
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग के भीतर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कथित मतभेदों की खबरों के बीच बृहस्पतिवार को कहा कि संविधान के दुश्मन बेनकाब हो गए हैं और न्याय होकर रहेगा।
गांधी ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर शाम चार बजे संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर ‘वोट चोरी’ हैशटैग के साथ पोस्ट किया, ‘‘संविधान के दुश्मन बेनकाब हो गए हैं। न्याय होगा। मैं शाम चार बजे संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करूंगा।’’
राहुल गांधी ने बुधवार को कहा था कि ‘‘वोट चोरी’’ संविधान पर सीधा हमला है और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) तथा निर्वाचन आयोग ने इसे अंजाम देकर ‘देशद्रोह’ का कृत्य किया है।
दरअसल, अंग्रेजी दैनिक ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर में दावा किया गया है कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने देशभर में मतदाता सूची के एसआईआर के दौरान नाम जोड़े और हटाए जाने समेत कई मुद्दों पर आपत्तियां जताई थीं।
दूसरी तरफ, निर्वाचन आयोग ने कहा कि विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग मत होना सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है तथा उसके सभी फैसले स्थापित वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप हैं।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए