
देशभर में अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के ताजा अलर्ट के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ एक साथ सक्रिय हो रहे हैं, जिनका असर 7 और 8 अप्रैल को चरम पर रहेगा। इस दौरान कम से कम 12 राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है, जिससे किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
Published: undefined
मौसम विभाग के अनुसार, पहले अनुमान लगाया जा रहा था कि 6 अप्रैल के बाद मौसम साफ हो जाएगा, लेकिन अब नया सिस्टम बनने से स्थिति बदल गई है। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हो रहे दो पश्चिमी विक्षोभ 7-8 अप्रैल को असर दिखाएंगे। इसके चलते तेज हवाओं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की घटनाएं बढ़ेंगी।
दिल्ली-एनसीआर में बीते कुछ दिनों से छिटपुट बारिश जारी है। मौसम विभाग ने बताया है कि 7 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 8 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
Published: undefined
उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। कानपुर, लखनऊ और उन्नाव समेत कई जिलों में फसलें बर्बाद हुई हैं। IMD के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों तक यह सिलसिला जारी रहेगा।
7-8 अप्रैल: पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश
8-9 अप्रैल: पूर्वी यूपी में बारिश
हवाओं की रफ्तार: 60 किमी/घंटा तक
लखनऊ, बाराबंकी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, फिरोजाबाद, महोबा, झांसी, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर में सोमवार से बुधवार तक तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में भी हालात गंभीर हैं। पटना, राजगीर, पूसा, भोजपुर, बक्सर, सुपौल, औरंगाबाद, अरवल सरैया सहित कई जिलों में 8 अप्रैल तक ओले गिरने और 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी है।
Published: undefined
उत्तराखंड में अगले 72 घंटे तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी की भी संभावना है।
मालदेवता, पंतनगर, कपकोट, चमोली और रानीचौरी में बिजली गिरने के आसार हैं।
मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 8 अप्रैल को ओलावृष्टि की चेतावनी है, जबकि श्योपुर, बड़वानी, शिवपुरी, इंदौर और जबलपुर में तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजस्थान में पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि से पहले ही नुकसान हो चुका है। अब 6-7 अप्रैल को फिर से आंधी-तूफान और कहीं-कहीं ओले गिरने की चेतावनी दी गई है।
Published: undefined
झारखंड के रांची, गिरिडीह, गोड्डा और पाकुड़ में 6 से 8 अप्रैल के बीच आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं, ओडिशा के मयूरभंज और कटक में 70 किमी/घंटा तक की तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने सभी प्रभावित राज्यों में लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined