
s मोल्दोवा के प्रधानमंत्री एलेक्जेंड्रु मुंटेनु ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। मुंटेनु के इस अप्रत्याशित कदम से सरकार पर संकट गहरा गया है। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया।
मुंटेनु का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब यूरोपीय संघ की सदस्यता के उम्मीदवार इस देश में नेतृत्व संभाले उन्हें एक वर्ष से भी कम समय हुआ था।
मुंटेनु ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, “आज (शुक्रवार को) मैं प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त कर रहा हूं। जिस क्षण मुझे यह महसूस हुआ कि मैं अब अपने सिद्धांतों और विश्वासों के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर सकता, मैंने पद छोड़ने का निर्णय लिया।”
उन्होंने कहा, “मैंने प्रधानमंत्री पद बड़ी जिम्मेदारी और इस मजबूत विश्वास के साथ स्वीकार किया था कि मैं परिस्थितियों को बेहतर बनाने में योगदान दे सकता हूं।”
मोल्दोवा में जब कोई प्रधानमंत्री अपने इस्तीफे की घोषणा करता है, तो वह तुरंत प्रभाव से लागू हो जाता है लेकिन नई मंत्रिपरिषद के गठन तक कार्यवाहक सरकार काम करती रहती है।
मोल्दोवा की राष्ट्रपति माइया सांदु ने मुंटेनु के इस्तीफे के बाद प्रेस में जारी एक बयान में मोल्दोवा के लिए ‘जटिल दौर’ के दौरान मुंटेनु के नेतृत्व के लिए उनका धन्यवाद किया लेकिन साथ ही कहा कि वह ‘कठिन फैसलों में अधिक भागीदारी और लोगों की बात सुनने के प्रति अधिक खुलेपन’ की अपेक्षा करती थीं।
Published: undefined
फ्रांस में पिछले महीने पड़ी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के समय सबसे गर्म सप्ताह के दौरान मौतों की संख्या में लगभग एक-तिहाई की बढ़ोतरी हुई। सार्वजनिक स्वास्थ्य प्राधिकरण ‘पब्लिक हेल्थ फ्रांस’ ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। प्राधिकरण ने बताया कि इस दौरान पिछले सप्ताह की तुलना में कम से कम 2,000 ज्यादा मौतें दर्ज की गईं।
प्राधिकरण के नए आंकड़ों के अनुसार मृतकों की संख्या उसके पिछले रविवार के शुरुआती अनुमान से दोगुनी हो गई है। उस समय प्राधिकरण ने कम से कम 1,000 अतिरिक्त मौतों का अनुमान लगाया था। वह अनुमान केवल भीषण और जानलेवा गर्मी वाले तीन सबसे गर्म दिनों पर आधारित था।
पेरिस में अंतिम संस्कार सेवाओं से जुड़े लोगों ने कहा है कि उन्हें दफनाने या अंतिम संस्कार से पहले शवों को रखने के लिए जगह ढूंढ़ने में परेशानी हो रही है। कुछ शवगृह पूरी तरह भर चुके हैं और वहां शव लेने से इनकार किया जा रहा है।
प्राधिकरण की ओर से जारी मौतों के ताजा आंकड़े 22 जून से 28 जून के सप्ताह के हैं। इसी दौरान फ्रांस के इतिहास में सबसे अधिक गर्मी पड़ी और देश के कई शहरों व कस्बों में दिन और रात के तापमान के पुराने रिकॉर्ड टूट गए। इस गर्मी ने यूरोप के कई अन्य हिस्सों में भी अधिकतम तापमान से जुड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए। प्राधिकरण ने कहा कि उसने उस सप्ताह के दौरान 8,973 मौतें दर्ज कीं।
Published: undefined
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कई दिन तक चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम की शुक्रवार को जारी तैयारियों के बीच तेहरान में बैनर लगाकर लोगों से उस विनाशकारी युद्ध के बाद इस्लामी गणराज्य के समर्थन में खड़े होने का आह्वान किया गया जिसमें 86 वर्षीय खामेनेई की मौत हो गई थी।
ईरान सरकार का आकलन है कि शनिवार से राजधानी की सड़कों पर लाखों लोग उतरेंगे। यह दृश्य 1989 में दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला रूहुल्ला खुमैनी के अंतिम संस्कार जैसा हो सकता है।
इससे खासकर ऐसे समय में ईरान सरकार का मनोबल बढ़ाने में मदद मिल सकती है, जब वह युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत में होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण का लाभ उठाने की कोशिश कर रही है। इस बीच, इस बात की आशंका भी बनी हुई है कि इजराइल दोबारा हमला कर सकता है।
ईरान के अर्धसैनिक ‘रिवोल्यूशनरी गार्ड’ के प्रमुख जनरल अहमद वाहिदी कई महीनों बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आए। अन्य शीर्ष सरकारी अधिकारियों और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना है।
अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे स्वयंसेवक मोहम्मद हुसैन रजाई ने कहा, ‘‘जब तक ईश्वर द्वारा चुने गए ये लोग मैदान में हैं, हम इस्लामी गणराज्य की ‘अपमान को ना’ कहने वाली नीति पर निश्चित रूप से चलते रहेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम स्वतंत्रता की अपनी नीति जारी रखेंगे। फैसले देश के भीतर लिए जाएंगे और लोग अपना भविष्य स्वयं तय करेंगे।’’
ईरानी ध्वज में लिपटा खामेनेई का ताबूत तेहरान स्थित ‘ग्रैंड मोसल्ला’ में रखा गया। उसके पास उनके उन परिजनों के ताबूत भी रखे गए जो 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के शुरुआती क्षणों में इजराइली हवाई हमले में मारे गए थे।
मारे गए लोगों में खामेनेई के एक दामाद, उनकी सबसे बड़ी बेटी, 14 महीने की नातिन और ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई की पत्नी शामिल हैं।
मुजतबा खामेनेई पूर्व सर्वोच्च नेता के पुत्र हैं और हमले में कथित रूप से घायल होने के बाद से सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं।
धार्मिक नेताओं और विदेशी गणमान्य व्यक्तियों ने खामेनेई के ताबूत के पास जाकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सैन्य बैंड ने धुन बजाई और एक व्यक्ति ने फातिहा पढ़ा।
Published: undefined
सीरिया की राजधानी दमिश्क के एक कैफ़े में बृहस्पतिवार को एक विस्फोटक उपकरण में धमाका हुआ, जिससे कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। सीरिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
सीरिया के सरकारी 'अल-इखबारिया' नेटवर्क की रिपोर्ट के अनुसार, मंत्रालय ने बताया कि मुख्य अदालत परिसर के पास हुए इस विस्फोट में 20 लोग घायल भी हुए हैं।
मंत्रालय ने बताया कि फिलहाल किसी भी समूह ने तुरंत इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा बल तुरंत कैफ़े पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी। वे इस हमले की जांच कर रहे हैं।
दमिश्क के गवर्नर माहेर इद्लिबी ने कहा कि गृह मंत्रालय जल्द ही अपनी प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों की घोषणा करने वाला है। इद्लिबी ने बताया कि वह उपकरण "साधारण" लग रहा था और उन्होंने संकल्प लिया कि इस घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे एक वीडियो में कई घायल लोग ज़मीन पर पड़े दिखाई दे रहे थे, और पास ही पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। बाद में एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंचीं, जिन्होंने मौके पर ही लोगों का प्राथमिक उपचार किया और गंभीर रूप से घायलों को सीरिया की राजधानी के अस्पतालों में पहुंचाया।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined