दुनिया

दुनिया की खबरें: चार दिन में यूक्रेन का तीसरा हमला, रूस के कब्जे वाले क्रीमिया में केर्च पुल पर रेल यातायात ठप

क्रीमिया के प्रमुख के तौर पर मॉस्को द्वारा नियुक्त सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि रातभर हुए हमले के बाद पुल पर रेल यातायात ठप हो गया। अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे थे।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

रूस और उसके कब्जे वाले क्रीमिया को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण केर्च पुल पर चार दिन के भीतर यूक्रेन के तीसरे हवाई हमले के बाद रेल यातायात ठप पड़ गया। रूस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। इससे पहले हुए हमलों के कारण सड़क यातायात भी बंद कर दिया गया था।

क्रीमिया के प्रमुख के तौर पर मॉस्को द्वारा नियुक्त सर्गेई अक्स्योनोव ने बताया कि रातभर हुए हमले के बाद पुल पर रेल यातायात ठप हो गया। अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को स्थानीय समयानुसार शाम करीब चार बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार दोपहर एक बजे) से रेल सेवा बहाल की जानी थी।

यूक्रेनी हमले ऐसे समय में किए गए प्रतीत होते हैं, जिनका उद्देश्य चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ चीन में बैठक कर रहे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को शर्मिंदा करना था। इसके साथ ही, इसका मकसद यह दिखाना भी था कि युद्ध में यूक्रेन के पास अब भी रणनीतिक बढ़त मौजूद हैं और रूस की जीत अपरिहार्य होने के दावों को कमजोर करना था।

पुतिन ने जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प लिया, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उन्होंने इस पुल को सैन्य उपकरणों या गोला-बारूद के परिवहन के लिए बंद करने का आदेश दिया है।

चीन के शेनझेन में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘हम इन हमलों का जवाब देंगे, और मैं चाहता हूं कि सभी को यह बात स्पष्ट हो।’’

केर्च पुल क्रीमिया तक सैन्य और नागरिक आपूर्ति पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। रूस ने 2014 में अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते हुए क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था। यह पुल रूस द्वारा क्रीमिया के अवैध विलय का एक प्रमुख प्रतीक है और यूक्रेन के निशाने पर रहा है।

यह हमला बृहस्पतिवार को बर्लिन में अमेरिकी प्रतिनिधियों जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ तथा यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के बीच यूरोपीय नेताओं की मौजूदगी में होने वाली बातचीत से कुछ घंटे पहले हुआ।

अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का ऐतिहासिक फैसला; म्यांमा को रोहिंग्या के नरसंहार का दोषी ठहराया

संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत ने बृहस्पतिवार को एक ऐतिहासिक फैसले में म्यांमा को 2017 के सैन्य अभियान के दौरान रोहिंग्या अल्पसंख्यक समुदाय के नरसंहार का दोषी ठहराया।

अदालत ने दक्षिणपूर्व एशियाई देश म्यांमा को हिंसा के कारण पलायन करने वाले लोगों को स्वदेश लौटने की अनुमति देने का आदेश भी दिया।

अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) के अध्यक्ष यूजी इवासावा ने कहा कि छह के मुकाबले नौ न्यायाधीशों ने बहुमत से फैसला सुनाया कि म्यांमा ने उत्तरी रखाइन प्रांत में रोहिंग्या समुदाय के खिलाफ नरसंहार किया है और इस तरह नरसंहार रोकने संबंधी संधि के तहत अपने दायित्वों का उल्लंघन किया है।

न्यायालय की 15 न्यायाधीशों की पीठ ने म्यांमा की इस दलील को खारिज कर दिया कि 2017 में चलाया गया सैन्य अभियान विद्रोहियों के खिलाफ एक वैध कार्रवाई थी। इस पीठ में प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय विधिवेत्ता नवी पिल्लई भी शामिल थीं, जिन्हें पिछले महीने नोबेल शांति पुरस्कार देने की घोषणा की गई थी।

इवासावा ने कहा, ‘‘अदालत ने पाया कि म्यांमा के सुरक्षा बलों ने हजारों रोहिंग्या नागरिकों की हत्या की, बड़े पैमाने पर यौन हिंसा की घटनाओं को अंजाम दिया, बच्चों के खिलाफ भी अत्यधिक हिंसा की और बड़ी संख्या में जान बचाकर भाग रहे रोहिंग्या लोगों पर हमले किए।’’

ऐसा पहली बार है जब अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने किसी देश को नरसंहार का दोषी ठहराया है। यह फैसला तब आया है, जब अंतरराष्ट्रीय न्यायालय गाजा संघर्ष और यूक्रेन युद्ध से जुड़े नरसंहार के आरोपों पर भी सुनवाई कर रहा है।

नरसंहार पर हुई संधि के कथित उल्लंघन को लेकर म्यांमा के खिलाफ यह मामला नवंबर 2019 में गाम्बिया ने दायर किया था।

सुनवाई के बाद माहौल भावुक था। फैसले को सुनने के लिए हजारों किलोमीटर दूर से आए कुछ रोहिंग्या समुदाय के लोगों और वकीलों ने एक-दूसरे को गले लगाया और रो पड़े।

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर प्रतिबंध 24 दिसंबर तक बढ़ाया

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर लगी पाबंदी बृहस्पतिवार को एक और महीने के लिए बढ़ाते हुए 24 दिसंबर 2026 तक प्रभावी कर दी। पाकिस्तान विमानपत्तन प्राधिकरण (पीएए) की ओर से वायुयान चालकों के लिए जारी नोटिस (नोटम) से यह जानकारी सामने आई है।

पीएए की ओर से जारी नोटम के मुताबिक, भारत में पंजीकृत सभी विमानों के साथ-साथ भारतीय विमानन कंपनियों के स्वामित्व वाले, उनकी ओर से संचालित या पट्टे पर लिए गए विमानों को भी 24 दिसंबर तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।

नोटम के अनुसार, यह प्रतिबंध भारतीय सैन्य विमानों पर भी लागू होगा।

भारत और पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में पर्यटकों को निशाना बनाकर किए गए आतंकवादी हमलों के बाद एक-दूसरे के विमानों पर अपने हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी थी। दोनों देश तब से प्रतिबंध अ‍वधि में कई बार विस्तार कर चुके हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • राम से कृष्ण तक: यूपी में बीजेपी की नई चुनावी शरणस्थली और सत्ता की जवाबदेही से बचने की राजनीति

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: जेल में अमानवीय बर्ताव का आरोप लगाते हुए बोले आजम खान- अब धर्म-जाति के नाम पर नहीं होंगे चुनाव

  • ,
  • चीन से बढ़ते व्यापार घाटे पर कांग्रेस का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, ‘मेक इन इंडिया’ बन गया है ‘इम्पोर्ट फ्रॉम चाइना’

  • ,
  • नए बीएस-VI वाहनों के लिए 3 साल, पुराने वाहनों के लिए 6 महीने हो सकती है पीयूसी वैधता, सरकार ने रखा प्रस्ताव

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार ने फिर पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स-निफ्टी में बड़ी उछाल, 1.30 लाख रुपये के नीचे फिसला सोना