
समाजवादी पार्टी (सपा) गुरुवार को 'संविधान दिवस' के मौके पर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करेगी। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को चुनौती देने की तैयारी कर रही समाजवादी पार्टी का मुख्य फोकस सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर रहने की उम्मीद है।
2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के लिए अपना विजन और वादे पेश करने की तैयारी कर रही है। इसमें पार्टी का खास जोर अपने 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एजेंडे पर होगा। पार्टी नेताओं ने संकेत दिया है कि घोषणापत्र में पिछड़े वर्गों, दलितों और अल्पसंख्यकों के हितों और चिंताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सपा ने अपनी राजनीतिक रणनीति के एक अहम हिस्से के रूप में अपने 'पीडीए' फॉर्मूले को प्रमुखता दी है, जिसे वह प्रतिनिधित्व, समानता और सामाजिक न्याय से जोड़कर पेश करती है।
खबरों के मुताबिक, ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम से तैयार इस प्रण-पत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने समेत दो दर्जन से अधिक प्रमुख वादे शामिल होंगे। सपा ने अपने चुनावी अभियान को ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रण-पत्र’ नाम दिया है। इसकी थीम ‘हर हाथ को काम, हर किसान को दाम, महिलाओं को सम्मान और कानून का मान’ रखी गई है। पार्टी राज्यस्तरीय घोषणापत्र के साथ प्रत्येक जिले के लिए अलग मैनिफेस्टो भी तैयार कर रही है। इसमें स्थानीय जरूरतों, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता दी जाएगी।
महिलाओं को हर साल 40000 रुपया
पीडीए के महापुरुषों की लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर प्रतिमाएं
विद्यार्थियों को मुफ्त शिक्षा और लैपटॉप
आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने, खाली पद भरने और पक्की नौकरी देने का वादा
पत्रकारों व बुद्धिजीवियों के लिए सामाजिक सुरक्षा
स्वरोजगार शुरू करने के लिए दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता
पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून
पुरानी पेंशन योजना की बहाली
घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली
यश भारती सम्मान की राशि बढ़ाकर 1 लाख रुपये करने की घोषणा
इससे पहले बुधवार को, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पीडीए समाज की राजनीतिक आकांक्षाओं के बारे में बात की। उन्होंने लिखा, "अब तक पीडीए ने दूसरों की सरकार बनवाने में मदद की है। इस बार पीडीए समाज ने ये संकल्प लिया है कि 2027 में 'अपनी पीडीए सरकार' बनाएंगे, 'सामाजिक न्याय का राज' लाकर भेदभाव मिटाएंगे और 'बंधु-राष्ट्र' बनाएंगे।"
आईएएनएस के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए