
कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। हिरियूर तालुक के गोरलट्टू गांव के पास नेशनल हाईवे पर गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 9 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब बेंगलुरु से गोकार्णा जा रही एक स्लीपर कोच बस सामने से आ रही तेज रफ्तार लॉरी से टकरा गई।
Published: undefined
कैसे हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि बस बेंगलुरु से यात्रियों को लेकर गोकार्णा के लिए रवाना हुई थी। तड़के करीब 2 बजे के आसपास, जब बस गोरलट्टू गांव के पास पहुंची, तभी हिरियूर से बेंगलुरु की ओर जा रही एक लॉरी अचानक सड़क के डिवाइडर को पार कर विपरीत दिशा में आ गई। देखते ही देखते लॉरी की बस से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी स्लीपर कोच को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बस के अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
Published: undefined
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बस के भीतर चीख-पुकार शुरू हो गई। कई यात्री सीटों से गिर पड़े और किसी तरह बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। एक यात्री ने बताया कि टक्कर के झटके से वह नीचे गिर गया था, लेकिन उसने शीशा तोड़कर किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका। वे बस के अंदर ही फंस गए और जलकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
Published: undefined
इस दर्दनाक हादसे में 9 यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। इसके अलावा कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए हिरियूर और चित्रदुर्ग के जिला अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
Published: undefined
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और अन्य आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह लॉरी का डिवाइडर पार कर गलत दिशा में आना बताया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined