देश

होली: बुंदलेखंड में अब ‘चौकीदार’ नहीं करता होलिका दहन, दलितों के घर हुड़दंग भी नहीं होता

करीब एक दशक पूर्व तक होलिका दहन के बाद रात में गांवों के ‘लंबरदार’ (काश्तकार) अपने यहां ‘चौहाई’ (मजदूरी) करने वाले दलितों के घरों में चुपके से मरे मवेशियों की हड्डी, मल-मूत्र और गंदा पानी फेंका करते थे, इसे ‘हुड़दंग’’ कहा जाता रहा है। लेकिन अब यह दशकों पुराना गैर सामाजिक रिवाज बंद हो चुका है।

फोटो: सोशल मीडिया 
फोटो: सोशल मीडिया  

उत्तर प्रदेश के हिस्से वाले बुंदेलखंड में हर तीज-त्योहार मनाने के अलग-अलग रिवाज रहे हैं। अब होली को ही ले लीजिए। करीब एक दशक पूर्व तक होलिका दहन के बाद रात में गांवों के ‘लंबरदार’ (काश्तकार) अपने यहां ‘चौहाई’ (मजदूरी) करने वाले दलितों के घरों में चुपके से मरे मवेशियों की हड्डी, मल-मूत्र और गंदा पानी फेंका करते थे, इसे ‘हुड़दंग’’ कहा जाता रहा है। लेकिन इसे कानून की सख्ती कहें या सामाजिक जागरूकता, यह दशकों पुराना गैर सामाजिक रिवाज अब बंद हो चुका है।

होली में 'हुड़दंग' सभी से सुना होगा, लेकिन बुंदेली हुड़दंग के बारे में शायद ही सबको पता हो। एक दशक पहले तक महिला और पुरुषों की अलग-अलग टोलियों में ढोलक, मजीरा और झांज के साथ होली गीत गाते हुए होलिका तक जाते थे और गांव का चौकीदार होलिका दहन करता था। यहां खास बात यह थी कि होलिका दहन करने से पहले सभी महिलाएं लौटकर अपने घर चली आती थीं। तर्क दिया जाता था कि होलिका एक महिला थी, महिला को जिंदा जलते कोई महिला कैसे देख सकती है?

होलिका दहन के बाद शुरू होता था ‘होली का हुड़दंग’। गांव के लंबरदार (काश्तकार) मरे मवेशियों की हड्डियां, मल-मूत्र और गंदा पानी अपने साथ लाकर अपने यहां चौहाई (मजदूरी) करने वाले दलित के दरवाजे और आंगन में फेंक देते थे। सुबह दलित दंपति उसे समेट कर डलिया में भर कर और लंबरदार को भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए उनके दरवाजे में फेंक देते। दलित मनचाही बख्शीस (इनाम) मिलने के बाद ही हुड़दंग का कचरा उठाकर गांव के बाहर फेंकने जाया करते थे। दलितों को बख्शीस के तौर पर काफी कुछ मिला भी करता था।

बांदा जिले के तेंदुरा का कलुआ बताते हैं कि उनके बाबा पंचा को लंबरदार नखासी सिंह ने हुड़दंग की बक्शीस में दो बीघा खेत हमेशा के लिए दे दिया था, जिस पर वह आज भी काबिज हैं। अब वह किसी की मजदूरी नहीं करते। हालांकि हुड़दंग जैसी इस गैर सामाजिक परंपरा की कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुरजोर मुखालफत भी की और इसके खिलाफ एक अभियान चलाया। इनमें 'जल पुरुष' राजेंद्र सिंह के शिष्य सुरेश रैकवार (निवासी तेंदुरा गांव) का नाम सबसे आगे आता है।

सुरेश के मुताबिक, “हुड़दंग एक गैर सामाजिक परंपरा थी, जो मानवाधिकारों का भी उल्लंघन करती थी। तेंदुरा गांव में ही हुड़दंग का विरोध करने पर अमलोहरा रैदास को गोली मार दी गई थी, जिससे उसे अपना एक हाथ कटाना पड़ा था।”

बांदा के पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा कहते हैं, “होली का त्योहार भाईचारे का त्योहार है, प्रेम से रंग-गुलाल लगाया जा सकता है। कानून हुड़दंग (उपद्रव) करने की इजाजत नहीं देता है। अगर किसी ने भी होली की आड़ में गैर कानूनी कदम उठाया तो उसकी खैर नहीं होगी। सभी थानाध्यक्षों और गांवों में तैनात चौकीदारों को अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।”

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 20 Mar 2019, 2:33 PM IST

  • बड़ी खबर LIVE: चक्रवात Akvan का लैंडफॉल शुरू, ओडिशा-आंध्र में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश, अलर्ट मोड में प्रशासन

  • ,
  • IND vs NZ: हेनरी-फिलिप्स ने छुड़ाए भारतीय गेंदबाजों के पसीने, न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बनाए 368 रन, बुमराह ने झटके 4 विकेट

  • ,
  • सोनिया गांधी ने ग्रासा माशेल को सौंपा 2025 का इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार, साहस, करुणा और सेवा का सम्मान

  • ,
  • चक्रवाती तूफान 'अकवान' से बिहार में भी बदलेगा मौसम, भागलपुर-कटिहार में भारी बारिश का अलर्ट

  • ,
  • बिहारः निशांत को सीएम सम्राट के सुरक्षाकर्मी के धक्का देने पर विवाद, नाराज जेडीयू ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की