
श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान के बीच हिंसा हुई है। अज्ञात बंदूकधारियों ने शनिवार को श्रीलंका के मन्नार जिले में मतदाताओं को ले जा रही दो बसों पर अंधाधुध गोलीबारी की। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, "पुलिस ने कहा कि कोई भी मतदाता घायल नहीं हुआ है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।”
बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मियों के घटना स्थल पर पहुंचने से पहले बंधूकधारियों का समूह भागने में सफल रहा। मतदाताओं को सुरक्षित रूप से उनके मतदान केंद्रों तक पहुंचा दिया गया। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस फिलहाल घटना की जांच कर रही है।
देश भर में आज राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी है। देश के 8वें राष्ट्रपति का चुनाव करने के लिए 12 हजार से अधिक मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। चुनाव में पूर्व रक्षा सचिव गोतबया राजपक्षे और सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवार साजित प्रेमदासा के बीच मुख्य मुकाबला है। चुनाव मैदान में 35 उम्मीदवार हैं। करीब 1.5 करोड़ मतदाता अपने मतों का इस्तेमाल करेंगे। फिलहाल मैत्रीपाला सिरिसेना राष्ट्रपति हैं।
(आईएएनएस के इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 16 Nov 2019, 10:42 AM IST