
श्रीलंका में राष्ट्रपति चुनाव 20 जुलाई (बुधवार) को होना है, उससे पहले संसद सदस्यों ने रानिल विक्रमसिंघे को वोट देने के खिलाफ धमकी भरे संदेश मिलने की शिकायत की है। डेली मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, सांसदों ने कहा कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्हें धमकी मिली है कि अगर उनका वोट कार्यवाहक राष्ट्रपति विक्रमसिंघे को मिला तो उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
इस मामले पर कोलंबो पुलिस ने कहा कि यह देखा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विभिन्न पोस्ट प्रकाशित किए जा रहे हैं, जिनमें सांसदों को धमकी दी जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सांसदों को मिल रही धमकियों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
दूसरी ओर श्रीलंका के कार्यवाहक राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने आज से देशव्यापी आपातकाल की घोषणा की। विशेष गजट अधिसूचना के अनुसार, कार्यवाहक राष्ट्रपति ने सार्वजनिक सुरक्षा और समुदाय के जीवन के लिए आवश्यक आपूर्ति और सेवाओं के रखरखाव के हित में देश में आपातकाल की घोषणा की। विक्रमसिंघे ने सार्वजनिक सुरक्षा अध्यादेश (अध्याय 40) की धारा 2 द्वारा उन्हें निहित शक्तियों के आधार पर संविधान के अनुच्छेद 40(1)(सी) के संदर्भ में आपातकाल घोषित किया है।
बता दें कि श्रीलंका के नए राष्ट्रपति का चुनाव 20 जुलाई को होगा। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के लिए नामांकन मंगलवार को होंगे। देश के पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने गंभीर संकट के बीच देश से भागकर मालदीव के रास्ते सिंगापुर पहुंचने के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके देश छोड़ने के बाद संकटग्रस्त श्रीलंका में राजनीतिक संकट और गहरा गया है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए