
मार्च के पहले सप्ताह से ही देश के कई राज्यों में गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली से लेकर पटना, लखनऊ, ग्वालियर, मुंबई जयपुर, रायपुर और कोलकाता तक में तापमान बढ़ता जा रहा है। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, कई राज्यों में अचानक आंधी, बारिश और गरज-चमक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत के कई राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही बिजली गिरने और तेज बादल गर्जने की चेतावनी भी दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 60 से 72 घंटों के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में आंधी-तूफान का खतरा बढ़ गया है।
Published: undefined
उत्तरी राज्यों में जहां गर्मी ने अभी से ही रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है, वहीं बिहार में मौसम ने भी राज्य की राजनीति की तरह करवट ले ली है। यहां कई जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। दिन के समय उमस और गर्मी के बीच आसमान में काले बादलों का डेरा देखने को मिल रहा है, इससे आंधी-तूफान जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, कटिहार, भागलपुर और सुपौल समेत कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी की गई है और लोगों को घर से न निकलने की सलाह दी गई है।
झारखंड में भी मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। राज्य के कई जिलों में दिन के समय भी आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों के दौरान यहां आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे एक तरफ लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिल सकती है।
Published: undefined
पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। एक तरफ सुबह के समय छाई धुंध ने लोगों को बेचैन कर दिया तो वहीं दिन चढ़ते ही मार्च महीने में ही अप्रैल जैसी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। 11 मार्च को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 88 प्रतिशत से गिरकर 45 प्रतिशत पर आ गया। अगले दो दिनों यानी 12 और 13 मार्च को भी मौसम कुछ ऐसा ही बने रहने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री के आसपास रहेगा।
गर्मी और धुंध के बीच एनसीआर में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक स्तर को पार करता जा रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ने लाल निशान को पार कर लिया है, जो लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। शहरों की हवा इतनी जहरीली हो चुकी है कि इसके लंबे समय तक संपर्क में रहने से सांस संबंधी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
Published: undefined
मध्य प्रदेश और राजस्थान में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। राजस्थान के कई शहरों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
Published: undefined
पंजाब और हरियाणा में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है. दिन के समय तेज धूप के कारण लोगों को मार्च में ही तेज गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक यहां मौसम साफ रहने वाला है और बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि सुबह और देर रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, लेकिन दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
Published: undefined
जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में पिछले कई दिनों से तापमान लगातार सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के दिन थोड़ी गिरावट आई लेकिन उसके बाद फिर से तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी है।
मैदानी इलाकों के साथ-साथ कश्मीर घाटी में भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार पिछले सप्ताह तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री अधिक था जबकि अब गर्मियों के आगमन के साथ अधिकतम व न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर कम हुआ है और सामान्य तापमान में हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है।
आईएएनएस के इनपुट के साथ
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined