
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख मुकेश सहनी लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए बिहार की राजधानी पटना रवाना होने से पहले मीडिया से रूबरू हुए। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव द्वारा अपनी बेटी के चुनाव प्रचार करने पर वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि लालू यादव चुनाव प्रचार के लिए निकले हैं। इसे इंडिया गठबंधन और हम लोगों के लिए और राह आसान हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा।
मुकेश सहनी ने कहा कि देश का गरीब परेशान है और आप हर जिले में आलीशान होटल जैसे दफ्तर बना रहे हैं। पीएम मोदी के बयान, संविधान के निर्माण के समय 80 से 90 प्रतिशत सनातन के लोग थे, पर मुकेश सहनी ने कहा कि हम लोग इस पर टिप्पणी नहीं कर रहे हैं, किसने बनाया इस पर बात करने की जरूरत नहीं है। बात इसपर होनी चाहिए कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी सत्ता में आए तो आप क्या वादा करके आए। हर साल 2 करोड़ युवाओं से रोजगार का वादा किया था, क्या आप वो पूरा कर रहे हैं, आपने कहा था कि विदेश से काला धन लाएंगे। किसान की आय दोगुनी करने की बात कही थी, आपने कहा था कि 2022 तक पूरे देश में जितने गरीब हैं, उन्हें घर बनाकर देंगे। क्या आपने बनाकर दिया?
मुकेश सहनी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में 16,000 करोड़ रुपए इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए चंदा ले लिया। आपने ईडी और सीबीआई का धौंस दिखाकर कैसे चंदा ले लिया। आपने कैसे बड़े-बड़े टेंडर देकर उसके बदले में उनसे चंदा लिया। देश का विकास नहीं हो रहा है। गरीब परेशान है और आप हर जिला में आलीशान होटल जैसा कार्यालय बना रहे हैं। आखिर इतना पैसा कहां से ला रहे हैं, केंद्र में 400 करोड़ रुपए खर्च कर बड़े-बड़े कार्यालय बना रहे हैं। इससे पहले जरूर देश के युवाओं को नौकरी देना। इस पर कोई डिबेट नहीं कर रहा है कि सनातन क्या है, संविधान किसने बनाया, हम संविधान के साथ खड़े हैं। संविधान को बदलने की बात करेंगे, हम उससे पहले उस व्यक्ति को बदल देंगे।
इधर आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद सारण के चुनावी मैदान में दिखने वाले हैं। सारण लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी रोहिणी आचार्य को जीताने के लिए लालू प्रसाद अब सारण में कैंप करेंगे। लालू प्रसाद अपनी पत्नी राबड़ी देवी के साथ बुधवार को छपरा के लिए रवाना हुए।
आरजेडी के नेताओं के मुताबिक, लालू प्रसाद प्रत्याशी रोहिणी आचार्य के समर्थन में रोड शो कर सकते हैं। इसके अलावा वे छपरा स्थित पार्टी कार्यालय में बुधवार को कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और स्थिति की जानकारी लेंगे।
तेजस्वी यादव ने मंगलवार को ही कहा था कि लालू प्रसाद चुनाव प्रचार में उतरेंगे। सारण में रोहिणी का मुख्य मुकाबला बीजेपी के प्रत्याशी राजीव प्रताप रूडी से है। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को सारण के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए