दुनिया

दुनिया की खबरें: ट्रंप बोले- इजराइल को चार अरब डॉलर की सहायता रोकेगा अमेरिका, हथियारों की बिक्री जारी रखेगा

ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका 2027 में इजराइल को हर साल दी जाने वाली चार अरब डॉलर की सहायता बंद कर देगा, लेकिन पश्चिम एशिया में अपने सबसे करीबी सहयोगी को हथियारों की बिक्री जारी रखेगा

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

 अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका 2027 में इजराइल को हर साल दी जाने वाली चार अरब डॉलर की सहायता बंद कर देगा, लेकिन पश्चिम एशिया में अपने सबसे करीबी सहयोगी को हथियारों की बिक्री जारी रखेगा।

रिपब्लिकन पार्टी के नेता ट्रंप ने मंगलवार को फोन पर ‘फॉक्स न्यूज चैनल’ से बातचीत में कहा कि इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनके सामने यह विचार रखा था और दोनों इस बारे में पिछले कुछ वर्षों से चर्चा कर रहे हैं।

ट्रंप ने कहा कि इजराइल को इस सहायता की जरूरत नहीं है और अमेरिका को बड़ी रकम खर्च करनी होती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इजराइल को अमेरिकी सहायता का मुद्दा मिशिगन से सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सईद जैसे डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के लिए राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

ट्रंप ने कहा, ''आप इसे वस्तुओं की अदला-बदली मान सकते हैं। आप इसे सैन्य सहायता या नकद राशि मान सकते हैं। देखिए, हम उन्हें चार अरब डॉलर के सामान और धन देते हैं और उन्हें इसकी जरूरत नहीं है। नेतन्याहू ने मुझसे इस बारे में बात की थी और हम पिछले कुछ वर्षों से इस पर चर्चा कर रहे हैं, क्योंकि यह बहुत बड़ी रकम है।''

यूक्रेन में सहायता केंद्र पर रूसी हमले में मृतकों की संख्या 29 हुई, 48 लोग अब भी लापता

दक्षिणी यूक्रेन में मानवीय सहायता लेने के लिए इकट्ठा हुए लोगों पर किये गए रूसी हमले में मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 29 हो गई, जबकि 48 लोग अब भी लापता हैं। रात भर हुए हमलों में देश भर के बिजली संयंत्रों को निशाना बनाया गया, अस्पतालों को नुकसान पहुंचा और इस दौरान कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।

राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक ऑनलाइन पोस्ट में बताया कि रूस ने नौ क्षेत्रों में 289 हमलावर ड्रोन, 17 बैलिस्टिक मिसाइलें और 59 क्रूज मिसाइलें दागीं, जिसके कारण आपातकालीन बिजली कटौती करनी पड़ी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह हमला अमेरिका में चुनावों के समय हुआ है।

उन्होंने कहा, “रूसियों को लगता है कि अमेरिका उनके इस संकेत पर ध्यान नहीं देगा। लेकिन हमें इस पर ध्यान देना होगा और इस तरह के आतंक को रोकना होगा। हमें यूक्रेन की मदद करनी चाहिए ताकि वह अपने आसमान की रक्षा कर सके; वरना, रूस अपने मिसाइल हमले कभी नहीं रोकेगा।”

निर्देशित बम हमले में सबसे पहले यूक्रेन के दक्षिणी जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोम्युशुवाखा गांव में स्थित एक स्कूल की इमारत को निशाना बनाया गया, जिसका इस्तेमाल मानवीय सहायता बांटने के लिए किया जाता था; इसके बाद पास के ही एक आश्रय स्थल को निशाना बनाया गया।

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के कार्यवाहक प्रमुख मिखाइलो सेमकिन ने मंगलवार को बताया कि मृतकों में चार पुलिस अधिकारी और दो बचावकर्मी शामिल थे। कम से कम पांच लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि खारकीव के उत्तर-पूर्वी इलाके में रूस के मिसाइल और ड्रोन के संयुक्त हमले में कम से कम 62 लोग घायल हो गए।

अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी ठिकानों पर हमले किए, स्पष्ट नहीं कि आगे क्या होगा: अधिकारी

