
अमेरिकी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया को गंभीर कदाचार के आरोप में पद से हटा दिया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इसकी जानकारी दी है। उन पर करीब एक साल तक ईरान और यूक्रेन युद्ध से जुड़ी गोपनीय सैन्य जानकारी दो अलग-अलग मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को देने का आरोप है।
एक रक्षा अधिकारी ने बुधवार देर रात बताया कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ‘जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ’ के रणनीति, योजना और नीति प्रमुख आर्मी लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्वेनिया को उनके पद से बर्खास्त कर दिया।
नाम न उजागर करने की शर्त पर पेंटागन के एक अधिकारी ने बताया कि जनरल सिल्वेनिया के खिलाफ ईरान युद्ध, रूस-यूक्रेन संघर्ष और अन्य संवेदनशील विषयों से जुड़ी गोपनीय जानकारी मीडिया के साथ साझा करने के आरोपों की जांच की जा रही थी।
एक बयान में दावा किया गया है कि गोपनीय जानकारी लीक करने के मामले में सिल्वेनिया तीन पॉलीग्राफ टेस्ट पर खरे नहीं उतर पाए थे।
एक आंतरिक जांच रिपोर्ट के मुताबिक, सिल्विया ने पत्रकारों से जानकारी साझा करने की बात स्वीकार की है। जांच के दौरान वह तीन पॉलीग्राफ यानी झूठ पकड़ने वाले परीक्षणों में भी विफल रहे। मामला आगे की कार्रवाई के लिए अमेरिकी न्याय विभाग को भेज दिया गया है, जबकि जांच अभी जारी है।
पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में सिल्वेनिया का नाम लिए बिना कहा कि विभाग ने ‘‘संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की है’’ और इस मामले को ‘‘कानूनी कार्रवाई’’ के लिए न्याय विभाग को सौंप दिया गया है।
जनरल सिल्वेनिया की ओर से इस घटनाक्रम पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए