
आम आदमी पार्टी के भगवंत मान आज पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आम आदमी पार्टी ने शपथ समारोह में पूरे पंजाब को आमंत्रित किया है। मान पंजाब के 25वें मुख्यमंत्री होंगे। भगवंत मान का शपथ ग्रहण समारोह शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकल कलां में होगा। जहां सारी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं। इस शपथ समारोह के लिए करीब 150 एकड़ जमीन पर खड़ी फसलों को काट कर मैदान समतल किया गया है। हालांकि आम आदमी पार्टी ने कहा है कि सरकार इसका मुआवजा देगी। शपथ समारोह दोपहर 12.30 बजे होगा। माना जा रहा है कि मान के साथ 16 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
शपथ समारोह में आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह, आप के पंजाब प्रभारी राघव चड्ढा आदि शामिल होंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, कॉमेडियन कपिल शर्मा, राजू श्रीवास्तव, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक आदि को भी न्योता भेजे जाने की खबर है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए