हालात

एनआरसी के खौफ ने ली 90 साल के बुजुर्ग की जान, नागरिकता खोने के डर से की खुदकुशी !

एनआरसी में नाम नहीं होने पर असम में पुलिस की गिरफ्तारी के डर से 90 साल के एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि कागजात से पता चला है कि बुजुर्ग की उम्र 88 साल थी और उनका नाम 1971 के वोटर लिस्ट में भी शामिल था।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) का खौफ इस कदर लोगों के जहन पर असर कर गया है कि इसमें नाम नहीं होने कारण जेल भेजे जाने या बेदखल किये जाने के खौफ से लोग आत्मघाती कदम उठाने लगे हैं। ताजा मामला असम के कामरुप जिले का है, जहां एनआरसी में नाम नहीं होने की वजह से गिरफ्तारी के खौफ से अशरफ अली नाम के एक 90 साल के बुजुर्ग ने खुदकुशी कर ली है। उनके पास से मिले कागजात के अनुसार उनकी उम्र 90 साल थी और उनका नाम 1971 के वोटर लिस्ट में भी शामिल था।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक अशरफ अली का नाम एनआरसी के अंतिम ड्राफ्ट में था, लेकिन किसी की आपत्ति के कारण उनका नाम लिस्ट से हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि एनआरसी से नाम हटने पर अशरफ अली बेचैन रहने लगे। अशरफ अली के पड़ोसियों का दावा है कि इसी चिंता के कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली।

मृतक अशरफ अली के एक रिश्तेदार के अनुसार एनआरसी से नाम हटने पर उन्हें 23 मई को सुनवाई के लिए रंगिया जाना पड़ा। जहां सुनवाई के बाद उनका बॉयोमेट्रिक स्कैन भी हुआ। इस बीच गांव में ये अफवाह उड़ गई कि बॉयोमेट्रिक स्कैन उन लोगों का किया जाता है, जो बाहर से इस देश में आते हैं, जिससे पुलिस उनकी आसानी से पहचान कर सके। कहा जा रहा है कि ऐसी बातें सुन बुजुर्ग अशरब चिंतित और भयभीत हो गए और इसी चिंता और डर के कारण उन्होंने खुदकुशी कर ली।

रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने बताया कि अशरफ अली ने जहर के पैसे एक रिश्तेदार से लिए थे। उनके एक रिश्तेदार रहमान ने बताया कि अशरफ ने किसी के पास जाने के लिए उनसे पैसे मांगे थे, लेकिन वह वहां नहीं गए। उन्हीं पैसों से अशरब अली ने जहर खरीदा और खा लिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

बता दें कि असम के कामरुप जिले में रहने वाले अशरफ अली शनिवार (25 मई) की शाम से लापता थे। काफी खोजबीन के बाद रविवार (26 मई) को उनकी लाश सोंटोली में एक स्कूल के पास से मिली। मृतक के रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने जहां खुदकुशी की आशंका जताई, वहीं पुलिस ने आत्महत्या की बात से इनकार किया है। कामरूप पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास से किसी तरह के जहर का निशान नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • जन्मदिन विशेष: डकैत के नाम पर पड़ा था नाम, भांगड़ा को दुनिया भर में किया मशहूर, बेहद दिलचस्प है दलेर सिंह की कहानी

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: सरकारी विद्यालयों में बिना अनुमति प्रवेश, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर रोक क्यों: अशोक गहलोत

  • ,
  • खेल: गॉल टेस्ट में भारत की पकड़ मजबूत और दिव्या, तेजस्विन, गायत्री गोपीचंद को अर्जुन पुरस्कार

  • ,
  • तेजस्वी ने छात्रों के मुद्दे पर कल राजभवन मार्च का ऐलान किया, बोले- एके-47 से गोली चलाने का आदेश किसने दिया?

  • ,
  • सिनेजीवन: 18 साल की उम्र में आमिर ने किया था सनी देओल के साथ काम और 'फ्रॉम पिंक टू पावर' पैनल में शामिल होंगी तापसी