
ट्रंप ने जेनसेन हुआंग की एनवीडिया में वापसी में खुद की भूमिका का दावा किया
ट्रंप ने कहा कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है
ट्रंप ने कहा कि एनवीडिया के बोर्ड ने वही फैसला किया, जो उनका प्रशासन चाहता था
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि एनवीडिया के सह-संस्थापक जेनसेन हुआंग की कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के पद पर वापसी में उनका हस्तक्षेप काफी महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी प्रशासन ने कंपनी को भरोसा दिलाया था कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।
डोनाल्ड ट्रंप ने सीएनबीसी के साथ बातचीत में कहा कि उन्होंने रविवार को हुआंग से बात की थी। इस दौरान हुआंग ने उन्हें भरोसा दिलाया कि वह पद से हटने से पहले की तुलना में अधिक मेहनत करेंगे। ट्रंप ने कहा, ''मेरा मानना है कि इस फैसले में मेरे हस्तक्षेप की बहुत अहम भूमिका रही।''
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि एनवीडिया के निदेशक मंडल ने वही फैसला किया, जो उनका प्रशासन चाहता था। हालांकि, ट्रंप ने यह बताने से इनकार किया कि क्या उन्होंने निदेशक मंडल की बैठक में फोन किया था। लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि बैठक में उनका प्रतिनिधित्व मौजूद था।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर भी निदेशक मंडल के फैसले को 'सही और उचित' बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था की समृद्धि के लिए एनवीडिया में हुआंग का नेतृत्व जरूरी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिकी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने उन्हें बताया है कि सरकार के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है, जिससे यह साबित हो कि हुआंग ने कोई गैरकानूनी काम किया है। हालांकि, ट्रंप ने एनवीडिया से अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नियमों के अनुपालन की अपनी आंतरिक जांच जारी रखने को कहा।
इसे भी पढ़ेंः एनवीडिया में जेनसन हुआंग की वापसी, बोर्ड ने फिर से सीईओ और अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी
एनवीडिया के निदेशक मंडल ने सोमवार को सर्वसम्मति से हुआंग को फिर से कंपनी का अध्यक्ष और सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर बोर्ड इस नतीजे पर पहुंचा कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। हुआंग की सीईओ पद पर वापसी की खबर आने के बाद एनवीडिया का शेयर अमेरिकी शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान 33 प्रतिशत तक उछल गया।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए