लोकसभा चुनाव 2019

समाजवादी पार्टी ने वाराणसी से बदला उम्मीदवार, मोदी को टक्कर देने के लिए उतारा बीएसएफ में रह चुका असली चौकीदार

वाराणसी से एसपी-बीएसपी महागठबंधन ने अपना प्रत्याशी बदल दिया है। शालिनी यादव का टिकट काटकर महागठबंधन ने बीएसएफ के पूर्व जवान तेज बहादुर को अपना उम्मीदवार बनाया है। तेज बहादुर अब मोदी को बनारस में टक्कर देंगे।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

समाजवादी पार्टी (एसपी) ने वाराणसी से अपना उम्मीदवार बदल दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन ने बीएसएफ के पूर्व जवान तेज बहादुर यादव चुनावी मैदान में उतार दिया है। समाजवादी पार्टी ने पहले शालिनी यादव को बनारस लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन नामांकन के आखिरी दिन तेज बहादुर यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के तौर पर वाराणसी सीट से पर्चा दाखिल किया।

एसपी-बीएसपी-आरएलडी गठबंधन ने उन्हें आधिकारिक चुनाव चिह्न भी अलॉट कर दिया है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी तेज बहादुर को लेकर नामांकन करने पहुंचे और मीडिया को इस बात की जानकारी दी। बता दें कि शालिनी को पिछले दिनों समाजवादी पार्टी ज्वॉइन करने के कुछ घंटों बाद ही सपा ने वाराणसी से टिकट दे दिया था। वहीं तेज बहादुर यादव ने यहां से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।

वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ लड़ रहे तेजबहादुर को कई पार्टियों का समर्थन मिल रहा है। तेज बहादुर यादव पिछले कई दिनों से पीएम मोदी के खिलाफ जोरदार प्रचार कर रहे हैं। चुनाव लड़ने के लिए जाते वक्त उन्होंने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा था कि यह लड़ाई असली चौकीदार और नकली चौकीदार के बीच है।

बता दें कि तेज बहादुर यादव बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) में रहकर देश की सेवा कर चुके हैं। कुछ समय पहले वे सेना में खराब खाना मिलने की शिकायत कर चर्चा में आए थे। इसके कुछ दिनों बाद उन्हें सेना से बर्खास्त कर दिया गया था। उनका आरोप है कि उन्होंने खराब खाने की शिकायत की थी, इसीलिए उन्हें निकाला गया है। खाने की शिकायत वाला उनका वीडियो खासा वायरल हुआ था।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 29 Apr 2019, 4:03 PM IST