देश

उत्तर प्रदेश: बदायूं में आंबेडकर प्रतिमा को लेकर बवाल, पथराव में सात पुलिसकर्मी समेत आठ घायल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो पुलिसकर्मियों ने प्रतिमा को लात मारकर गिरा दिया और उसका एक हाथ तोड़ दिया। इसके बाद शाम को पुलिस-प्रशासन की टीम पर पथराव किया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
प्रतीकात्मक तस्वीर  फाइल फोटोः सोशल मीडिया

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर मंगलवार को दिनभर चला विवाद शाम होते-होते हिंसक बवाल में बदल गया। प्रतिमा तोड़े जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों की भीड़ ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें सात पुलिसकर्मियों समेत आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने सात उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।

ग्रामीणों का पुलिस पर आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दो पुलिसकर्मियों ने प्रतिमा को लात मारकर गिरा दिया और उसका एक हाथ तोड़ दिया। इसके बाद शाम को पुलिस-प्रशासन की टीम पर पथराव किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि मंगलवार सुबह विजेंद्र कुमार और वीरेंद्र पाल नामक पुलिसकर्मियों ने गांव में पिछले करीब छह महीने से लगी बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा को लात मारकर गिरा दिया, जिससे उसका एक हाथ टूट गया।

ग्रामीण मोहर श्री ने कहा कि उनकी मांग है कि प्रतिमा को उसी स्थान पर दोबारा स्थापित किया जाए और जिन पुलिसकर्मियों पर प्रतिमा का अपमान करने का आरोप है, उन्हें गांव में बुलाया जाए।

घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

प्रशासन ने क्या कहा?

प्रशासन के अनुसार, पथराव में सात पुलिसकर्मी और एक ग्रामीण घायल हुए हैं। भीड़ के पथराव में पुलिस और प्रशासन के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया है और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

वहीं, जिलाधिकारी राय ने बताया कि प्रतिमा प्रतिबंधित सरकारी जमीन पर स्थापित की गई थी। राजस्व अभिलेखों में यह जमीन ग्राम समाज की खलिहान की भूमि दर्ज है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में भी इस जमीन पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने को लेकर प्रशासन ने आपत्ति जताई थी।

राय के अनुसार, मौके पर दोनों पक्षों को समझाया गया और इस बात पर सहमति बनी कि प्रशासन एक समिति गठित करेगा। समिति की रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित स्थान पर प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मुताबिक, इसी दौरान गांव के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक छवि राम ने आंबेडकर पार्क के लिए अपनी जमीन देने की पेशकश की थी। प्रशासन की अनुमति और निर्धारित नियमों के तहत उनकी जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने पर भी सहमति बनती दिखाई दे रही थी, लेकिन शाम होते-होते स्थिति बिगड़ गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि देर शाम अंधेरा होने के बाद अचानक कुछ लोगों ने महिलाओं और बच्चों की आड़ लेकर पुलिस एवं प्रशासन की टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस वाहनों के अलावा एंबुलेंस और पीएसी के ट्रक को भी निशाना बनाया गया। प्रशासन का दावा है कि पथराव में 10 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रतिमा को सुरक्षित तरीके से तहसील परिसर में रखवा दिया गया है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: इस्लामाबाद के अस्पताल में भीषण आग, 15 नवजातों की मौत, होर्मुज पर ईरान की सख्ती, 45 जहाजों को किया ब्लैकलिस्ट

  • ,
  • न्यूयॉर्क में भागवत के कार्यक्रम का विरोध, मेयर ममदानी बोले- मैं समर्थन नहीं करता, RSS की विचारधारा पर जताई आपत्ति

  • ,
  • पाकिस्तान में दर्दनाक हादसा, इस्लामाबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में लगी भीषण आग, 15 नवजातों की जलकर मौत

  • ,
  • बिहार के सुपौल में बड़ा सड़क हादसा, कीर्तन कर रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, पांच की मौत, एक गंभीर

  • ,
  • अमेरिका ने दुनिया भर में वीजा अपॉइंटमेंट पर लगाई अस्थायी रोक, ट्रंप प्रशासन ने शुरू की ग्लोबल ट्रेनिंग