देश

ललिता गौतम हत्याकांड: 'BJP का दलित विरोधी चेहरा एक बार फिर बेनकाब', खड़गे ने पूछा- आखिर योगी सरकार किस सच को छिपाना चाहती है?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पूछा, "आखिर योगी सरकार किस सच को छिपाना चाहती है? विपक्ष को परिवार से मिलने से क्यों रोका जा रहा है? परिवार की बात सुनकर उसे न्याय देने के बजाय पुलिसिया दमन क्यों किया जा रहा है?"

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे  फोटो: PTI

यूपी के मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड का मामला गरमाता जा रहा है। ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर कई जगह से विरोध-प्रदर्शन की खबरें आ रही हैं। इसी बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने बीजेपी की डबल इंजन सरकार का महिला एवं दलित विरोधी चेहरा एक बार फिर बेनक़ाब कर दिया है।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरठ की दलित छात्रा ललिता गौतम की निर्मम हत्या ने बीजेपी की डबल इंजन सरकार का महिला एवं दलित विरोधी चेहरा एक बार फिर बेनक़ाब कर दिया है। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है, लेकिन सरकार उसकी आवाज सुनने के बजाय न्याय की माँग करने वालों को ही कुचलने में लगी है।"

कांग्रेस अध्यक्ष ने एनसीआरबी के डेटा का हवाला देकर बीजेपी को घेरते हुए कहा, "एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, 2013 से 2024 के बीच देश में महिलाओं के विरुद्ध दर्ज अपराध लगभग 42.6% और अनुसूचित जातियों के विरुद्ध अपराध लगभग 41% बढ़े। देश में हर 2 घंटे 3 मिनट में अनुसूचित जाति (एससी) की एक महिला के साथ बलात्कार होता है, यानी हर दिन 12 दलित महिलाओं के साथ दुष्कर्म के मामले दर्ज होते हैं। ये केवल आंकड़े नहीं, बीजेपी शासन में महिलाओं, दलितों और वंचितों की बढ़ती असुरक्षा का प्रमाण हैं।"

खड़गे ने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस नेता पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने पहुंचते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार, नजरबंद और लाठियों से रोका जाता है। उन्होंने पूछा, "आखिर योगी सरकार किस सच को छिपाना चाहती है? विपक्ष को परिवार से मिलने से क्यों रोका जा रहा है? परिवार की बात सुनकर उसे न्याय देने के बजाय पुलिसिया दमन क्यों किया जा रहा है?"

उन्होंने आगे कहा, "हाथरस और उन्नाव में भी देश ने देखा था कि बीजेपी सरकार ने किस तरह पीड़ितों की आवाज़ दबाई और सत्ता से जुड़े लोगों को बचाने की कोशिश की। अब मेरठ में वही दमनकारी रवैया दोहराया जा रहा है।"

 कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने के बाजए लाठियां और नजरबंदी दे रही है। उन्होंने कहा कि, दोषियों को कठोरतम सजा मिले और पीड़ित परिवार की आवाज़ दबाना तत्काल बंद हो।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए