
मशहूर लेखक सलमान रुश्दी पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनकी हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि घंटों की सर्जरी के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। उनकी एक आंख खराब होने का खतरा है। रुश्दी के एजेंट एंड्रयू वाइली ने बताया कि वह बोल नहीं पा रहे हैं।
सलमान रुश्दी शुक्रवार को न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम में व्याख्यान देने पहुंचे थे। व्याख्यान से पहले ही उनके ऊपर जानलेवा हमला हुआ। हमलावर ने उन्हें चाकुओं से गोद दिया। रुश्दी वहीं फर्श पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी मदद की। हमले में बुरी तरह से घायल रुश्दी को हेलीकॉप्टर के जरिए अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि उनके गर्दन और पेट में गंभीर चोट आई है।
न्यूयॉर्क पुलिस के अनुसार, संदिग्ध की पहचान न्यू जर्सी के 24 वर्षीय हादी मातर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि चौटाउक्वा में जो घटना हुई, वैसी करीब 150 साल के इतिहास में कभी नहीं हुई। पुलिस ने कहा कि हमारा काम अभी सलमान रुश्दी के परिवार के लिए एक संसाधन बने रहना है। हम इस हमले के उद्देश्य को समझने के लिए एफबीआई के साथ काम कर रहे हैं।
सलमान रुश्दी पर हुए जानलेवा हमले पर अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि सलमान रुश्दी पर हमला बेहद शर्मनाक है। हम सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। और हम इतनी तेजी से मदद करने के लिए अच्छे नागरिकों और पहले उत्तरदाताओं के आभारी हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 13 Aug 2022, 8:50 AM IST