देश

राहुल के नेतृत्व में NDA को हराएंगे, पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत गांवों तक सीमित नहीं रहेगी: अशोक गहलोत

अशोक गहलोत ने कहा, "बीजेपी सरकार ने सामाजिक सरोकार को खत्म कर दिया। लोगों में गुस्सा था और लोग हमारी योजनाओं को याद कर रहे थे क्योंकि हमारी योजनाओं से उन्हें फायदा था। राजस्थान में कांग्रेस एकजुट थी, है और रहेगी।"

पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत गांवों तक सीमित नहीं रहेगी, राहुल के नेतृत्व में एनडीए को हराएंगे: अशोक गहलोत
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की जीत गांवों तक सीमित नहीं रहेगी, राहुल के नेतृत्व में एनडीए को हराएंगे: अशोक गहलोत  फोटो: IANS

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान पंचायत चुनाव, चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की संभावना, गांधी परिवार की विरासत और राहुल गांधी का राजनीतिक संघर्ष, वंसुधरा राजे और भजनलाल शर्मा के नेतृत्व, सोनिया गांधी की किताब को लेकर न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश।

सवालः राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत को कैसे देखते हैं?

जवाबः हमने पंचायत चुनाव से पहले एक तस्वीर दिखाई थी और वो तस्वीर कांग्रेस की एकता की थी। मैंने खुद मीडिया के लोगों को दिखाया था कि यह तस्वीर एकता की तस्वीर है। दूसरी तरफ मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी संसद के अंदर और बाहर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। वोट चोरी, महंगाई, बेरोजगारी को लेकर लगातार संघर्ष हो रहा है, रैलियां हो रही हैं। इसके बाद बाद मार्च निकला, राहुल गांधी खुद अरेस्ट हुए और इससे पूरे देश में माहौल बन गया। इसलिए राहुल गांधी ने कहा कि राजस्थान की जो गांवों की जीत है, ये राजस्थान के गांवों तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि पूरे देश के गांवों में संदेश जा चुका है। हमारी पिछली सरकार की जो योजनाएं थीं, उसको लोग याद कर रहे हैं। प्रदेश में नई सरकार बनी और इन योजनाओं को बंद कर दिया गया या कमजोर कर दिया गया और खुद कोई योजना शुरू नहीं की। भाजपा सरकार ने सामाजिक सरोकार को खत्म कर दिया। लोगों में गुस्सा था और लोग हमारी योजनाओं को याद कर रहे थे क्योंकि हमारी योजनाओं से उन्हें फायदा था। राजस्थान में कांग्रेस एकजुट थी, है और रहेगी। इसी का परिणाम है कि पंचायत चुनाव में हमें भारी जीत मिली।

सवालः पंचायत चुनाव में मिली जीत के बाद लोग चौथी बार आपको मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। इसको आप किस तरह देखते हैं?  

जवाबः चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की बात लगातार चल रही है, अगली सरकार गहलोत सरकार। कई बार हम समर्थकों को टोकते भी हैं कि इस तरीके के नारे मत लगाओ, अभी चुनाव में दो साल बाकी हैं और ये काम हाईकमान का है। ये मेरा फैसला नहीं है कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा और कौन नहीं बनेगा। हमेशा चुनाव के बाद में सीएम का फैसला होता है। चुनाव के बाद हाईकमान पर्यवेक्षक तय करके भेजती है और हाईकमान ये भी कहती है कि जनता क्या चाहती है, पब्लिक के कमेंट क्या हैं और पार्टी के हित को सर्वोपरि रखकर फिर फैसला होता है और उसमें किसी को भी कोई ऐतराज नहीं होना चाहिए। अगर मेरे पक्ष में फैसला नहीं हो, तो मुझे भी कोई एतराज नहीं होना चाहिए, ऐसी भावना सबकी होनी चाहिए। जो भी फैसला हाईकमान करे, वो हम सबको मंजूर होना चाहिए। हमारे सामने चुनौतियां हैं, देश में लोकतंत्र पर खतरा है। हम पार्टी के माध्यम से कैसे भागीदार बनें, हमारा पहला उद्देश्य यही होना चाहिए।

सवालः अगर जनता आपसे कहती है कि आपके नेतृत्व में सरकार बने, तो आपकी क्या भूमिका होगी।

जवाबः जनता की भावना को हम सब समझते हैं। जो राजनीति में हैं, वो जनता के बीच में रहने का काम करते हैं। जनता के बीच के माहौल में एक होकर हम सभी काम कर रहे हैं। हमारे लिए पहले जीत महत्वपूर्ण है। व्यक्ति के बजाय कांग्रेस की जीत कैसे हो, उसमें हम सबको मिलकर काम करना पड़ेगा। हम मानते हैं कि देश के सामने चुनौतियां हैं, जिसका मुकाबला करने में राजस्थान भागीदारी निभाएगा। मैं भरोसे के साथ कह रहा हूं कि राजस्थान देश में बदलाव करने की पहल करेगा। राजस्थान में दिसंबर 2028 में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है और 2029 में लोकसभा चुनाव होंगे। राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश से एनडीए का सफाया होगा क्योंकि लोग इनकी कार्यप्रणाली से दुखी हो गए हैं। एनडीए सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। जनता 2029 में इसका करारा जवाब देगी।

सवालः राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर भाजपा लगातार हमलावर है। इस पर आपकी क्या राय है?  

जवाबः आरएसएस और बीजेपी को पता है कि गांधी परिवार का कोई सदस्य 35 साल से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री तक नहीं बना है। इसके बाद भी इनके नाम पर पार्टी एकजुट है। सोनिया गांधी ने 20 साल से अधिक समय तक कांग्रेस को संभाला। कांग्रेस के इतिहास में सबसे ज्यादा वर्ष तक सोनिया गांधी राष्ट्रीय अध्यक्ष रहीं। दस साल तक अलग-अलग समय में पंडित नेहरू जेल में रहे। उस वक्त की जेलें और थीं जबकि आज की जेलें कुछ और हैं। हम लोग सात दिन चले जाते हैं तो कहते हैं कि हम जेल जाकर आए। हम अपने सात दिन की उपलब्धि गिनाने लगते हैं कि हम जेल होकर आए हैं। पंडित नेहरू दस साल जेल में रहकर आए लेकिन कभी इसका बखान नहीं किया। पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरु ने अपने कार्यकाल में बहुत से काम किए, जिनका आज पूरे देशवासियों को लाभ मिल रहा है। अब भाजपा के लोग उन्हीं को बदनाम करने में लगे हुए हैं। आरएसएस और भाजपा की बातों का कोई मतलब नहीं है।

सवालः सोनिया गांधी की किताब में अशोक गहोलत का जिक्र किया गया है, इस पर क्या कहना है?

जवाबः सोनिया गांधी की किताब में जो जिक्र है, वो सोच-समझ कर लिखा गया है। जो मुद्दे आए हैं, वो भी सोच-समझकर लिखे गए हैं। किताब 500 पेज की है। अब यूं तो हजार पेज की कर दी जाए क्योंकि गांधी परिवार का इतना बड़ा इतिहास रहा है। अगर इतिहास में जाएं तो सोनिया गांधी को एक-एक हजार पेज की कई किताबें लिखनी पड़ेंगी, जो संभव नहीं है।

सवालः पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और वर्तमान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल को कैसे देखते हैं?  

जवाबः पहली बार जब वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री बनी थीं, तब उनसे काफी मतभेद था। पांच साल तक बोलचाल नहीं थी। हालांकि वसुंधरा राजे और भजनलाल शर्मा के काम करने के तरीके में रात और दिन का फर्क है। वसुंधरा राजे ने अपने केंद्रीय मंत्री रहने का अनुभव भी राजस्थान की जनता को पहुंचाया। वसुंधरा राजे ने हमारे खिलाफ कैंपेन किया, चुनाव जीतीं और सरकार भी चलाई। उन्होंने ब्यूरोक्रेसी को इतना ज्यादा कंट्रोल में रखा कि कई लोग बैठक में बीमार तक पड़ जाते थे। उन्होंने अपने तरीके से शासन किया। भजनलाल शर्मा के पास अनुभव नहीं था, तो मैंने सोचा कि मैं उन्हें अपने अनुभव का लाभ दूं। आज भी मेरे मन में उनके प्रति कोई द्वेष भावना नहीं है क्योंकि वो मुख्यमंत्री हैं। गवर्नर और मुख्यमंत्री का हमेशा सम्मान करना चाहिए, हमें सिखाया जाता है। जन्मदिन और त्योहारों पर सीएम भजनलाल शर्मा से बात करता हूं।

हालांकि, राजस्थान में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। जनता कह रही है कि हमारी सुनवाई नहीं हो रही, काम नहीं हो रहा है। कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। भजनलाल शर्मा को एक मौका मिला था और उनको काम करना चाहिए था। मुख्यमंत्री शुरुआत में ही विदेश चले गए जबकि इसकी आवश्यकता नहीं थी। मुख्यमंत्री को राइजिंग राजस्थान की कोई जरूरत नहीं थीं। इसका कोई फायदा नहीं होता है। इस कार्यक्रम में से 10-15 फीसदी निवेश आता है जबकि सरकार ने इस कार्यक्रम के लिए 100 करोड़ रुपये खर्च कर दिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए