दुनिया

दुनिया की खबरें: ईरानी सांसद की धमकी, अगर हमला हुआ तो काट देंगे समुद्र के नीचे मौजूद इंटरनेट केबल और इबोला का कहर

एक ईरानी सांसद महमूद नबावियन ने भी ऐसा ही कुछ दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर ईरान के खिलाफ होर्मुज के खिलाफ कुछ किया गया तो हम समुद्र के नीचे से गुजरने वाली केबल काट देंगे।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

ईरान और अमेरिका के बीच अस्थायी संघर्षविराम जारी है। लंबे समय से समुद्र के नीचे से गुजरने वाले केबल्स के भविष्य को लेकर दुनिया के कई देश सशंकित है। इसकी एक वजह आईआरजीसी की वो धमकी भी है जो उसने अप्रैल में दी थी। गुरुवार को एक ईरानी सांसद महमूद नबावियन ने भी ऐसा ही कुछ दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर ईरान के खिलाफ होर्मुज के खिलाफ कुछ किया गया तो हम समुद्र के नीचे से गुजरने वाली केबल काट देंगे।

ईरान ने अभी तक समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल्स को नुकसान नहीं पहुंचाया है, लेकिन उसने ऐसी कार्रवाई की चेतावनी जरूर दी थी। यह चेतावनी खास तौर पर फारस की खाड़ी और होर्मुज से गुजरने वाली फाइबर-ऑप्टिक केबल्स को लेकर दी गई। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने अमेरिका और पश्चिमी देशों के बढ़ते दबाव और पाबंदियों के जवाब में एक बयान जारी किया था।

स्पष्ट कहा था कि अगर उस पर दबाव बढ़ाया गया या नौसैनिक नाकेबंदी जैसी स्थिति बनी, तो वह रणनीतिक जवाब दे सकता है। होर्मुज से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण सबमरीन केबल्स जैसे फैल्कन और एएई-1 खाड़ी देशों की इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं के लिए बेहद अहम हैं। कतर, बहरीन और कुवैत जैसे देश इन पर काफी हद तक निर्भर हैं।

वहीं गुरुवार को नबावियन ने एक्स पर चेतावनी जारी की। उन्होंने कहा, "ईरान समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबलों को काट सकता है, जिससे वैश्विक इंटरनेट सेवाएं, डिजिटल अर्थव्यवस्था और बैंकिंग प्रणाली कई वर्षों तक प्रभावित हो सकती है।"

नबावियन के अनुसार, अमेरिका-इजरायल होर्मुज में अगर ईरान की संप्रभुता के खिलाफ कोई भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई करेंगे तो उससे वैश्विक संकट आना तय है।उन्होंने कहा, “ईरान की संप्रभुता पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”

Published: undefined

बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप, वैक्सीन कमी पर यूनिसेफ की चेतावनी का खुलासा

बांग्लादेश में खसरा दिन पर दिन खतरनाक स्वरूप लेता जा रहा है। बढ़ते मामलों के बीच यूनिसेफ ने दावा किया कि उसने पहले ही देश की पूर्व अंतरिम सरकार को वैक्सीन की कमी को लेकर कई बार चेतावनी दी थी। संस्था के मुताबिक उसने स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ हुई बैठकों और खतों के जरिए वैक्सीन की कमी की जानकारी दी थी।

बांग्लादेश में यूनिसेफ की प्रतिनिधि राणा फ्लावर्स ने ढाका में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि संस्था ने स्वास्थ्य मंत्रालय को इस मुद्दे पर 5–6 पत्र भेजे और लगभग 10 बैठकों में इस मुद्दे को उठाया था।

डेली स्टार ने उनके बयान को प्रकाशित किया है। राणा ने कहा कि 2024 से 2026 के बीच लगातार यह चेतावनी दी गई कि वैक्सीन की कमी के कारण बड़ा स्वास्थ्य संकट पैदा हो सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, यूनिसेफ ने यह भी कहा कि उनके उप कार्यकारी निदेशक टेड शायबान ने पिछले साल अगस्त में बांग्लादेश यात्रा के दौरान विदेश मंत्रालय के साथ बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया था।

संस्था ने यह भी स्पष्ट किया कि वह खसरे के प्रकोप की जांच में सबूत और सहयोग प्रदान करेगी, जिसकी जांच बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) सरकार द्वारा शुरू की गई है।

बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री सकावत हुसैन ने दावा किया कि मौजूदा सरकार को वैक्सीन की गंभीर कमी विरासत में मिली है, और जब तारिक रहमान ने प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला, तब स्टॉक में एक भी खुराक उपलब्ध नहीं थी।

Published: undefined

यूक्रेन ने रूस के अंदरुनी इलाके में तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने का दावा किया

यूक्रेन ने बुधवार रात ड्रोन हमले कर रूस के अंदरुनी इलाके में तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जिससे उसमें आग लग गई और धुएं का गुबार देखा गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को यह दावा किया।

यूक्रेन द्वारा रूस के महत्वपूर्ण तेल उद्योग पर लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों से हमला करने की यह नवीनतम घटना है।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कथित हमले का एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि ड्रोन ने रूस के अंदर 800 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित सिज़रान तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया। जेलेंस्की द्वारा साझा किये गए वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, रूस के समारा क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव फेडोरिश्चेव ने कहा कि सिज़रान में यूक्रेनी ड्रोन हमले में दो लोग मारे गए, लेकिन उन्होंने रिफाइनरी का जिक्र नहीं किया।

