
बालाकोट एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान को पांच खरब रुपए का घाटा हुआ है। फरवरी में बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। जिसकी वजह से उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है। बता दें कि भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी को बालाकोट में एयर स्ट्राइक किया था। इस एयर स्ट्राइक में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ठिकाने तबाह हो गए थे। जिसके बाद पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था। वायुसेना की यह कार्रवाई पुलवामा आतंकी हमले का बदला लेने के लिए की गई थी।
इतने दिन बंद रखने के बाद सोमवार को पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र को नागरिक उड़ानों के लिए खोल दिया था। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए उड्डयन संघीय मंत्री गुलाम सरवर खान ने कहा कि सीएए को हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण पांच खरब का नुकसान हुआ है।
पाकिस्तान के अखबार द डॉन के अनुसार मंत्री ने कहा, 'यह हमारे समग्र उद्योग के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। लेकिन इस प्रतिबंध ने पाकिस्तान से ज्यादा भारत को नुकसान पहुंचाया है। भारत को दोगुना नुकसान हुआ है। इस मोड़ पर दोनों ओर से संबंधों में सुधार और सामंजस्य जरूरी है।' उन्होंने आगे कहा कि सरकार की प्राथमिकता पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस को पुनर्जीवित करने का है।
बता दें कि पाकिस्तान द्वारा अपने हवाई क्षेत्र को भारत के लिए बंद करने से भारतीय विमानन कंपनियों को 548 करोड़ का घाटा हुआ है। 16 जुलाई को देर रात पाकिस्तान ने असैन्य विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र खोल दिया था। जिसके बाद भारत पाकिस्तान के बीच हवाई परिवहन शुरू हो गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए