
अमेरिका और ईरान में तनाव के बीच खाड़ी क्षेत्र में हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। दक्षिणी ईरान में अमेरिकी हमलों के बाद कई इलाकों की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है, जबकि रणनीतिक रूप से अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास लगातार दूसरे दिन भी हमले जारी रहे। इसी दौरान बहरीन में एयर रेड सायरन बजाए गए। ईरान की अर्द्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, ईरानी सेना ने बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाने को निशाना बनाने का दावा किया है।
ईरान के ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, ताजा अमेरिकी हमलों में बंदर अब्बास और आसपास के गांवों की बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा है। नोबोनयाद-1 क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। मंत्रालय का कहना है कि ज्यादातर प्रभावित इलाकों में बिजली धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। साथ ही दक्षिणी ईरान के नागरिकों से पीक आवर्स के दौरान बिजली की खपत कम करने की अपील की गई है।
इसे भी पढ़ें: दुनिया की खबरें: अमेरिकी ने उत्तरी ईरान में हमले तेज किए, नाकेबंदी का उल्लंघन करने वाले जहाज पर किया हमला
बहरीन के गृह मंत्रालय ने एयर रेड सायरन बजने के बाद लोगों से शांत रहने और निकटतम सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की। दूसरी ओर, ईरान की अर्द्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने दावा किया कि ईरानी सेना ने बहरीन के साखिर एयरबेस पर मौजूद अमेरिकी हेलीकॉप्टरों और टोही विमानों को निशाना बनाया। हालांकि इस दावे की आधिकारिक या स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सिरिक शहर, जहां से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की निगरानी की जाती है, वहां लगातार दूसरे दिन भी अमेरिकी हवाई हमले होने की खबर है। इसके अलावा बुशेहर और खामिर बंदरगाह के आसपास भी हमलों की सूचना मिली है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, खामिर बंदरगाह के पास दो पुलों पर हुए हमलों में दो लोगों की मौत हुई और चार अन्य घायल हो गए।
बंदर अब्बास के अल्लाहो अकबर इलाके में एक रिहायशी क्षेत्र पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत और आठ लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, बंदर अब्बास के पास रेलवे ढांचे को भी निशाना बनाया गया, जिसमें दो लोग घायल हुए। इसके अलावा इरानशहर एयरपोर्ट पर भी हमले की खबर है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। पूरे क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और अमेरिका तथा ईरान की गतिविधियों पर दुनिया की नजर टिकी हुई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए