
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आम आदमी पार्टी के चार विधायकों और अन्य लोगों के खिलाफ बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने, कोरोना के मानदंडों का उल्लंघन करने और पुलिस द्वारा उन्हें तितर-बितर करने की कोशिश पर हुई हिंसा में नौ पुलिसकर्मियों के घायल होने के मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है।
प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय के पूर्व मुख्य सचिव एम शिवशंकर को गिरफ्तार कर लिया है। शिवशंकर की गिरफ्तारी केरल सोना तस्करी मामले में हुई है। उन्हें कल कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा कि धन्यवाद बिहार! आपने प्रथम चरण में नया बिहार बनाने के लिए जिस प्रकार का अपार स्नेह और समर्थन दिया है उसके लिए आप सबों को कोटि कोटि प्रणाम। नए बिहार में युवाओं के सपनों को साकार किया जाएगा।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सारे अभियानों के बावजूद अगर पर्यावरण बचाव में कहीं भी लापरवाही हो रही है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो और उसे नियंत्रित किया जाए इसके लिए ग्रीन दिल्ली ऐप का लॉन्च किया जा रहा है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज दिल्ली में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 10वीं भारत-ब्रिटेन आर्थिक और वित्तीय वार्ता के बाद ज्वाइंट स्टेटमेंट पर हस्ताक्षर किए।
हाई कोर्ट के आदेश पर वर्तमान सीएम पर कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की सीबीआई जांच के निर्देश पर कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा, “उत्तराखंड के सीएम को इस्तीफा देना चाहिए अगर राज्यपाल मामले पर हमारी चिंताओं को सुनने के लिए आज या कल हमसे नहीं मिलते हैं, तो हम सीएम के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका दरवाजा खटखटाएंगे।”
उत्तराखंड सरकार ने हाईकोर्ट के उस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें राज्य के सीएम के खिलाफ लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों के आधार पर सीबीआई के एसपी को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया गया है।
मिजोरम में बुधवार को कोरोनावायरस से संक्रमित 62 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। राज्य में कोविड-19 से यह पहली मौत है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने अपने ट्वीट में कहा, "मिजोरम में कोरोना से पहली मौत पूरे राज्य के लिए एक बड़ा झटका है।"
बयान में कहा, "62 वर्षीय संक्रमित व्यक्ति इलाज के लिए पिछले 10 दिनों से जेडएमसी अस्पताल में भर्ती था।"
आईपीएल 2020 के मैच-48 में आज विराट कोहली की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना रोहित शर्मा के नेतृत्व वाली मुंबई इंडियंस से होगा। मैच शेख ज़ायद क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7.30 बजे (IST) शुरू होगा।
बाहरी लोगों को जमीन की बिक्री के बारे में रिपोर्ट के विपरीत, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आश्वासन दिया कि एक इंच कृषि भूमि किसी को नहीं बेची जाएगी। जम्मू-कश्मीर सूचना और जनसंपर्क विभाग ने यह जानकारी दी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को इस बात की जानकारी नहीं है कि आरोग्य सेतु का निर्माण किसने किया। इस संबंध में आरटीआई ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बिहार के चंपारण में राहुल गांधी चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे इसी बीच भीड़ से एक व्यक्ति की आवाज आई। उसने कहा मोदी जी कहते हैं कि पकौड़ा तलो पकौड़ा। फिर राहुल गांधी रुके उन्होंने पूछा आपने पकौड़ा तला? तो युवक ने कहा नहीं। फिर राहुल गांधी ने कहा कि कभी मोदी जी और नीतीश जी यहां आएं तो पकौड़ा तलके उन्हें भी खिलाओ। इस पर युवक ने कहा कि बीएससी करने के बाद अब पकौड़ा तलेंगे।
बिहार के चंपारण में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के युवा सिर्फ बिहार को ही नहीं बल्कि पूरे देश को राह दिखाएंगे। मैं यह देखना चाहता हूं कि वो दिन आए जब देश के दूसरे हिस्से के युवा पटना में रोजगार के लिए आएं। यह मुश्किल नहीं है। यह मिलकर किया जा सकता है। हमारी सरकार सभी की सरकार होगी।
राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी और लॉकडाउन का मकसद एक ही था। यह छोटे किसानों, छोटे व्यवसायों, व्यापारियों और मजदूरों को नष्ट करने के उद्देश्य से किया गया था। बेरोजगारी के मुद्दे पर राहुल गांधी ने बोलते हुए कहा कि अब पीएम मोदी नहीं कहेंगे कि दो करोड़ रोजगार दूंगा। वह जानते थे कि वह झूठ बोल रहे हैं और जनता भी जानती है। राहुल गांधी ने कहा कि मैं आपको गारंटी देता हूं कि पीएम अगर यहां और कहें कि वह दो करोड़ रोजगार देंगे तो जनता उन्हें यहां से भगा देगी।
राहुल गांधी ने कहा, “आमतौर पर दशहरे में रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद के पुतले जलाए जाते हैं। पहली बार देखने को मिला कि पंजाब में दशहरे पर नरेंद्र मोदी जी, अंबानी जी, अदानी जी के पुतले जलाए गए। नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और दुख की बात है कि दशहरे पर प्रधानमंत्री का पु
तला जलाया गया।”
तमिलनाडु के चेन्नई में छात्र संगठन एसएफआई राज्य के छात्रों के लिए मेडिकल सीटों में 7.5 फीसदी आरक्षण को मंजूरी देने की मांग करते हुए राजभवन के पास विरोध प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड सरकार ने हाई कोर्ट के आदेश पर सिविल जज दीपाली शर्मा को उनके पद से हटा दिया है। कथित तौर पर अपने आवास पर काम के लिए नाबालिग को नियुक्त करने के बाद उन्हें सेवाओं से बर्खास्त कर दिया गया था।
दिल्ली में अगले आदेश तक सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने इस बारे में जानकारी दी है। इससे पहले दिल्ली सरकार ने 31 अक्टूबर तक स्कूलों को बंद करने का ऐलान किया था। कोरोना की वजह से यह फैसला लिया गया है।
हरियाणा के बल्लभगढ़ में एसआईटी की टीम 21 साल की उस युवती के घर पहुंची है, जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना 26 अक्टूबर की है।
तेजस्वी यादव ने मुंगर में पुलिस द्वारा भीड़ पर की गई फायरिंग को लेकर सीएम नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने पूछा, “मुंगेर में पुलिस को जनरल डायर बनने की अनुमति किसने दी? हम राज्य सरकार के गृह मंत्री और उप मुख्यमंत्री से पूछना चाहते हैं कि जनरल डायर बनने की किसने आखिर इजाजत दी।
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की वजह से शहर में विज़िबिलिटी कम हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, आईटीओ में वायु गुणवत्ता सूचकांक 'खराब' श्रेणी में है।
मिजोरम में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 80 नए मामले सामने आए हैं। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या अब 2,527 है, जिसमें 303 सक्रिय मामले और 2,224 डिस्चार्ज हो चुके मामले शामिल हैं:
बिहार के औरंगाबाद के ढिबरा इलाके मतदान से पहले सीआरपीएफ ने आज दो विस्फोटक उपकरण बरामद किए और दोनों को डिफ्यूज कर दिया गया।
बिहार में पहले चरण के मतदान से ठीक पहले पटना में एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र के गाय घाट की है। यहां निर्माणाधीन राजकीय महिला महाविद्यालय के शौचालय की टंकी से युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान स्थानीय आलमगंज के बबुआ गंज निवासी पप्पू पांडे के रूप में हुई है। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा किया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 28 Oct 2020, 7:15 AM IST