
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में कई बड़े ऐलान किए हैं। इनमें महिलाओं के लिए नि:शुल्क बस यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा, हर साल तीन मुफ्त सिलेंडर और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री विजय ने अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। अब से महिलाओं को सिर्फ सामान्य बसों में ही नहीं, बल्कि एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा अंतर-जिला बसों में भी महिलाओं को 'वेट्री पयाना थिट्टम' के तहत मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इस योजना को 2 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा।
विधानसभा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए विजय ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का भी ऐलान किया और कहा कि इसकी राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
उन्होंने परंदूर ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा परियोजना को रद्द करने की भी घोषणा की। इस हवाई अड्डा परियोजना का स्थानीय किसानों द्वारा भारी विरोध किया जा रहा था और वे अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे स्थान की तलाश कर रही है, जहां एयरपोर्ट बनने से परिवार प्रभावित न हों।
विजय ने कहा कि सरकार ने नए एयरपोर्ट के लिए कुछ वैकल्पिक जगहों की पहचान की है। साथ ही चेन्नई के मौजूदा मीनांबक्कम एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल-5 बनाने का भी ऐलान किया गया।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए