दुनिया

दुनिया की खबरें: होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर, ईरान ने लगाया नियमों के उल्लंघन का आरोप

नौसेना के बयान के अनुसार, यह घटना बुधवार तड़के उस समय हुई जब तेल टैंकर जलडमरूमध्य के पूर्व में स्थित एक 'असुरक्षित और प्रतिबंधित' क्षेत्र से गुजर रहा था।

फोटो: IANS
फोटो: IANS 

होर्मुज स्‍ट्रेट के पूर्वी हिस्से में एक और तेल टैंकर में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग लग गई। ईरान की नौसेना ने बुधवार को कहा कि तेल टैंकर ने न‍ियमों का उल्‍लंघन क‍िया और हादसे का शिकार हो गया।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, नौसेना के बयान के अनुसार, यह घटना बुधवार तड़के उस समय हुई जब तेल टैंकर जलडमरूमध्य के पूर्व में स्थित एक 'असुरक्षित और प्रतिबंधित' क्षेत्र से गुजर रहा था। ईरानी नौसेना ने कहा कि उसकी सेनाएं जलडमरूमध्य के पूर्वी जलक्षेत्र पर लगातार नजर रख रही हैं। उसने जोर देकर कहा कि इस जलमार्ग से सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय और समुद्री नियमों का पालन जरूरी है।

इस बीच, ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अली अब्दुल्लाही ने अमेरिका और इजरायल को नई गलतियां करने से बचने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जो भी स्थान ईरान के इस्लामिक गणराज्य के खिलाफ खतरे का केंद्र बनेगा, वह असमान सैन्य अभियानों का सीधा निशाना होगा।

ईरानी मीडिया में जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की ओर से दिए गए किसी भी आदेश का सशस्त्र बल बिना किसी हिचकिचाहट के पालन करेंगे।

इससे एक दिन पहले, मंगलवार को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने दावा किया था कि होर्मुज स्‍ट्रेट में 'अनधिकृत मार्ग' से गुजर रहे दो तेल टैंकरों में बड़े विस्फोट हुए। आईआरजीसी नौसेना के अनुसार, दोनों टैंकरों ने अपने सभी नेविगेशन और पहचान संबंधी सिस्टम बंद कर दिए थे। इसके बाद उनमें आग लग गई और वे रुक गए।

इटली में 300 स्‍कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, अफरा-तफरी के बीच खाली कराई गईं इमारतें

इटली में बुधवार को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद सैकड़ों स्कूलों को खाली कराया गया। यह धमकी एक ईमेल के जरिए कई स्कूलों के प्रशासन को भेजी गई। इस घटना से देशभर में चिंता और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सरकारी समाचार चैनल 'राई न्यूज 24' के मुताबिक, देशभर के कई स्कूलों के प्रशासन को ईमेल के जरिए बस धमकी की सूचना भेजी गई। इतालवी टीवी चैनल 'ला7' ने इटली के शिक्षा मंत्री ग्यूसेप वाल्डिटारा के हवाले से बताया कि 300 स्कूल इस धमकी से प्रभावित हुए हैं और यह संख्या बढ़ भी सकती है। इनमें रोम, मिलान, फ्लोरेंस और अन्य बड़े शहरों के स्कूल भी शामिल हैं।

स्थिति को देखते हुए पुलिस और 'काराबिनिएरी' (इटली की सैन्य पुलिस) ने बम निरोधक विशेषज्ञों के साथ सुरक्षा जांच शुरू कर दी। हालांकि, अब तक किसी भी स्कूल में धमकी को सही साबित करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। फिर भी एहतियात के तौर पर छात्रों और शिक्षकों को घर भेज दिया गया।

समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हालात की समीक्षा के लिए स्थानीय समयानुसार शाम 4 बजे आपात कैबिनेट बैठक बुलाई। 'ला रिपब्लिका' की र‍िपोर्ट के अनुसार, धमकी भरा ईमेल रोम प्रांत के कम से कम 12 स्कूलों, जिनमें प्राथमिक स्कूल और नर्सरी भी शामिल हैं, को भेजा गया था। इसी तरह मिलान और आसपास के लोम्बार्डी क्षेत्र के 12 स्कूलों तथा नेपल्स और कैंपनिया क्षेत्र के 12 स्कूलों को भी यह ईमेल मिला। इसके अलावा ट्यूरिन, सैनरेमो, विसेंजा, बारी, कैग्लियारी और पालेर्मो के स्कूलों को भी निशाना बनाया गया।

'ला रिपब्लिका' ने एक स्कूल के स्टाफ द्वारा उपलब्ध कराए गए ईमेल की प्रति प्रकाशित की है, जिसमें लिखा था, "मैं मिखाइल एंड्रोपोव हूं, विलायत मिसोगिनिस्तान का नेता। हम तुम्हें खत्म करने आए हैं। हम इटालियनों के खिलाफ नरसंहार करेंगे।"

अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को ईरान ने बताया आतंकवादी संगठन

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को आतंकी संगठन घोषि‍त करने के जवाब में ईरान ने भी अर्जेंटीना की नौसेना और वायु सेना को आतंकवादी संगठन घोषित कर द‍िया है।

ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि यह फैसला अर्जेंटीना सरकार की ओर से मार्च के अंत में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) को आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के जवाब में लिया गया है।

अपने बयान में ईरान ने अर्जेंटीना के फैसले को 'शत्रुतापूर्ण' और 'अंतरराष्ट्रीय कानून के बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ' बताया।

मंत्रालय ने कहा कि उसका यह कदम 'पारस्परिक कार्रवाई' के सिद्धांत पर आधारित है। साथ ही, यह उस घरेलू कानून के तहत उठाया गया है, जो अमेरिका की ओर से आईआरजीसी को आतंकवादी संगठन घोषित करने के जवाब में बनाया गया था।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, यह कानून उन देशों के खिलाफ समान जवाबी कदम उठाने की अनुमति देता है, जो वॉशिंगटन की ईरान-विरोधी नीतियों का समर्थन करते हैं या उनका पालन करते हैं।

ईरान ने कहा कि इस फैसले के परिणामों की पूरी जिम्मेदारी अर्जेंटीना सरकार की होगी। मंत्रालय ने कहा कि आईआरजीसी, ईरान की सशस्त्र सेनाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: असम के बाद अब यूपी में रेल हादसा, कानपुर सेंट्रल के पास चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार डिब्बे पटरी से उतरे

  • ,
  • असम के बाद अब कानपुर में बेपटरी हुई ट्रेन, स्टेशन से निकलते ही उतरे चौरी चौरा एक्सप्रेस के डिब्बे, यात्री बेहाल

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार में तेजी जारी, सेंसेक्स 773 अंक चढ़कर बंद और सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

  • ,
  • Sports: अफगान क्रिकेटर रहमत शाह ने रचा इतिहास और पंजाब किंग्स ने हार्दिक पंड्या का ऐसे किया स्वागत

  • ,
  • जन्मदिन विशेष: रेडियो पर गाने के शौक से लेकर हिंदी सिनेमा की सबसे महंगी अभिनेत्री बनने तक, ऐसा रहा माला सिन्हा का सफर