
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से शुक्रवार रात नौ बजे से शनिवार तक 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का अनुरोध किया
संयुक्त पुलिस आयुक्त (परिवहन रेंज) रजनीश गुप्ता ने डीएमआरसी को भेजा पत्र
दिल्ली पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए फैसला
दिल्ली पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) से शुक्रवार रात नौ बजे से शनिवार तक 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का अनुरोध किया है।
पुलिस ने इन इलाकों में ‘‘भीड़ के जुटने’’ की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (परिवहन रेंज) रजनीश गुप्ता ने बृहस्पतिवार को डीएमआरसी को भेजे पत्र में कहा कि परिस्थिति के अनुसार 10 अक्टूबर को इन स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेन के फेरे घटाए जा सकते हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर इस पाबंदी की सिफारिश की गई है।
जिन 57 स्टेशन को बंद करने की सिफारिश की गई है, उनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, आईएनए, हौज खास, आजादपुर, जामिया मिलिया इस्लामिया, शाहीन बाग, वेलकम और रोहिणी पश्चिम शामिल हैं।
वहीं मध्य दिल्ली में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 20,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया है। कॉकरोच जनता पार्टी ने भी शनिवार को कुमार के खिलाफ एक और विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है।
संसद, कनॉट प्लेस, जंतर-मंतर और अन्य संवेदनशील स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। पुलिस टीमें संभावित भीड़ जमा होने वाले स्थानों और राष्ट्रपति भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर कड़ी नजर रख रही हैं।
प्रमुख सड़कों पर तैनात करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की अतिरिक्त टुकड़ियों को बुलाया गया है। रणनीतिक बिंदुओं पर नाके और बैरिकेड लगाए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपनी यात्रा की योजना बनाते समय यातायात परामर्शों का पालन करने का आग्रह किया है, क्योंकि मध्य दिल्ली में कई सड़कों पर प्रतिबंध या उन पर मार्ग परिवर्तन लागू किए गए हैं।
पीटीआई के इनपुट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए