
महिलाओं के लिए सबसे खतरनाक देशों में भारत पहले नंबर पर आ गया है। द थॉमसन रिट्यूर्स फाउंडेशन द्वारा किए गए एक सर्वे के मुताबिक भारत में महिलाओं की स्थिति बेहद खराब है। वहीं आतंकवाद से प्रभावित अफगानिस्तान दूसरे और युद्धग्रस्त सीरिया तीसरे नंबर पर है। इस लिस्ट में पाकिस्तान नंबर 6 पर है, जबकि अमेरीका दसवें नंबर पर है।
इस सर्वे में महिलाओं के अधिकारों पर काम करने वाले करीब 550 विशेषज्ञ शामिल हुए थे। इन्हें 193 देशों में महिलाओं के लिए बदतर देशों में टॉप 10 की सूची बनाने के लिए कहा गया था। इस सर्वे में कई तरह से आकलन किए गए है, जिनमें महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा, घरेलू काम के लिए मानव तस्करी, मजदूरी के लिए मजबूर करना और विवाह के लिए दबाव बनाना शामिल है। सर्वे में बताया गया है कि भारत की सांस्कृतिक परंपराओं के चलते भी महिलाएं प्रभावित हुई हैं, जिसकी वजह से वह दुनिया का सबसे खतरनाक देश बना है।
2011 में हुए इस सर्वे के अनुसार अफगानिस्तान, कॉन्गो, पाकिस्तान, भारत और सोमालिया महिलाओं के लिए सबसे खतरनाक देश माने गए थे। लेकिन इस साल महिलाओं के खिलाफ हुए अपराध के मामले में भारत आगे निकल गया है। इससे यह भी पता चलता है कि 6 साल पहले हुए निर्भया कांड के भारी विरोध और प्रदर्शन के बावजूद महिलाओं की सुरक्षा के लिए भारत में अभी तक पर्याप्त काम नहीं किये गए हैं।
अगर सरकारी आंकड़ों की बात करें तो 2007 से 2016 के बीच महिलाओं पर बढ़ते अपराध में 83 फीसदी का बढ़ोतरी हुई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए