हालात

दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढही, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

दिल्ली अग्निशमन सेवा को गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे इमारत ढहने की सूचना मिली थी। घटनास्थल चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने गली शाहतारा के शीश महल इलाके में बताया गया है।

फाइल फोटो
फाइल फोटो 

पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गली शाहतारा के शीश महल में स्थित एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि इमारत के मलबे में कुछ लोग दबे हो सकते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली अग्निशमन सेवा को गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे इमारत ढहने की सूचना मिली थी। घटनास्थल चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के ठीक सामने गली शाहतारा के शीश महल इलाके में बताया गया है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल छह दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया।

निर्माणाधीन थी तीन मंजिला इमारत

अधिकारियों के अनुसार, जिस इमारत में हादसा हुआ, उसका निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक इमारत के ढहने से उसका मलबा आसपास फैल गया। हादसे के वक्त इमारत के अंदर या आसपास कुछ लोगों के मौजूद होने की आशंका है। इसी वजह से मलबे में लोगों के दबे होने की संभावना को देखते हुए बचाव अभियान तेज कर दिया गया है।

मौके पर दमकल की कई गाड़ियां और अधिकारी तैनात

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती सूचना के आधार पर छह दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बाद में अतिरिक्त दमकल गाड़ियों और अधिकारियों को भी मौके पर रवाना किया गया।

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए