दुनिया

नाइजीरिया के कैथोलिक स्कूल पर हमले में 300 से अधिक बच्चों का अपहरण, अब तक की सबसे बड़ी मास किडनैपिंग

यह मास किडनैपिंग इस हफ्ते अकेले नाइजीरिया में ऐसी तीसरी घटना है। सोमवार को, केब्बी राज्य के एक बोर्डिंग स्कूल से 25 स्कूली लड़कियों को अगवा कर लिया गया था, जबकि बुधवार को क्वारा राज्य के एक चर्च पर हमले में बंदूकधारियों ने 38 श्रद्धालुओं को अगवा किया था।

नाइजीरिया के कैथोलिक स्कूल पर हमले में 300 से अधिक बच्चों का अपहरण, अब तक की सबसे बड़ी मास किडनैपिंग
नाइजीरिया के कैथोलिक स्कूल पर हमले में 300 से अधिक बच्चों का अपहरण, अब तक की सबसे बड़ी मास किडनैपिंग फोटोः सोशल मीडिया

नाइजीरिया के नाइजर में बंदूकधारियों ने एक कैथोलिक संस्थान पर शुक्रवार को हमला कर 303 स्कूली छात्रों और 12 अध्यापकों का अपहरण कर लिया। देश के ‘क्रिश्चियन एसोसिएशन ऑफ नाइजीरिया’ (सीएएन) ने यह जानकारी दी है। इसे अब तक की सबसे बड़ी मास किडनैपिंग बताया जा रहा है। अभी तक किसी भी समूह ने अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है।

सीएएन ने पहले बताया था कि 215 छात्रों का अपहरण किया गया है। सीएएन की नाइजर राज्य शाखा के अध्यक्ष ‘मोस्ट रेवरेंड’ बुलुस दाऊवा योहाना के अनुसार, ‘‘सत्यापन प्रक्रिया और अंतिम गणना के बाद’’ संख्या में बदलाव किया गया। योहाना ने शुक्रवार को स्कूल का दौरा किया था।उन्होंने बताया कि हमले के दौरान 88 अन्य छात्रों को भागने की कोशिश करते समय पकड़ लिया गया।’ इनमें लड़के और लड़कियां शामिल हैं और उनकी उम्र 10 से 18 साल के बीच है।

Published: undefined

हमला और अपहरण की यह घटना ‘सेंट मैरीज स्कूल’ में हुई, जो अग्वारा स्थानीय सरकार के पापिरी समुदाय में स्थित एक कैथोलिक संस्थान है। नाइजर राज्य पुलिस कमान ने कहा कि अपहरण की घटना तड़के हुई और उसके बाद से इलाके में सेना और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। उसने बताया कि सेंट मैरीज एक माध्यमिक विद्यालय है।

उपग्रह से ली गई तस्वीरों से पता चलता है कि स्कूल परिसर एक निकटवर्ती प्राथमिक विद्यालय से जुड़ा हुआ है और इसमें 50 से अधिक कक्षाएं और छात्रावास हैं। यह येल्वा और मोक्वा कस्बों को जोड़ने वाली एक प्रमुख सड़क के पास स्थित है। स्थानीय निवासी दाउदा चेकुला (62) ने बताया कि अपहृत स्कूली बच्चों में उनके चार पोते-पोतियां भी शामिल हैं, जिनकी उम्र सात से 10 साल के बीच है।

Published: undefined

नाइजर राज्य सरकार के सचिव द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि पूर्व में दी गई खुफिया चेतावनी के बावजूद यह अपहरण हुआ। बयान में कहा गया, ‘‘सेंट मैरीज स्कूल ने राज्य सरकार को सूचित किए बिना या उसकी मंजूरी लिए बिना ही शैक्षणिक गतिविधियां पुनः शुरू कर दीं, जिससे विद्यार्थियों और कर्मचारियों को अनावश्यक जोखिम का सामना करना पड़ा।’’

योहाना ने राज्य सरकार के इस दावे को झूठा बताया कि नाइजर राज्य के इस क्षेत्र के विद्यालयों को सुरक्षा खतरों के कारण अस्थायी रूप से बंद करने का निर्देश दिए जाने के बावजूद स्कूल को खोला गया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें कोई परिपत्र नहीं मिला। यह दोष मढ़ने का एक तरीका हो सकता है।’’

Published: undefined

कोंटागोरा के कैथोलिक धर्मप्रदेश ने एक बयान में कहा कि हमले के दौरान एक सुरक्षा कर्मचारी को गोली लगी। इस बीच, प्राधिकारियों ने संघर्षग्रस्त उत्तरी राज्यों में स्थित देश के 47 संघीय कॉलेज को बंद कर दिया। इससे कुछ दिन पहले ही पापिरी से लगभग 170 किलोमीटर दूर मागा में सोमवार को एक स्कूल पर बंदूकधारियों ने हमला कर 25 छात्राओं का अपहरण कर लिया था।

यह किडनैपिंग नाइजीरिया में हथियारबंद ग्रुप और इस्लामी बागियों के हमलों में बढ़ोतरी के बीच हुई है, जो तब से कड़ी जांच के दायरे में है जब से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस महीने ईसाइयों के साथ बर्ताव को लेकर सैन्य कार्रवाई की धमकी दी थी। रॉयटर्स के मुताबिक अगर इसकी पुष्टि हो जाती है, तो स्कूल से पकड़े गए लोगों की बदली हुई संख्या 2014 में चिबोक में बोको हराम द्वारा किडनैप की गई 276 स्कूली लड़कियों से ज्यादा हो जाएगी।

Published: undefined

इस बीच केंद्र सरकार ने लगभग 50 फेडरल कॉलेजों को बंद करने का आदेश दिया है, और कुछ राज्यों में पब्लिक स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं। शुक्रवार को हुई मास किडनैपिंग इस हफ्ते अकेले नाइजीरिया में तीसरी ऐसी घटना थी। सोमवार को, केब्बी राज्य के एक बोर्डिंग स्कूल से 25 स्कूली लड़कियों को अगवा कर लिया गया था, जबकि बुधवार को क्वारा राज्य के एक चर्च पर हुए हमले में बंदूकधारियों ने 38 श्रद्धालुओं को अगवा किया था।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined