हालात

'समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता', राहुल ने मोदी पर कसा तंज, ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग की तस्वीर की साझा

राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार होती तो भारत भी अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के साथ G3 बैठक में शामिल होता।

शेनझेन में ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात.
शेनझेन में ट्रंप-पुतिन और जिनपिंग की मुलाकात. 

  • राहुल गांधी ने डोनाल्ड ट्रंप, पुतिन और शी जिनपिंग की एक तस्वीर शेयर कर मोदी पर निशाना साधा

  • राहुल गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार होती तो भारत का प्रधानमंत्री भी इन तीनों नेताओं के साथ एक ही मेज पर बैठे होते

  • राहुल ने तंज कसते हुए कहा, समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार होती, तो भारत के प्रधानमंत्री भी इन तीनों नेताओं के साथ एक ही मेज पर बैठे होते।

राहुल गांधी ने आगे तंज कसते हुए कहा, “समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।” उनकी यह टिप्पणी तीनों देशों के नेताओं की 19 नवंबर को चीन के शेनझेन शहर में हुई बैठक के बाद आई। इस बैठक को G3 नाम दिया गया है, जो दुनिया की तीन बड़ी शक्तियों के एक साथ आने को दर्शाता है।

विदेश नीति पर भी उठाए सवाल

राहुल गांधी ने इससे पहले शिकागो यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में भारत की विदेश नीति को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि दुनिया के अहम मुद्दों पर भारत की भूमिका कमजोर हो रही है, जबकि पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में शामिल हो रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत के आकार, ताकत और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को देखते हुए उसे वैश्विक फैसलों में अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। राहुल ने गुटनिरपेक्ष आंदोलन के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की पहले दुनिया में एक अलग पहचान थी, जिसे फिर मजबूत करने की जरूरत है।

पाकिस्तान के साथ बातचीत पर राहुल ने साफ कहा कि जब तक वह भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता, तब तक उससे बातचीत नहीं होनी चाहिए।

बैठक में किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

अमेरिका, रूस और चीन की बैठक के बाद एक संयुक्त दस्तावेज जारी किया गया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र में सुधार, तेल उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने जैसे मुद्दों पर सहमति जताई गई।

तीनों देशों के नेताओं ने परमाणु हथियारों से जुड़े खतरों को कम करने, वैश्विक सुरक्षा, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और शक्ति संतुलन बनाए रखने पर भी चर्चा की। अमेरिका और रूस ने बैठक की मेजबानी के लिए चीन का आभार जताया।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • बड़ी खबर LIVE: 'कांग्रेस सत्ता में होती तो देश का PM भी वहां होता', ट्रंप-पुतिन-जिनपिंग की तस्वीर शेयर कर राहुल का मोदी पर हमला

  • ,
  • Cyclone Akvan: ओडिशा के तट पर तूफान का लैंडफॉल शुरू, 9 हजार शेल्टर तैयार, 423 रेस्क्यू टीमें तैनात, जानें बड़े अपडेट

  • ,
  • IND vs NZ: हेनरी-फिलिप्स ने छुड़ाए भारतीय गेंदबाजों के पसीने, न्यूजीलैंड ने पहली पारी में बनाए 368 रन, बुमराह ने झटके 4 विकेट

  • ,
  • सोनिया गांधी ने ग्रासा माशेल को सौंपा 2025 का इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार, साहस, करुणा और सेवा का सम्मान

  • ,
  • चक्रवाती तूफान 'अकवान' से बिहार में भी बदलेगा मौसम, भागलपुर-कटिहार में भारी बारिश का अलर्ट