
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की एक हमले में गोली लगने से मौत हो गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने जापान के एनएचके वर्ल्ड न्यूज के हवाले से बताया है कि "अधिकारियों का कहना है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजोआबे की मौत की पुष्टि हो गई है। क्योटो के पास नारा शहर में शुक्रवार को एक भाषण के दौरान गोली मार दी गई थी"
आपको बता दें, नारा शहर में शिंजो आबे पर जानलेवा हमला हुआ था। भाषण के दौरान ही उन्हें गोली मारी गई। पीछे से एक शख्स वहां पहुंचा और हमला किया। पुलिस ने शिंजो आबे पर हमला करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक हत्यारे का बयान भी सामने आया है। जापान की पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने बताया कि वह शिंजो आबे की जान लेना चाहता था क्योंकि वह कई बातों को लेकर शिंजो से संतुष्ट नहीं था।
बता दें, जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने हैं। इसके लिए शिंजे आबे चुनाव प्रचार कर हे थे। हमले के बाद के कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। इसमें वहां भगदड़ की स्थिति साफ देखी जा सकती है।
खबरों की मानें तो शिंजो आबे के भाषण के दौरान ही हमलावर ने दो गोली चलाई। पहली गोली आबे के सीने के आरपार हो गई। दूसरी उनकी गर्दन पर लगी। इसके बाद वह वहीं गिर गये और आसपास भगदड़ मच गई।
इस बीच शिंजो को हार्ट अटैक भी आ गया। इसके बाद मौके पर ही CPR देकर उनकी जान बचाने की कोशिश भी हुई।. बाद में उनको एयरलिफ्ट करके हॉस्पिटल पहुंचाया गया। लेकिन उनको बचाया नहीं जा सका।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए