दुनिया

ट्रंप का दावा- भारत-पाक संघर्ष में 11 लड़ाकू विमान गिरे, परमाणु युद्ध में बदलने वाले जंग को रुकवाया

बिना कोई विवरण दिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान 11 विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये लड़ाकू विमान दोनों में से किस देश के थे या क्या उनका इशारा दोनों पक्षों के कुल नुकसान की ओर था।

ट्रंप का दावा- भारत-पाक संघर्ष में 11 लड़ाकू विमान गिरे, परमाणु युद्ध में बदलने वाले जंग को रुकवाया
ट्रंप का दावा- भारत-पाक संघर्ष में 11 लड़ाकू विमान गिरे, परमाणु युद्ध में बदलने वाले जंग को रुकवाया फोटोः सोशल मीडिया

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच जंग को रुकवाने के अपने दावे को दोहराते हुए कहा है कि पिछले साल मई में दोनों पड़ोसी देशों के बीच चार दिन के संघर्ष के दौरान 11 लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे। साथ ही ट्रंप ने कहा कि उन्होंने परमाणु युद्ध में बदलने वाले संघर्ष को रुकवाया था।

ट्रंप ने ‘एयर फोर्स वन’ (अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष विमान) में बुधवार को बातचीत के दौरान कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष समेत आठ लड़ाइयों को सुलझाने की वजह से वह नोबेल शांति पुरस्कार के लिए किसी भी अन्य व्यक्ति की तुलना में ज्यादा हकदार हैं। ट्रंप ने दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच का टकराव ‘‘परमाणु युद्ध में बदलने वाला था।’’

बिना कोई विवरण दिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान 11 विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये लड़ाकू विमान दोनों में से किस देश के थे या क्या उनका इशारा दोनों पक्षों के कुल नुकसान की ओर था।

ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष रूकवाकर तीन से पांच करोड़ लोगों की जान बचाने का श्रेय उन्हें (ट्रंप को) दिया। ट्रंप ने कहा, ‘‘यकीन मानिए, यह संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती थी।’’ हालांकि, भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष के दखल से लगातार इनकार किया है, लेकिन सीधे तौर पर ट्रंप के दावों को झूठ या गलत नहीं बताया है।

भारत ने पिछले वर्ष सात मई को पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और उसके नियंत्रण वाले क्षेत्रों में स्थित आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाकर हमला शुरू किया था, जिसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया था। इन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच चार दिन तक भीषण सैन्य संघर्ष चला, जो 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर बनी आपसी सहमति के साथ समाप्त हुआ।

खास बात है कि दोनों देशों के बीच सीजफायर की घोषणा सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने सोशल मीडिया के जरिये की थी। तब से, ट्रंप ने कई बार दावा किया है कि उनके दखल के बाद लड़ाई खत्म हुई। वहीं, भारत का कहना है कि दोनों देशों की सेनाओं के बीच सीधे संवाद के बाद सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद ट्रंप लगातार जंग रुकवाने का दावा करते आ रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: नोएडा-गाजियाबाद से गुरुग्राम तक बारिश से त्राहिमाम, सड़कें जलमग्न, रेंगती दिखीं गाड़ियां, पहाड़ों का भी बुरा हाल

  • ,
  • 'मोदी सरकार ने गलवान के बाद चीन के प्रति अपनाया नरम रुख, आयात में हुई बढ़ोतरी', खड़गे बोले- राष्ट्रीय हितों को पहुंचा नुकसान

  • ,
  • ठाणे अस्पताल में शिवसेना नेता के हमले से डरे डॉक्टर ने दिया इस्तीफा, बोले- अब शहर नहीं लौटूंगा

  • ,
  • उत्तराखंड में बारिश को लेकर 'रेड अलर्ट', 7 जिलों में भारी बारिश का कहर, स्कूल बंद और 100 से अधिक सड़कें ठप!

  • ,
  • TMC को कलकत्ता हाईकोर्ट से बड़ी राहत, बैंक खाते को ऑपरेट करने की मिली सशर्त इजाजत