अमेरिका ने ईरान के ठिकानों पर हमले किए हैं। अमेरिका के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह कार्रवाई मंगलवार को होने वाले महत्वपूर्ण मध्यावधि चुनावों से एक दिन पहले सीमित सैन्य अभियान के रूप में की गई प्रतीत होती है।

ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में केश्म और हेंगम द्वीपों तथा पास के मुख्य भूभाग के बंदर अब्बास इलाके में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।

युद्ध के पहले के हमलों के विपरीत, इन हमलों की सार्वजनिक रूप से घोषणा नहीं की गई थी।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले कहा था कि अमेरिका मध्यावधि चुनावों से पहले ईरान पर हमले नहीं करेगा। अलोकप्रिय युद्ध और इसके कारण अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों तथा अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों पर पड़े असर को रिपब्लिकन पार्टी की कमजोरी के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी संसद में अपना नियंत्रण बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।

रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला, नौ क्षेत्रों में ऊर्जा ठिकानों को बनाया निशाना, अस्पताल पर भी बरसाए बम

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया क‍ि रूस ने सोमवार रात एक बड़ा और जटिल हमला किया, जिसका मुख्य निशाना हमारी महत्वपूर्ण बुनियादी सुविधाएं थीं। खास तौर पर ऊर्जा क्षेत्र को निशाना बनाया गया, जिसमें बिजली उत्पादन केंद्र और सबस्टेशन शामिल थे। ओडेसा, चेरकसी, जाइटॉमिर, विन्नित्सिया, खार्किव, निप्रो, चेर्नित्सी, चेर्निहिव और रिव्ने क्षेत्रों में हमले किए गए।

जेलेंस्की ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर हमले की जानकारी देते हुए बताया क‍ि कई शहरों और समुदायों में आपातकालीन और बिना पूर्व सूचना के बिजली कटौती जारी है। खार्किव में रूस ने सीधे एक शहर के क्लिनिकल अस्पताल पर हमला किया। इस हमले में 73 लोग घायल हुए और अस्पताल का कार्डियोलॉजी विभाग, जहां मरीजों का इलाज चल रहा था, क्षतिग्रस्त हो गया।

उन्‍होंने बताया क‍ि जापोरिज्जिया क्षेत्र के कोमिशुवाखा में मानवीय सहायता केंद्र पर बमबारी के बाद बचाव अभियान चलाया जा रहा है। दुर्भाग्य से मृतकों की संख्या बढ़ गई है। रूस के हमलों में 29 लोगों की मौत हो चुकी है। मैं उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। पांच लोग घायल हुए हैं।

राष्‍ट्रपत‍ि ने कहा क‍ि अब भी कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। सुरक्षा स्थिति की अनुमति मिलने तक राहत और बचाव कार्य जारी रहेंगे। हालांकि, रूस की ओर से दोबारा हमले किए जाने का खतरा बना हुआ है, जैसा कि वह अक्सर करता है।

सिर्फ बीती रात ही रूस ने 289 हमला करने वाले ड्रोन, 17 बैलिस्टिक मिसाइलें और 59 क्रूज मिसाइलें दागीं। अभी भी हवाई हमले का अलर्ट जारी है और रूस की ओर से नए मिसाइल तथा ड्रोन हमलों का खतरा बना हुआ है।

जेलेंस्‍की ने कहा क‍ि यह बात बहुत महत्वपूर्ण है कि यह सब अमेरिका में कांग्रेस के चुनाव वाले दिन हो रहा है। रूस को लगता है कि अमेरिका उनकी ओर से दिए जा रहे इस संदेश को नजरअंदाज कर देगा, लेकिन ऐसे आतंक और हमलों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि इन्हें रोका जाना चाहिए।

राष्‍ट्रपत‍ि ने कहा क‍ि यूक्रेन को अपने आसमान की रक्षा करने में मदद मिलनी चाहिए, क्योंकि अगर ऐसा नहीं हुआ तो रूस अपने मिसाइल हमले कभी नहीं रोकेगा। ईमानदारी और भरोसेमंद तरीके से शांति स्थापित करने में मदद करना बेहद जरूरी है, और अमेरिका इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं जो इस रूसी हमले पर चुप नहीं रहेंगे। साथ ही उन सभी का भी आभार जो यूक्रेन की रक्षा में उसका समर्थन कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए