दुनिया

दुनिया की खबरें: होर्मुज जलडमरूमध्य में 3 जहाजों पर हमला और तुर्किये से प्रतिबंध हटाएगा अमेरिका

‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स’ (यूकेएमटीओ) ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार को ड्रोन से निशाना बनाए गए तीसरे जहाज को मामूली नुकसान पहुंचा, लेकिन उसमें सवार कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

ब्रिटिश सेना ने कहा कि मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन जहाजों को निशाना बनाया गया। हाल के दिनों में फारस की खाड़ी के संकरे मुहाने से गुजरने वाले कई जहाजों पर हमले हुए हैं। हालांकि, इन हमलों की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है, लेकिन माना जा रहा है कि इनके पीछे ईरान का हाथ हो सकता है।

‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स’ (यूकेएमटीओ) ने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार को ड्रोन से निशाना बनाए गए तीसरे जहाज को मामूली नुकसान पहुंचा, लेकिन उसमें सवार कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। उसने बताया कि हमले के बाद भी जहाज ने अपनी यात्रा जारी रखी।

इससे पहले, यूकेएमटीओ ने बताया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य से ओमान की खाड़ी की तरफ जा रहे एक टैंकर को मंगलवार तड़के एक प्रक्षेपास्त्र से निशाना बनाया गया, जिससे उसमें आग लग गई।

उसने कुछ घंटे बाद बताया था कि ओमान के तट के पास प्रक्षेपास्त्र से निशाना बनाए गए एक और जहाज में आग लग गई, लेकिन हमले में उसमें सवार कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।

Published: undefined

चीन में भीषण बाढ़ में 20 लोगों की मौत, फार्म ढहने से 900 सांप बाहर निकलकर फैले

चीन में आई भीषण बाढ़ में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 331 अन्य घायल हो गए। बाढ़ के बीच सांपों को लेकर भी दहशत फैल गई, क्योंकि पानी के तेज प्रवाह में एक फार्म के ढह जाने से वहां से करीब 900 सांप बाहर निकलकर फैल गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात से चीन के कई इलाकों में भीषण बारिश, बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की खबर के अनुसार, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अधिकारियों को बाढ़ से बचाव, राहत और घायलों के इलाज के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए।

हेंगझोउ में सोमवार रात आंधी-तूफ़ान और बाढ़ के बीच एक फार्म के ढहने से वहां से सारे सांप बाहर निकल गए। हांगकांग स्थित ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की खबर के अनुसार, सामने आए एक वीडियो में लोग कमर तक भरे पानी में लाठियां लेकर खड़े दिखाई दे रहे हैं और सांपों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

गांव के अधिकारी वू झी ने ‘रेड स्टार न्यूज पोर्टल’ को बताया कि ज्यादातर सांप जहरीले नहीं थे और उन्हें पकड़ने के लिए मछली पकड़ने वाले जाल और स्टन गन के साथ 10 लोगों की एक टीम बनाई गई। उन्होंने ग्रामीणों को आगाह किया कि अगर उन्हें अपने घरों में कोई सांप मिले तो वे उसे हाथ से पकड़ने की कोशिश न करें।

केंद्रीय अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण देशभर की 62 नदियों का जलस्तर बाढ़ चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात पूर्वी हुबेई प्रांत में आए बवंडर, तूफान और तेज आंधी में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है।

‘शिन्हुआ’ की खबर के अनुसार, प्रतिकूल मौसम की इन घटनाओं में तीन इलाकों में कम से कम 331 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इन घटनाओं में 22 इमारतें पूरी तरह धवस्त हो गईं, जबकि 4,855 अन्य इमारतों को आंशिक नुकसान पहुंचा।

Published: undefined

तुर्किये से प्रतिबंध हटाएगा अमेरिका : ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका तुर्किये पर से वे प्रतिबंध हटा लेगा जो अंकारा द्वारा रूसी मिसाइल रक्षा प्रणाली खरीदने के बाद लगाए गए थे। इसी खरीद की वजह से तुर्किये को एफ-35 लड़ाकू विमान कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया था।

तुर्किये को अमेरिकी कार्यक्रम में पूरी तरह से वापस शामिल करने से पहले अब भी कई कानूनी अड़चनें हैं, लेकिन ‘काउंटरिंग अमेरिकाज एडवर्सरीज थ्रू सैंक्शंस एक्ट’ (सीएएटीएसए) के तहत लगाए गए प्रतिबंधों को हटाने से अंकारा के लिए एफ-35 तक फिर से पहुंच हासिल करने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी। यह तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन का एक मुख्य लक्ष्य है और ट्रंप ने भी भविष्यवाणी की थी कि आखिरकार ऐसा होगा।

अंकारा में राष्ट्रपति भवन में एर्दोआन के साथ बैठक के दौरान एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, “हम प्रतिबंध हटाने जा रहे हैं, ठीक है?” उन्होंने कहा कि कैबिनेट अधिकारी इस मामले पर काम कर रहे हैं।

इससे पहले, उन्होंने कहा था कि तुर्किये को एफ-35 बेचने की संभावना पर “निश्चित रूप से विचार किया जाएगा”।

Published: undefined

एक दशक से अधिक समय बाद सीरिया और फ्रांस फिर नियुक्त करेंगे राजदूत

सीरिया और फ्रांस के राष्ट्रपतियों ने घोषणा की है कि दोनों देशों ने एक दशक से अधिक समय बाद फिर से अपने-अपने राजदूत नियुक्त करने पर सहमति बना ली है। इसे वर्षों तक चले गृहयुद्ध से उबर रहे सीरिया के लिए राजनयिक संबंधों की बहाली की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की दमिश्क की ऐतिहासिक यात्रा के दौरान उन्होंने और सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने संयुक्त प्रेस वार्ता में यह घोषणा की। यह घोषणा ऐसे समय हुई जब कुछ घंटे पहले ही सीरिया की राजधानी दमिश्क में विस्फोट हुए। अल-शरा ने कहा, ‘‘हमारी यह मुलाकात एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।’’

फ्रांस ने 2012 में सीरिया में गृहयुद्ध के दौरान अपना दूतावास बंद कर दिया था, लेकिन 2025 की शुरुआत में प्रतीकात्मक रूप से उसे फिर से खोल दिया। मैक्रों लगभग दो दशकों में सीरिया की यात्रा करने वाले पहले फ्रांसीसी राष्ट्रपति हैं।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined

  • बड़ी खबर LIVE: राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपों पर चंपत राय की आई पहली प्रतिक्रिया, बोले- SIT रिपोर्ट के बाद दूंगा जवाब

  • ,
  • राम मंदिर चंदा चोरी में केवल धन की नहीं, करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की भी चोरी की गई: सुखविंदर सिंह सुक्खू

  • ,
  • कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा चोरी के खिलाफ शुरू किया अभियान, यूपी, महाराष्ट्र, हिमाचल समेत कई राज्य में पदयात्रा

  • ,
  • राम मंदिर चंदा चोरी मामला: 'एसआईटी रिपोर्ट के बाद देंगे जवाब', इस्तीफे के बाद चंपत राय का पहला बयान

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार में चार दिन से जारी तेजी थमी और सोने और चांदी में लगातार दूसरे दिन गिरावट