
केंद्र की मोदी सरकार ने सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को उनके पद से बर्खास्त कर दिया है। सरकार ने पीएम मोदी की अगुवाई में गुरुवार को हुई सेलेक्ट कमेटी की बैठक के बाद यह फैसला लिया है। फिलहाल सरकार ने आलोक वर्मा को अग्निशमन विभाग, सीविल डिफेंस और होम गार्ड्स का महानिदेशक नियुक्त किया है और सीबीआई की कमान फिर से नागेश्वर राव को दे दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बैठक में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पीएम मोदी और जस्टिस सीकरी से कई मुद्दों पर असहमत नजर आए और उन्होंने कई आपत्तियां भी दर्ज कराईं, लेकिन इसके बावजूद समिति ने आलोक वर्मा को निदेशक पद से हटाने का फैसला ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि इस मुद्दे पर समिति की यह दूसरी बैठक है। इससे पहले बुधवार को हुई बैठक बेनतीजा रही थी। खड़गे ने इस मामले में केंद्रीय सतर्कता आयोग की जांच रिपोर्ट नहीं मिलने की बात कही थी।
Published: 10 Jan 2019, 9:00 PM IST
आलोक वर्मा को लेकर गुरुवार शाम को पीएम मोदी के नेतृत्व में उनके आवास पर सेलेक्ट कमेटी की बैठक करीब 2 घंटे से ज्यादा देर तक चली, जिसमें नेता विपक्ष मल्लकार्जुन खड़गे और चीफ जस्टिस रंजन गोगोई द्वारा नामित जस्टिस ए के सिकरी भी मौजूद रहे।
इससे पहले मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने मोदी सरकार के फैसले को पलटते हुए आलोक वर्मा को उनके पद पर बहाल कर दिया था। जिसके बाद बुधवार को आलोक वर्मा ने सीबीआई मुख्यालय पहुंचकर निदेशक का पदभार संभाला था और साम होते-होते अपनी जगह अंतरिम निदेशक बनाए गए नागेश्वर राव द्वारा किए गए ज्यादातर ट्रांसफर रद्द कर दिया था।
बता दें कि सीबीआई के निदेशक अलोक वर्मा और विशेष निदेशक राकेश अस्थाना द्वारा एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने से खड़े हुए विवाद के बीच मोदी सरकार ने बीते साल 23 अक्टूबर की रात को दोनों अधिकारियों को थे जबरन छुट्टी पर भेज दिया था। सरकार ने आलोक वर्मा की अनुपस्थिति में नागेश्वर राव को सीबीआई का अंतरिम प्रमुख नियुक्त किया था।
Published: 10 Jan 2019, 9:00 PM IST
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 10 Jan 2019, 9:00 PM IST