दुनिया

दुनिया की खबरें: रूस और अमेरिका ने परमाणु हथियारों पर चर्चा की और नेपाल में बस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत

रूस और अमेरिका के वार्ताकारों ने दोनों देशों के बीच शेष परमाणु हथियार नियंत्रण संधि की अवधि समाप्त होने पर चर्चा की और नयी हथियार नियंत्रण वार्ता को शीघ्र शुरू करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

 रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने शुक्रवार को कहा कि रूस और अमेरिका के वार्ताकारों ने दोनों देशों के बीच शेष परमाणु हथियार नियंत्रण संधि की अवधि समाप्त होने पर चर्चा की और नयी हथियार नियंत्रण वार्ता को शीघ्र शुरू करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।

‘न्यू स्टार्ट’ संधि बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई। इस तरह, आधी सदी से अधिक समय में पहली बार दुनिया के दो सबसे बड़े परमाणु हथियार भंडार रखने वाले देशों पर कोई सीमा नहीं रह गई है, जिससे बिना नियंत्रण के परमाणु हथियारों की दौड़ शुरू होने की आशंका बढ़ गई है।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि रूसी और अमेरिकी वार्ताकारों ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में इस मुद्दे पर चर्चा की, जहां रूसी, यूक्रेनी और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडलों ने यूक्रेन में शांति समझौते पर दो दिनों तक बातचीत की।

पेस्कोव ने कहा, ‘‘एक सहमति बनी है, और उन्होंने आबू धाबी में इस बारे में बात भी की कि दोनों पक्ष जिम्मेदाराना रुख अपनाएंगे और दोनों देश इस मुद्दे पर जल्द से जल्द बातचीत शुरू करने की आवश्यकता को समझते हैं।’’

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि यदि वॉशिंगटन भी सहमत हो तो रूस एक वर्ष तक और संधि की सीमाओं का पालन करने के लिए तैयार है। हालांकि, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस प्रस्ताव को नजरअंदाज किया और कहा कि वह चीन को भी किसी नयी संधि में शामिल करना चाहते हैं, हालांकि इसे बीजिंग पहले ही खारिज कर चुका है।

ट्रंप ने बृहस्पतिवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, ‘‘न्यू स्टार्ट (अमेरिका द्वारा खराब तरीके से की गई संधि, जिसका गंभीर उल्लंघन किया जा रहा है) को बढ़ाने के बजाय हमें अपने परमाणु विशेषज्ञों को एक नयी, बेहतर और आधुनिक संधि पर काम करने देना चाहिए, जो लंबे समय तक टिक सके।’’

Published: undefined

पश्चिमी नेपाल में बस दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हुई

पश्चिमी नेपाल में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को ले जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इलाज के दौरान पांच और लोगों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया। यह हादसा बृहस्पतिवार को नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश में हुआ था।

काठमांडू पोस्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य ने दादेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे यह दुर्घटना उस समय हुई, जब बैताड़ी जिले के पुरचौड़ी नगरपालिका क्षेत्र से विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को लेकर जा रही बस पहाड़ी सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई।

रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में एक महिला भी शामिल है। इस हादसे में 40 अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना पश्चिमी नेपाल के पुरचौड़ी-7 क्षेत्र के बदगांव में हुई। पुलिस ने बताया कि घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Published: undefined

रोमानिया में बाढ़ का अलर्ट, कड़ाके की ठंड और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित

रोमानिया में बाढ़ को लेकर जारी चेतावनी स्थानीय समयानुसार दोपहर 3 बजे तक प्रभावी रहेगी। यह चेतावनी खतरे की तय सीमा पार होने की आशंका को दर्शाती है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, अधिकारियों ने प्राहोवा काउंटी की टेलेआजे़न नदी और व्रांचेआ काउंटी के मिलकोव नदी बेसिन के लिए स्थानीय समयानुसार दोपहर 12 बजे तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पूर्वी रोमानिया में बारलाद नदी बेसिन के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट लागू है।

रोमानिया की जल विज्ञान एजेंसियां बाढ़ की चेतावनियों को तीन स्तरों- येलो, ऑरेंज और रेड में वर्गीकृत करती हैं। इनमें येलो संभावित बाढ़ जोखिम, ऑरेंज गंभीर खतरे और रेड अत्यधिक आपात स्थिति को दर्शाता है।

संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने जोखिम वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को आपातकालीन अलर्ट संदेश भेजे हैं। प्राहोवा काउंटी में दमकल कर्मियों को कई स्थानों पर जलभराव की शिकायतें मिलीं, जहां उन्होंने आंगनों से पानी निकालने का काम किया। हालांकि, किसी भी घर को नुकसान की सूचना नहीं है।

बुज़ाउ काउंटी में निस्कोव नदी का जलस्तर बढ़ने से मिरेआ गांव तक जाने वाली सड़क अवरुद्ध हो गई, जिससे चार परिवारों के 12 लोग अस्थायी रूप से अलग-थलग पड़ गए। स्थानीय आपात अधिकारियों ने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं और उनके पास पर्याप्त आवश्यक सामग्री मौजूद है।

इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में रोमानिया की राष्ट्रीय मौसम विज्ञान प्रशासन (एएनएम) ने भीषण ठंड और पाले को लेकर कोड येलो चेतावनी जारी की थी, जो देश के आधे से अधिक हिस्सों को प्रभावित कर रही है। यह चेतावनी 28 काउंटियों और राजधानी बुखारेस्ट में सोमवार सुबह 10 बजे से लागू हुई थी और मंगलवार सुबह तक प्रभावी रही।

सप्ताह की शुरुआत में बुखारेस्ट और दक्षिणी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई, जिससे कई सड़कों पर फिसलन भरी और खतरनाक ड्राइविंग स्थितियां बन गईं। सड़क रखरखाव दल लगातार हालात से निपटने में जुटे रहे।

मौसम विभाग ने पहले ही अनुमान जताया था कि फरवरी की शुरुआत में देश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। पहाड़ी इलाकों की घाटियों में रात का तापमान माइनस 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में दिन का तापमान भी शून्य से नीचे रहने की संभावना है।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined