दुनिया

दुनिया की खबरें: ट्रंप ने ईरान के शांति प्रस्ताव को पूरी तरह अस्वीकार्य बताकर खारिज किया और काठमांडू में विमान...

ट्रंप ने रविवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने अभी-अभी ईरान के तथाकथित ‘प्रतिनिधियों’ का जवाब पढ़ा। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया - यह पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी युद्ध को समाप्त करने संबंधी उसके (ईरान) प्रस्ताव को ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’’ करार देते हुए खारिज कर दिया।

ट्रंप को रविवार को ईरान का प्रस्ताव प्राप्त हुआ और उम्मीद जताई जा रही थी कि इससे 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध को समाप्त करने में सफलता मिलेगी। इस युद्ध ने वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम, समुद्री मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है जिससे कई देश ईंधन की कमी का सामना कर रहे हैं।

ट्रंप ने रविवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने अभी-अभी ईरान के तथाकथित ‘प्रतिनिधियों’ का जवाब पढ़ा। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया - यह पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’

इससे पहले ट्रंप ने ईरान पर लगभग 50 वर्षों से अमेरिका के साथ खेल खेलने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, ‘‘अब वे ज्यादा समय तक खुश नहीं रह पाएंगे।’’

ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया संस्थान ‘एक्सियोस’ से कहा, ‘‘मुझे उनका पत्र पसंद नहीं आया। यह ठीक नहीं है। मुझे उनकी प्रतिक्रिया पसंद नहीं आई।” हालांकि उन्होंने ईरान के जवाब के बारे में और अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।

Published: undefined

काठमांडू में उतरते वक्त टर्किश एयरलाइंस के विमान में आग लगी, सभी यात्री सुरक्षित

नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय टर्किश एयरलाइंस के एक विमान में आग लग गई। इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है, लेकिन घटना के बाद हवाई अड्डा का परिचालन करीब दो घंटे के लिए बंद करना पड़ा। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विमान में 277 यात्री और चालक दल के 11 सदस्य सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।

यह घटना सुबह छह बजकर 36 मिनट पर हुई। इस्तांबुल से आ रही टर्किश एयरलाइंस की उड़ान ‘टीके 726’ में हवाई अड्डे पर उतरते समय पिछले पहिये में आग लग गई।

घटना के बाद हवाई अड्डे का परिचालन रोक दिया गया और आग पर काबू पाने के लिए दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं।

अधिकारियों ने बताया कि विमान से सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। सुबह साढ़े आठ बजे के बाद सामान्य उड़ान सेवाएं फिर से शुरू हो गईं।

समाचार पत्र ‘द हिमालयन टाइम्स’ के अनुसार, विमान में पार्थिव देह और सामान भी था। आग लगने की घटना के बाद विमान मुख्य रनवे पर रुक गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं बाधित हुईं। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

टर्किश एयरलाइंस इस्तांबुल से नेपाल के लिए सप्ताह में पांच उड़ानें संचालित करती है। काठमांडू का त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नेपाल को 17 देशों के 40 से अधिक गंतव्यों से जोड़ता है।

Published: undefined

पाकिस्तान में बढ़ी घरेलू हिंसा, कराची में चार महीनों में दर्ज हुए 297 मामले : रिपोर्ट

वुमन एंड चाइल्ड प्रोटेक्शन सेल के आंकड़ों के अनुसार, पाकिस्तान के कराची में इस साल जनवरी से अप्रैल के बीच कम से कम 388 बड़े लोगों और दस बच्चों को घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, दुर्व्यवहार और ऐसे ही अपराधों का सामना करना पड़ा।

रिपोर्ट बताती है कि कराची में घरों के अंदर किस तरह हिंसा हो रही है। घरेलू हिंसा सबसे ज्‍यादा रिपोर्ट की गई समस्या रही। जनवरी से अप्रैल के बीच अधिकारियों को घरेलू हिंसा की 297 शिकायतें मिलीं। इनमें से 190 मामलों का समाधान कर दिया गया, जबकि लगभग 100 मामले अब भी लंबित हैं। इससे पता चलता है कि पीड़ितों को राहत मिलने में देरी हो रही है।

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू हिंसा के मामलों में पुलिस ने तीन औपचारिक केस दर्ज किए। कराची में उत्पीड़न और धमकी के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। प्रोटेक्शन सेल को उत्‍पीड़न और डराने-धमकाने से जुड़ी 83 शिकायतें मिलीं। इनमें से 42 मामलों को सुलझा लिया गया, जबकि 41 शिकायतों पर अभी कार्रवाई चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि उत्‍पीड़न से जुड़े एक मामले में औपचारिक केस दर्ज किया गया।

इसके अलावा, सेल को यौन उत्पीड़न और धमकी से जुड़े 19 मामले भी मिले। इनमें से नौ मामलों का समाधान हुआ, जबकि दस मामले अब भी जांच और कानूनी कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार, ये मामले लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं।

हाल की एक रिपोर्ट में बताया गया कि पाकिस्तान में मानवाधिकार उल्लंघन बढ़ रहे हैं, खासकर कमजोर वर्गों के खिलाफ। महिलाओं को सबसे ज्‍यादा नुकसान झेलना पड़ रहा है और देश में महिलाओं की हत्या का गंभीर संकट बना हुआ है।

पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, जैसे तेजाब हमले, जबरन और कम उम्र में शादी, बलात्कार, मानव तस्करी, जबरन धर्म परिवर्तन और घरेलू हिंसा जैसी घटनाएं अब भी आम हैं। हर साल सैकड़ों महिलाओं की तथाकथित 'ऑनर किलिंग' में हत्या कर दी जाती है, जिनमें कई बार उनके अपने रिश्तेदार शामिल होते हैं। वजह अक्सर परिवार की कथित बदनामी बताई जाती है।

Published: undefined

बलूचिस्तान : कस्टम्स वेयरहाउस में लगी आग से एलपीजी टैंकर में विस्फोट, 35 लोग झुलसे

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग इलाके में रविवार को एक कस्टम्स वेयरहाउस में आग लगने के बाद एलपीजी टैंकर में विस्फोट हो गया। स्थानीय मीडिया ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया क‍ि हादसे में कम से कम 35 लोग झुलस गए।

'डॉन' अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को क्वेटा-कराची हाईवे पर स्थित लकपास इलाके के कस्टम्स परिसर में आग लगी। आग तेजी से फैलकर पार्किंग एरिया तक पहुंच गई। वहां कई गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते आग एलपीजी टैंकर तक पहुंच गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ।

एक अधिकारी ने बताया क‍ि एलपीजी से भरा एक टैंकर आग की लपटों में आ गया और पार्किंग एरिया में विस्फोट हो गया, जिससे भारी तबाही हुई। इस आग में अरबों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घायलों में से चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आग उस गोदाम में लगी थी, जहां कस्टम अधिकारी जब्त किया गया सामान रखते थे, जिसमें कीमती और तस्करी का माल भी शामिल था। देखते ही देखते आग ने कई ट्रकों, दूसरी गाड़ियों और पास में खड़े एलपीजी टैंकर को भी अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर में धमाके के बाद हालात और बिगड़ गए। मस्तुंग के डिप्टी कमिश्नर और दूसरे अधिकारी धमाके की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को क्वेटा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने में काफी मुश्किलें आईं। करीब दस फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश में लगी रहीं। तेज हवाओं, आसपास खड़े दूसरे ज्वलनशील टैंकरों और संकरे रास्तों की वजह से राहत कार्य प्रभावित हुआ। अभी तक आग लगने की असली वजह पता नहीं चल पाई है।

Published: undefined

पश्चिम एशिया संकट के बीच गल्फ से हवाई उड़ानें जारी, भारतीय दूतावास कर रहे पूरी मदद: विदेश मंत्रालय

पश्चिम एशिया संकट बरकरार है। ईरान-अमेरिका के बीच मतभेद जारी है। तेहरान की मांगों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नामंजूर कर दिया है। इस बीच भारत ने स्पष्ट किया है कि इन देशों में मौजूद भारतीय दूतावास अपने नागरिकों के संपर्क में लगातार बने हुए हैं।

दैनिक अंतर मंत्रालयी प्रेस वार्ता में विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (खाड़ी) असीम आर. महाजन ने भारत सरकार का पक्ष रखा।

उन्होंने कहा, "विदेश मंत्रालय गल्फ और पश्चिम एशिया क्षेत्र की स्थिति पर लगातार करीबी नजर बनाए हुए है। हमारा प्रयास इस क्षेत्र में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने पर केंद्रित हैं। जानकारी साझा करने और समन्वित प्रयासों के लिए हम राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ लगातार संपर्क में हैं।"

भारत सरकार ने खाड़ी देशों और मध्य पूर्व में रह रहे अपने नागरिकों की हर संभव मदद करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि मंत्रालय में स्थापित विशेष नियंत्रण कक्ष भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों की पूछताछ का उत्तर देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। क्षेत्र में स्थित हमारे दूतावास और वाणिज्य दूतावास भारतीय नागरिकों को समय पर सहायता प्रदान करने के लिए 24/7 हेल्पलाइन संचालित कर रहे हैं। वे सक्रिय रूप से हमारे नागरिकों की सहायता कर रहे हैं और स्थानीय सरकारों के साथ भी लगातार संपर्क में हैं।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, कुछ देशों ने पूर्णकालिक तो कुछ देशों ने आंशिक हवाई सेवाएं शुरू कर दी हैं, अतिरिक्त उड़ानें भी संचालित की जा रही हैं। यूएई एयरस्पेस पूरी तरह से खुला है। भारत के विभिन्न हवाईअड्डों तक फ्लाइट्स पहुंच रही हैं। सऊदी अरब और ओमान से भी नियमित तौर पर उड़ानें जारी हैं वहीं कतर में आंशिक हवाई सेवाएं शुरू की गई हैं। एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और कतर एयरवेज ये सेवाएं दे रहे हैं।

Published: undefined