रूस के एस्ट्रा समाचार संस्थान ने कहा कि यूक्रेन ने ड्रोन से तेल और गैस क्षेत्र की दिग्गज कंपनी रोसनेफ्ट के स्वामित्व वाली सिज़रान रिफाइनरी पर हमला किया। यूक्रेन ने एक दिन पहले भी रूस की एक अन्य रिफाइनरी को निशाना बनाने का दावा किया था।

Published: undefined

इजराइल ने सैंकड़ों नौका कार्यकर्ताओं को वापस भेजना शुरू किया

इजराइल ने गाजा की नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने का प्रयास करने वाले सैकड़ों कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया है और उन्हें वापस भेजा जा रहा है। नौका बेड़े के लिए काम करने वाले एक कानूनी संगठन ने यह जानकारी दी।

‘लीगल सेंटर फोर अरब माइनोरिटी राइट्स इन इजराइल’ नामक इस संगठन ने बृहस्पतिवार को कहा कि सभी अंतरराष्ट्रीय कार्यकर्ता निर्वासन के लिए दक्षिणी इजराइली शहर एलाट के पास एक नागरिक हवाई अड्डे की ओर जा रहे हैं। यह संगठन अदलाह के नाम से जाना जाता है।

इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि उन्होंने इन कार्यकर्ताओं को ‘जितनी जल्दी हो सके’ निर्वासित करने का निर्देश दिया है। इससे पहले उन्होंने इजराइल के गृहमंत्री को उस भड़काऊ वीडियो के लिए कड़ी फटकार लगाई थी जिसमें वह हथकड़ी पहने और घुटनों के बल बैठे हुए हिरासत में लिए गए इन कार्यकर्ताओं का मजाक उड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

नेतन्याहू ने कहा कि वैसे तो इजराइल को हमास आतंकवादियों के समर्थकों के ‘उत्तेजक बेड़ों’ को रोकने का पूरा अधिकार है, लेकिन मंत्री इतामार बेन-ग्वीर द्वारा कार्यकर्ताओं से निपटने का तरीका ‘इज़राइल के मूल्यों और मानदंडों के अनुरूप नहीं था।’

Published: undefined

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ 23 से 26 मई तक चीन की यात्रा पर

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 23 से 26 मई तक चीन की यात्रा पर आएंगे तथा इस दौरान वह राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग से मुलाकात करेंगे।

चीन के विदेश मंत्रालय के गुओ जियाकुन ने बृहस्पतिवार को यहां प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि शरीफ ली के न्यौते पर आ रहे हैं।

गुओ ने कहा कि शरीफ की यह यात्रा दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय आदान-प्रदान होगी।

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर घनिष्ठ संवाद बनाए रखा है, अपने साझा हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा की है और क्षेत्रीय शांति, स्थिरता एवं विकास को बढ़ावा दिया है।

उन्होंने कहा कि चीन को उम्मीद है कि दोनों पक्ष इस यात्रा को पारंपरिक मित्रता को आगे बढ़ाने, सहयोग को गहरा करने एवं घनिष्ठ चीन पाकिस्तान संबंधों को और गहरा करने की दिशा में एक नया अध्याय लिखने के अवसर के रूप में लेंगे।

शी जिनपिंग ने बृहस्पतिवार को दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ पर अपने पाकिस्तानी समकक्ष आसिफ अली जरदारी को बधाई भी दी।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार शी ने कहा कि चीन और पाकिस्तान के बीच की दोस्ती हमेशा से चट्टान की तरह मजबूत एवं अटूट रही है।

Published: undefined

कांगो में इबोला संक्रमण का प्रकोप बढ़ने की चेतावनी, अधिक सहायता पहुंचाने की अपील

पूर्वी कांगो में इबोला संक्रमण से निपट रहे स्वास्थ्यकर्मियों और राहत सहायता समूहों ने बृहस्पतिवार को आगाह किया कि इसका प्रकोप बढ़ सकता है। उन्होंने अधिक आपूर्ति बढ़ाने और अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की अपील की।

स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि सशस्त्र समूह एक ऐसे क्षेत्र की सुरक्षा को लगातार खतरा पहुंचा रहे हैं जो पहले से ही विस्थापन और मानवीय संकट से जूझ रहा है।

अलीमा नामक एक सहायता समूह के बुनिया क्षेत्र समन्वयक हामा अमाडो ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया, ‘‘स्थिति चिंताजनक है क्योंकि संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यह कई क्षेत्रों में फैल रहा है। इसलिए सभी को एकजुट होना होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम अभी नहीं कह सकते कि स्थिति नियंत्रण में है।’’

स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि इबोला वायरस के बुंडीबुग्यो प्रकार से निपटने के लिए कोई टीका या दवा उपलब्ध नहीं है, जो पहली ज्ञात मौत के बाद हफ्तों तक बिना पता चले फैलता रहा।

इबोला वायरस के संक्रमण से अब तक 139 संदिग्ध मौतें हुई हैं और लगभग 600 संदिग्ध मामले सामने आए हैं।

Published: undefined