दुनिया

अमेरिका ने ईरान में कैंसर पीड़‍ित बच्‍चों के अस्‍पताल के पास किया हमला, तेहरान ने बताया कायरता का प्रमाण

बाघेई ने कहा कि यह बर्बर हमला स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इमारतों पर इजरायल के हमलों की याद दिलाता है। यह हमला अस्पताल में भर्ती बच्चों के लिए भारी तकलीफ और डर का कारण बना। इसके चलते कीमोथेरेपी करा रहे 211 बच्चों को अस्पताल से सुरक्षित जगह ले जाना पड़ा।

अमेरिका ने ईरान में कैंसर पीड़‍ित बच्‍चों के अस्‍पताल के पास किया हमला, तेहरान ने बताया कायरता का प्रमाण
अमेरिका ने ईरान में कैंसर पीड़‍ित बच्‍चों के अस्‍पताल के पास किया हमला, तेहरान ने बताया कायरता का प्रमाण फोटोः IANS

ईरान पर अमेरिका के ताबड़तोड़ हमले के बीच ईरानी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका पर कैंसर से पीड़‍ित बच्‍चों के अस्‍पताल के पास हमला करने का आरोप लगाया है। मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने हमले को अमेर‍िका की कायरता का प्रमाण बताते हुए कहा कि कैंसर से पीड़‍ित बच्‍चों के अस्‍पताल के पास हमला करना युद्ध अपराध है। बाघेई ने बताया क‍ि हमले के बाद अहवाज स्थित बच्चों के कैंसर अस्पताल को खाली कराना पड़ा।

211 बच्चों को सुरक्षित जगह ले जाना पड़ा

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने 'एक्‍स' पर ल‍िखा, "अहवाज में बच्चों के कैंसर के इलाज के एक केंद्र, शहीद बकाई अस्पताल को बुधवार रात खाली कराना पड़ा क्योंकि अमेरिका ने पास के एक स्थान पर हमला किया। यह बर्बर हमला स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी इमारतों पर इजरायल के हमलों की याद दिलाता है। यह हमला अस्पताल में भर्ती बच्चों के लिए भारी तकलीफ और डर का कारण बना। इसके चलते कीमोथेरेपी करा रहे 211 बच्चों को तुरंत अस्पताल से सुरक्षित जगह ले जाना पड़ा।"

एक कायराना युद्ध अपराध

बघेई ने कहा क‍ि यह हमला अपनी ज‍िंदगी के लिए बहादुरी से लड़ रहे मासूम बच्चों के खिलाफ किया गया एक कायराना युद्ध अपराध है। उन्‍होंने कहा क‍ि जो लोग हर समय मानवाधिकारों की बातें करते हैं लेकिन अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को निशाना बनाए जाने पर जानबूझकर चुप रहते हैं, उन्होंने अपनी बची-खुची नैतिक विश्वसनीयता भी खो दी है।

इसे भी पढ़ेंः अमेरिका ने ईरान पर हमले किए तेज, ग्रेटर तुंब से खर्ग द्वीप तक बमबारी, तेल टैंकर को भी बनाया निशाना, तेहरान का भी जवाबी हमला

अमेरिका ने 90 मिनट तक ताबड़तोड़ हमले किए

इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने गुरुवार सुबह (भारतीय समयानुसार) कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान पर स्थानीय समयानुसार बुधवार को 90 मिनट तक ताबड़तोड़ हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने 'एक्स' पर हमले की जानकारी साझा करते हुए लिखा, "दोपहर तीन बजे (स्थानीय समय) पर अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ हमलों की दूसरी लहर के लिए ऑपरेशन शुरू किया। हमले ईरानी सैन्य क्षमताओं को टारगेट कर रहे हैं, जिनका इस्तेमाल होर्मुज स्ट्रेट से आसानी से गुजरने वाले जहाजों को धमकाने के लिए किया जाता है।"

ईरान ने हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया

हालांकि, ईरान ने भी अमेरिकी हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया। ईरान खाड़ी देशों में अमेरिकी संपत्तियों और बेसों को निशाना बना रहा है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने बुधवार को कहा कि उसने बहरीन और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए, जिसमें उनके सैन्य इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरक्राफ्ट शेल्टर, खास कमांड सेंटर और रणनीतिक ड्रोन पर हमला किया गया। इसके बाद गुरुवार दोपहर ईरान ने कुवैत में भी नए सिरे से बड़े हमले किए हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए