
असम के बाद कानपुर में ट्रेन हादसे की खबर है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बुधवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। गोरखपुर की ओर जा रही ट्रेन संख्या 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही देर बाद पटरी से उतर गए। घटना शाम करीब 5:05 बजे की है।
DCP पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया, "15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस जो अनवरगंज से चलकर गोरखपुर जंक्शन के लिए जाती है। शाम समय 05:02 पर ये ट्रेन यहां से शुरू हुई है जो प्लैटफॉर्म से निकल ही रही थी तभी इसके चार AC क्लास के कोच डिरेल हो गए हैं। रेलवे की हमारी सुरक्षा टीमें कानपुर आ रही हैं। उनके द्वारा इसकी गहनता से जांच की जाएगी... फिलहाल कोई भी बड़ी घटना नहीं हुई है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। ट्रेन भी यहां मौजूद है..."
इससे पहले असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतरने से रेल महकमे में हड़कंप मच गया। हादसा कामरूप (मेट्रो) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुआ था। ट्रेन के 6 कोच डिगारू रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतरे थे।
हादसे के बाद एक स्थानीय निवासी ने घटनास्थल का आंखों देखा हाल बताया था। उन्होंने कहा था कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी उन्हें दुर्घटना की जानकारी मिली। इसके बाद वह तुरंत घटनास्थल की ओर पहुंचे, जो डिगारू रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर की दूरी पर है।
स्थानीय निवासी के मुताबिक, जब वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने ट्रेन के छह डिब्बों को पटरी से उतरा हुआ देखा था। उन्होंने बताया था कि हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि ट्रेन का ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटना हुई हो सकती है। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी हादसे की वजह की पुष्टि नहीं की गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए