एक होगा। पूर्व सीएम जयराम ठाकुर पर हमला बोलते हुए सुक्खू ने कहा कि उनके वक्त नौकरियां बिकती रहीं। युवाओं के साथ धोखा होता रहा। पेपर लीक होते रहे और जयराम ठाकुर सोते रहे। हमने सही दिशा पकड़ी है। बीजेपी चाहे जितना झूठ बोल ले अंत में जीत सच की होती है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर हमला बोलते हुए कहा कि यहीं बिलासपुर में उन्होंने टॉयलेट टैक्स पर कहा था कि सुक्खू की मति मारी गई है। बीजेपी के झूठ पर हमला बोलते हुए सीएम ने कहा कि सभी एमएलए 24 घंटे टॉयलेट में रहें फिर महीने के अंत में देखें कि कितना बिल आता है। सुक्खू ने कहा कि 2032 तक हम हिमाचल प्रदेश को हिंदुस्तान का सबसे अमीर राज्य बनाएंगे। हमने 1 साल में 2200 करोड़ का अधिक राजस्व एकत्रित किया है। सुक्खू ने कहा कि पिछले 4 महीने से बीजेपी हमारे खिलाफ ईडी का प्रयोग कर रही है। गुटबाजी के आरोपों पर कहा कि हिमाचल प्रदेश में बीजेपी 5 गुटों में बंटी है। बीजेपी के सभी गुट अपनी कुर्सी बचाने के लिए अलग-अलग आंदोलन कर रहे हैं। सुक्खू ने चुटकी लेते हुए कहा कि कहीं ऐसा न हो जाए कि बीजेपी 28 विधायकों से 20 पर आ जाए और हम 40 से 48 पर पहुंच जाएं।
Published: undefined
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि बीजेपी भ्रातियां फैला रही है। जब कांग्रेस की सरकार के 2 वर्ष पूरे हो रहे हैं तब बीजेपी पूरे प्रदेश में रैलियां निकाल रही है, जो उसे शोभा नहीं देता। हिमाचल ने सदी की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदा का सामना किया, लेकिन बीजेपी के राज्य के चारों सांसदों ने केंद्र से मदद के नाम पर कुछ नहीं किया। मैं खुद दिल्ली में पीएम मोदी से मिली। पीएम से कहा कि हिमाचल को आप अपना दूसरा घर कहते हैं, लेकिन आपने अपने दूसरे घर की तरफ नजर तक नहीं डाली। हमने उनसे हिमाचल का हक मांगा। आपदा में मदद मांगी, लेकिन पीएम ने कोई मदद नहीं की। आपदा के दौरान हिमाचल में 500 लोगों की मौत हुई। हिमाचल की सरकार ने ऐसे मुश्किल वक्त में अपने दम पर लोगों की मदद की। कांग्रेस के बड़े नेता जब बीजेपी पर चुन-चुन कर हमला कर रहे थे उस वक्त पूरे हिमाचल से आए लोगों से खचाखच भरे बिलासपुर के लुहणू मैदान में लोगों का जोश भी अपने तरीके से भगवा दल को जवाब दे रहा था।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined