दुनिया

नॉर्वे जा रहे जेलेंस्की के विमान के पास आया अज्ञात ड्रोन, बाल-बाल बचे यूक्रेन के राष्ट्रपति

मोल्दोवा से नॉर्वे जाते समय जेलेंस्की का विमान एक अज्ञात ड्रोन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे ने घटना की पुष्टि की है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की उस समय बाल-बाल बच गए, जब मोल्दोवा से नॉर्वे के लिए उड़ान भरते समय उनके विमान के सामने एक अज्ञात ड्रोन आ गया। जेलेंस्की नॉर्वे के दिवंगत राजा हेराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ओस्लो जा रहे थे। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे ने बुधवार को सरकारी प्रसारक एनआरके से बातचीत में इस घटना की पुष्टि की और कहा कि इससे यूक्रेनी राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान सामने आए सुरक्षा खतरे की गंभीरता का पता चलता है। हालांकि, यूक्रेन के अधिकारियों ने अभी इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मोल्दोवा से उड़ान के दौरान मंडराया खतरा

प्रधानमंत्री स्टोरे ने एनआरके को बताया कि मोल्दोवा से उड़ान भरते समय जेलेंस्की का विमान एक अज्ञात ड्रोन के सामने आ गया। उन्होंने कहा कि यही वह वास्तविकता है, जिसका यूक्रेनी राष्ट्रपति को सामना करना पड़ता है। नॉर्वे के प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य सचिव भानुजा रसियाह ने भी एनआरके को बताया कि मोल्दोवा के हवाई क्षेत्र में ड्रोन का खतरा था और इसी वजह से जेलेंस्की की ओस्लो जाने वाली उड़ान में देरी हुई।

ओस्लो पहुंचने के बाद खुद जेलेंस्की ने बताया

जेलेंस्की मंगलवार शाम सुरक्षित ओस्लो पहुंच गए थे। वह मोल्दोवा से रवाना होकर राजा हेराल्ड के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे। इस समारोह में दुनिया के कई नेता और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हुईं। इससे पहले जेलेंस्की ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे से मुलाकात भी की थी। नॉर्वे के वित्त मंत्री जेन्स स्टोल्टेनबर्ग ने भी इस घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि ओस्लो पहुंचने के कुछ समय बाद जेलेंस्की ने खुद उन्हें इस बारे में बताया था।

स्टोल्टेनबर्ग बोले- विमान को लेकर कुछ खतरे थे

स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि जेलेंस्की ने मंगलवार रात हुई बैठक में उन्हें घटना के बारे में बताया था। उन्होंने कहा कि वह इसके विवरण में नहीं जाना चाहते, लेकिन जेलेंस्की की उड़ान में देरी हुई थी और विमान को लेकर कुछ खतरे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास इतनी जानकारी नहीं है कि वह इसके बारे में और कुछ बता सकें। स्टोल्टेनबर्ग के मुताबिक, जेलेंस्की को वहां से निकलने में कुछ परेशानियां हुईं, लेकिन यूक्रेन से बाहर निकलना कभी आसान नहीं होता। इसके बावजूद उन्होंने अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जरूरी समय और प्रयास किया।

अंतिम संस्कार में जेलेंस्की की मौजूदगी रही अहम

स्टोल्टेनबर्ग ने कहा कि सुरक्षा से जुड़े जोखिमों के बावजूद अंतिम संस्कार में जेलेंस्की की मौजूदगी महत्वपूर्ण थी। एनआरके के मुताबिक, उन्होंने बुधवार को राजा हेराल्ड के अंतिम संस्कार के दौरान जेलेंस्की को दुनिया के दूसरे नेताओं के साथ चलते देखना प्रभावशाली बताया। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद जेलेंस्की ने एक्स पर दिवंगत राजा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि यूक्रेन नॉर्वे की ओर से मिली मदद के लिए हमेशा आभारी रहेगा। जेलेंस्की ने यह भी कहा कि यह समर्थन सिर्फ नॉर्वे की सरकार की ओर से नहीं, बल्कि शाही परिवार और वहां के लोगों की ओर से भी मिला है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए