देश

बिहार के कई शहरों में पेपर लीक के खिलाफ बवाल, पटना में छात्रों पर लाठीचार्ज, तेज प्रताप यादव हिरासत में

पटना के अलावा, शनिवार को समस्तीपुर, छपरा, सीवान और जहानाबाद में भी विरोध प्रदर्शन हुए। 'बिहार बंद' को सफल बनाने के लिए भाकपा, माले सहित कई वामपंथी दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बिहार के कई शहरों में पेपर लीक के खिलाफ बवाल
बिहार के कई शहरों में पेपर लीक के खिलाफ बवाल फोटो: IANS

पेपर लीक के खिलाफ  'बिहार बंद' के दौरान राजधानी पटना में पथराव के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके थे। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया है। वहीं छात्रों के समर्थन में पहुंचे तेज प्रताप यादव को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

'बिहार बंद' के तहत पटना में रामगुलाम चौक और एग्जिबिशन रोड ओवरब्रिज के पास प्रदर्शन चल रहा था। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भी प्रदर्शन के समय पुलिस बल के साथ सड़कों पर तैनात हैं। इसी बीच, रामगुलाम चौक के पास कुछ प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए। इससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। बाद में कथित तौर पर पत्थरबाजी की घटना हुई।

तेज प्रताप बोले, युवाओं के लिए मर-मिटने को तैयार

इसी बीच लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव भी छात्रों के समर्थन में गांधी मैदान पहुंचे। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह युवाओं के संघर्ष में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने कहा, "हम अपने युवाओं के साथ हैं और उनके अधिकारों की लड़ाई में मर-मिटने के लिए भी तैयार हैं।"

बिहार के कई जिलों में प्रदर्शन

पटना के अलावा, शनिवार को समस्तीपुर, छपरा, सीवान और जहानाबाद में भी विरोध प्रदर्शन हुए। 'बिहार बंद' को सफल बनाने के लिए भाकपा, माले सहित कई वामपंथी दलों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बता दें कि नीट पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में 'बिहार बंद' बुलाया गया है। वामपंथी दलों से जुड़े छात्र संगठन आइसा और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (आरवीईए) ने बंद का आह्वान किया है। 

आईएएनएस के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए